Breaking News
98 दिनों में 3600 किमी नर्मदा परिक्रमा पूरी कर लौटे श्रद्धालु का भव्य स्वागत

सादाबाद। आस्था, श्रद्धा और अदम्य संकल्प का अद्भुत उदाहरण पेश करते हुए सादाबाद के श्रद्धालु नंद किशोर बंसल ने मां नर्मदा की लगभग 3600 किलोमीटर लंबी और दुर्गम पदयात्रा (नर्मदा परिक्रमा) सफलतापूर्वक पूरी कर ली। सोमवार को उनके सादाबाद लौटने पर नगरवासियों ने उनका भव्य स्वागत कर सम्मानित किया।
नंद किशोर बंसल ने यह कठिन यात्रा महज 98 दिनों में पूरी की। उन्होंने बताया कि यह परिक्रमा मध्य प्रदेश के अमरकंटक से शुरू होकर मां नर्मदा के दोनों तटों पर पैदल चलकर पूरी की जाती है, जो धार्मिक दृष्टि से अत्यंत पवित्र और कठिन मानी जाती है। यात्रा के दौरान उन्हें कई तरह की भौगोलिक और प्राकृतिक चुनौतियों का सामना करना पड़ा, लेकिन उनकी आस्था और संकल्प ने उन्हें लगातार आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। सादाबाद पहुंचने पर श्रद्धालु नंद किशोर बंसल का बैंड-बाजों के साथ जोरदार स्वागत किया गया। पुष्पवर्षा कर उन्हें फूल-मालाओं से लाद दिया गया, जिससे पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। इस दौरान बसपा नेता डॉ. अविन शर्मा ने भी उनका माल्यार्पण कर स्वागत किया और उनकी इस आध्यात्मिक उपलब्धि की सराहना की। इस अवसर पर रमेशचंद्र बंसल, रंगेश त्यागी, जयवीर चौधरी, जितेंद्र ठाकुर, प्रमोद कौशिक, रविकांत अग्रवाल, मदन अग्रवाल, बंटीलाला, राकेश वर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

मुरसान में तीन दिवसीय आर्य समाज उत्सव का भव्य शुभारंभ

सादाबाद। मुरसान नगर स्थित आर्य समाज मंदिर में आयोजित तीन दिवसीय आर्य समाज उत्सव का रविवार को भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि समाजसेवी व रालोद नेता प्रवीण कुमार पौनियां द्वारा फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर वैदिक विधि-विधान से हवन-यज्ञ का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने आहुति देकर धर्म लाभ अर्जित किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान वातावरण मंत्रोच्चार और भक्ति भाव से गूंजता रहा। बड़ी संख्या में लोगों ने उत्सव में भाग लेकर अपनी आस्था प्रकट की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रवीन पौनियां का उपस्थित लोगों द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस मौके पर अमर सिंह, रनवीर सिंह, वीनू चौधरी और प्रदीप चौधरी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। आयोजकों ने बताया कि तीन दिवसीय उत्सव के दौरान धार्मिक कार्यक्रमों, प्रवचनों और विभिन्न सामाजिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है। उत्सव को लेकर नगर में उत्साह का माहौल बना हुआ है।

सुभाष गली में आए दिन हो रहीं आपराधिक वारदातें, लगवाए जाएं सीसीटीवी कैमरे

सादाबाद। नगर की सुभाष गली में आए दिन बढ़ रही आपराधिक घंटनाओं के मद्देनजर स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन के अधिकारियों को ट्विीट कर गली में सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाने की मांग की है। स्थानीय निवासी राहुल मित्तल एडवोकेट ने मांग करते हुए कहा कि सुभाष गली मुकेरखाना मिश्रित आबादी इलाका है। इलाके में आए दिन मारपीट व अन्य तरह की आपराधिक वारदातें आए दिन होती हैं, लिहाजा कभी भी कोई बड़ी घटना घटित हो सकती है। हाल ही के दिनों में दो से तीन मारपीट की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। उन्होने गली मौहल्ले में शांति व सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने के लिए एसपी व अन्य उच्च पुलिस अधिकारियों से गली में सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाने की मांग की है, जिससे अराजक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई हो सके।

विद्यार्थियों को बांटा वार्षिक परीक्षा परिणाम व पुरस्कार

सादाबाद। विद्या भारती के तत्वावधान में लाला किशननारायण अग्रवाल सरस्वती शिशु मंदिर में वार्षिक परीक्षा परिणाम एवं पुरस्कार वितरण समारोह सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रबंधक दाऊदयाल अग्रवाल, सदस्य अवधेश कुमार तथा अभिभावक श्यामलाल द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया गया। कार्यक्रम में प्रथम स्थान प्राप्त करने वालों में कक्षा अष्टम से आयुष तिवारी, सप्तम से पायल, पंचम से एकलव्य, चतुर्थ से लक्ष्य राजोरिया, तृतीय से तनिष्का शर्मा, द्वितीय से गौरी शर्मा, प्रथम से उत्कर्ष गौतम, यूकेजी से दर्पित, एलकेजी से तेजस चौहान तथा नर्सरी से गुनिष्का राजपूत शामिल रहे। द्वितीय स्थान पर कक्षा अष्टम से हर्षिता गौतम, सप्तम से रोहित कुमार, षष्ठ से भाव्या शर्मा, पंचम से ब्रह्मदत्त रावत, चतुर्थ से पलक गौतम, तृतीय से अंशिका चौधरी, द्वितीय से कार्तिक गौतम, प्रथम से वैष्णवी शर्मा, यूकेजी से दृश्य सोनी, एलकेजी से नेहा तथा नर्सरी से परी रहीं। तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों में कक्षा अष्टम से प्रतीक गोला, सप्तम से आशिया, षष्ठ से संध्या, पंचम से कन्हैया, चतुर्थ से आयुष अग्रवाल, तृतीय से कीर्ति, द्वितीय से दिव्यांशु, प्रथम से आयुष कुमार, यूकेजी से तृप्ति कुमारी, एलकेजी से सार्थक ओझा तथा नर्सरी से गरिमा राजपूत शामिल रहे। इस अवसर पर शिशुओं, अभिभावकों एवं आचार्य-आचार्याओं को संस्कृति बोध परियोजना के प्रमाणपत्र भी वितरित किए गए। कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रदीप कुमार, सोनू कुमार, अनिल कुमार, मुनेंद्र यादव, रीना भारद्वाज, रश्मि, कमलेश, ममता, कविता, पूजा, कविता बघेल, कन्हैया लाल वर्मा, मुन्नी देवी आदि का सराहनीय योगदान रहा।

गीगला में हुआ कुश्ती दंगल, बराबरी पर छूटी आखिरी कुश्ती

सादाबाद। क्षेत्र के गांव गीगला में रविवार को भव्य कुश्ती दंगल का आयोजन किया गया, जिसमें दूर-दराज से आए पहलवानों ने अपने दमखम और दांव-पेंच का शानदार प्रदर्शन किया। दंगल को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीणों और खेल प्रेमियों की भीड़ उमड़ी।
शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा उपाध्याय एवं बसपा नेता डॉ. अविन शर्मा ने पहलवानों के हाथ मिलवाकर किया। इसके बाद एक के बाद एक कई छोटी-बड़ी कुश्तियां हुईं, जिनमें पहलवानों ने मल्लविद्या के शानदार दांव-पेंच दिखाकर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। दंगल में आसपास के क्षेत्रों के साथ-साथ बाहरी शहरों से भी पहलवानों ने भाग लिया। मुकाबलों के दौरान कई बार दर्शकों की तालियों की गड़गड़ाहट से माहौल गूंज उठा और पहलवानों का उत्साह बढ़ता रहा। दंगल की सबसे आकर्षक और अंतिम कुश्ती 41 हजार रुपये की रही, जो कुंडोल के पहलवान खोनी और कोसी के पहलवान माखन के बीच हुई। यह मुकाबला काफी देर तक चला और बेहद रोमांचक रहा, लेकिन अंततः दोनों पहलवानों के बीच बराबरी पर छूटा, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। इस मौके पर देवेश, गुड्डू खान, योगेश, अमित, नाहर सिंह, हंवीर, लल्लू, आमिर, इकबाल खां और कपिल समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

पूर्व पीएम की प्रतिमा पर सपाइयों ने किया माल्यापर्ण, दादरी की समानता-भाईचारा रैली में हुए शामिल

सादाबाद। समाजवादी पार्टी के आह्वान पर दादरी में आयोजित समानता-भाईचारा रैली में सादाबाद क्षेत्र से बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रविवार को सहपऊ रोड स्थित सपा नेता सत्यवीर सिंह के कार्यालय से कार्यकर्ताओं का काफिला रवाना हुआ, जिसमें सैकड़ों की संख्या में वाहन शामिल रहे।
रैली में शामिल होने से पूर्व कार्यकर्ताओं ने सादाबाद में पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पार्टी के सिद्धांतों और सामाजिक समरसता के संदेश को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। इसके उपरांत सपा नेता सत्यवीर सिंह ने हरी झंडी दिखाकर वाहनों के काफिले को दादरी के लिए रवाना किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। रैली को लेकर क्षेत्र में पहले से ही तैयारियां चल रही थीं, जिसके चलते बड़ी संख्या में लोग इसमें शामिल होने पहुंचे। सत्यवीर सिंह ने बताया कि पार्टी में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ है। आगामी 2027 के चुनावों में सपा की ही प्रदेश में सरकार बनेगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष के संबोधन से कार्यकर्ताओं में जोश का संचार हुआ है। इस अवसर पर शैलेंद्र यादव, बॉबी यादव, मलिक यादव, पवन गोस्वामी, श्याम गुप्ता, वीरेंद्र यादव, सूरज चौधरी, राघवेंद्र दिवाकर, साकेत राहुल, रवि यादव, विपिन चौधरी सहित अनेक कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।

सादाबाद में कामदा एकादशी पर खाटू श्याम मंदिर में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, इत्र वर्षा व भजनों से गूंजा वातावरण

सादाबाद। नगर के बिजलीघर रोड स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर में रविवार को कामदा एकादशी का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर सुबह से लेकर देर रात तक मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती रही और पूरा वातावरण भक्ति रस में सराबोर हो गया।
मंदिर में खाटू श्याम जी का दिव्य एवं अलौकिक श्रृंगार किया गया, जिसे देखने के लिए श्रद्धालु अपलक निहारते रहे। पूरे दिन विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई और बाबा को फल, मेवा व चूरमा का भोग अर्पित किया गया। श्रद्धालुओं पर इत्र वर्षा की गई, जिससे माहौल और भी सुगंधित व भक्तिमय हो उठा। महिला श्रद्धालुओं ने ढोल-मंजीरे की थाप पर भजन-कीर्तन प्रस्तुत किए, जिससे मंदिर परिसर गूंज उठा। कई श्रद्धालुओं ने गोवर्धन महाराज की परिक्रमा कर अपनी आस्था प्रकट की। इस दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने व्रत रखकर भगवान विष्णु की पूजा-अर्चना भी की। मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष रजत अग्रवाल ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। हाथरस, अलीगढ़, आगरा सहित आसपास के कई शहरों से भी बड़ी संख्या में लोग दर्शन करने पहुंचे। इधर, बढ़ते तापमान को ध्यान में रखते हुए मंदिर में विशेष प्रबंध किए गए। कामदा एकादशी के अवसर से ही मंदिर में एयर कंडीशनर चालू कर दिए गए, जिससे श्रद्धालुओं को गर्मी से राहत मिल सके।

सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए सादाबाद सीएचसी पर लगाया गया एचवीपी का पहला टीका

सादाबाद। महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग द्वारा एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीन को लेकर जनपद स्तर पर दिए गए प्रशिक्षण के बाद शनिवार को सादाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर एचपीवी टीकाकरण का शुभारंभ किया गया। पहला टीका विनोवा नगर निवासी एक किशोरी को लगाया गया।
सीएचसी प्रभारी डॉ. दानवीर सिंह ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में होने वाले प्रमुख कैंसरों में से एक है, जिसका मुख्य कारण एचपीवी संक्रमण होता है। यह बीमारी शुरुआती अवस्था में अक्सर पहचान में नहीं आती, जिससे बाद में गंभीर रूप ले लेती है। ऐसे में एचपीवी वैक्सीन को इससे बचाव का सबसे प्रभावी उपाय माना गया है। उन्होंने बताया कि 14 वर्ष पूर्ण कर चुकी सभी किशोरियों को इस वैक्सीन से आच्छादित किया जाएगा। यह वैक्सीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है। टीकाकरण के समय लाभार्थियों को आधार कार्ड और मोबाइल नंबर साथ लाना अनिवार्य होगा, जिससे यू-विन पोर्टल पर उनका पंजीकरण और प्रविष्टि की जा सके। लाभार्थी स्वयं भी यू-विन पोर्टल के माध्यम से पंजीकरण कर टीकाकरण सत्र का चयन कर सकते हैं और प्रमाणपत्र डाउनलोड कर सकते हैं। मौके पर बीपीएम पवन कुमार, आईओ लेखपाल, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी बृजेश कुमार, विष्णु वार्ष्णेय, स्टाफ नर्स कविता दीक्षित, पवित्रा, चंचल आदि थे।

अफवाहों के बीच प्रशासन सतर्क, पेट्रोल पंप व गैस एजेंसियों का औचक निरीक्षण

सादाबाद। मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के चलते क्षेत्र में एलपीजी, पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच प्रशासन अलर्ट मोड में नजर आया। शनिवार को एसडीएम मनीष कुमार चौधरी एवं आपूर्ति निरीक्षक गौरव माहेश्वरी ने क्षेत्र के कई पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान आरआर फिलिंग स्टेशन, अग्रवाल फिलिंग स्टेशन और पारिजात फिलिंग स्टेशन पर पेट्रोल व डीजल की उपलब्धता की जांच की गई, जहां पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध पाया गया। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद उपभोक्ताओं से बातचीत कर स्थिति की जानकारी भी ली। इसके अलावा कुरसंडा मोड़ स्थित भारत गैस के गोदाम तथा मुरसान रोड स्थित भारत गैस गोदाम का भी निरीक्षण किया गया। यहां भी घरेलू गैस की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित पाई गई। एसडीएम मनीष कुमार चौधरी ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की कोई कमी नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक घबराहट से बचें। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

समानता भाईचारा रैली को लेकर सपा कार्यकर्ताओं की बैठक, 100 वाहनों का काफिला जाएगा दादरी

सादाबाद। सहपऊ रोड स्थित सपा नेता सत्यवीर सिंह के कार्यालय पर शनिवार को समाजवादी पार्टी की “समानता भाईचारा रैली” को सफल बनाने के उद्देश्य से कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। यह रैली 29 मार्च को दादरी में प्रस्तावित है। रैली के लिए गांव गांव संपर्क भी किया गया।
बैठक में रैली को सफल बनाने के लिए विस्तृत रणनीति तैयार की गई। निर्णय लिया गया कि सादाबाद विधानसभा क्षेत्र के गांव-गांव से कार्यकर्ताओं को जोड़ते हुए अधिक से अधिक संख्या में लोगों को रैली में पहुंचाया जाएगा। इसके लिए वाहनों की व्यवस्था कर कार्यकर्ताओं को संगठित रूप से ले जाया जाएगा। चौधरी सत्यवीर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि उनके नेतृत्व में सादाबाद से करीब 100 वाहनों का काफिला रविवार सुबह लगभग 7 बजे दादरी के लिए रवाना होगा। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं के लिए खाने-पीने की समुचित व्यवस्था भी की गई है, ताकि किसी को असुविधा न हो। बैठक में शैलेंद्र यादव, बॉबी यादव, मलिक यादव, पवन गोस्वामी, श्याम गुप्ता, वीरेंद्र यादव, सूरज चौधरी, राघवेंद्र दिवाकर, साकेत राहुल, रवि यादव, विपिन चौधरी सहित कई कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।

You cannot copy content of this page