Breaking News
वीडीओ भर्ती के नाम पर 20-20 लाख की ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, फर्जी नियुक्ति पत्र देकर करता था धोखाधड़ी

सादाबाद। थाना सादाबाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वीडीओ (ग्राम विकास अधिकारी) भर्ती में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी अभ्यर्थियों से लाखों रुपये लेकर फर्जी नियुक्ति पत्र थमाता था।
सीओ अमित पाठक ने बताया कि ग्राम नगला देवा (बेदई) निवासी धर्मेन्द्र सिंह ने 26 जुलाई 2025 को थाना सादाबाद में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि वर्ष 2018 में उसने अपने चार साथियों के साथ वीडीओ भर्ती के लिए आवेदन किया था। इसी दौरान आरोपीगण ने खुद को सचिवालय व उत्तर प्रदेश सहायक विकास अधिकारी से जुड़ा अधिकारी/स्टाफ बताते हुए नौकरी दिलाने का झांसा दिया। आरोपियों ने परीक्षा से पहले प्रति व्यक्ति 20 लाख रुपये “सिक्योरिटी” के नाम पर जमा कराए। पांचों अभ्यर्थियों से मोटी रकम लेने के बाद भी जब नौकरी नहीं लगी और पीड़ितों ने पैसा वापस मांगा, तो 5 जनवरी 2024 को धर्मेन्द्र को एक फर्जी नियुक्ति पत्र दे दिया गया। जांच में वह नियुक्ति पत्र पूरी तरह कूटरचित (फर्जी) निकला। सीओ ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना सादाबाद में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। थाना सादाबाद पुलिस ने आगरा पुलिस के सहयोग से मुखबिर की सूचना पर कुबेरपुर (जनपद आगरा) से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान मनोज कुमार पुत्र ज्वालाप्रसाद निवासी कुबेरपुर, थाना एत्मादपुर, जनपद आगरा के रूप में हुई है। बताया कि आरोपी के खिलाफ मु0अ0सं0 358/25 धारा 420, 467, 468, 471 भादवि के तहत मामला दर्ज है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस पूरी कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह के नेतृत्व में थाना सादाबाद पुलिस टीम ने अंजाम दिया है। सीओ का कहना है कि मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।

Unknown's avatar

Akhilesh Varshney

 akvarshney01@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page