Breaking News
98 दिनों में 3600 किमी नर्मदा परिक्रमा पूरी कर लौटे श्रद्धालु का भव्य स्वागत

सादाबाद। आस्था, श्रद्धा और अदम्य संकल्प का अद्भुत उदाहरण पेश करते हुए सादाबाद के श्रद्धालु नंद किशोर बंसल ने मां नर्मदा की लगभग 3600 किलोमीटर लंबी और दुर्गम पदयात्रा (नर्मदा परिक्रमा) सफलतापूर्वक पूरी कर ली। सोमवार को उनके सादाबाद लौटने पर नगरवासियों ने उनका भव्य स्वागत कर सम्मानित किया।
नंद किशोर बंसल ने यह कठिन यात्रा महज 98 दिनों में पूरी की। उन्होंने बताया कि यह परिक्रमा मध्य प्रदेश के अमरकंटक से शुरू होकर मां नर्मदा के दोनों तटों पर पैदल चलकर पूरी की जाती है, जो धार्मिक दृष्टि से अत्यंत पवित्र और कठिन मानी जाती है। यात्रा के दौरान उन्हें कई तरह की भौगोलिक और प्राकृतिक चुनौतियों का सामना करना पड़ा, लेकिन उनकी आस्था और संकल्प ने उन्हें लगातार आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। सादाबाद पहुंचने पर श्रद्धालु नंद किशोर बंसल का बैंड-बाजों के साथ जोरदार स्वागत किया गया। पुष्पवर्षा कर उन्हें फूल-मालाओं से लाद दिया गया, जिससे पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। इस दौरान बसपा नेता डॉ. अविन शर्मा ने भी उनका माल्यार्पण कर स्वागत किया और उनकी इस आध्यात्मिक उपलब्धि की सराहना की। इस अवसर पर रमेशचंद्र बंसल, रंगेश त्यागी, जयवीर चौधरी, जितेंद्र ठाकुर, प्रमोद कौशिक, रविकांत अग्रवाल, मदन अग्रवाल, बंटीलाला, राकेश वर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Unknown's avatar

Akhilesh Varshney

 akvarshney01@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page