Breaking News
डीएम ने हाथरस तहसील समाधान दिवस में की जनसुनवाई , 62 प्रार्थना पत्र पत्रों में से 05 शिकायतों का मौके पर निस्तारण

हाथरस । सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी अतुल वत्स ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा के साथ तहसील हाथरस में जनसुनवाई करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्णढंग से करने के निर्देश दिए।
हाथरस तहसील समाधान दिवस के मौके पर जिलाधिकारी ने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस का मुख्य उद्देश्य जनसमस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान करना है। सम्पूर्ण समाधान दिवस में जनसामान्य की शिकायतों को एक-एक कर सुनते हुए जिलाधिकारी ने शिकायत से सम्बंधित विभागीय अधिकारी को मौके पर बुला कर तत्काल निस्तारित करने अथवा भूमि विवाद/अन्य किसी विवाद की स्थिति में शिकायतकर्ता सहित सभी पक्षों की उपस्थिति में मौके का स्थलीय निरीक्षण कर निस्तारण के निर्देश दिये। सम्पूर्ण समाधान दिवस में उपस्थित फरियादियों की समस्याओं को सुनते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि फरियादियों की शिकायतों का त्वरित निस्तारण और शिकायतकर्ता की संतुष्टि ही सम्पूर्ण समाधान दिवस का मुख्य लक्ष्य है, इसमें किसी भी प्रकार लापरवाही पाये जाने व निस्तारण के अभाव में एक ही समस्या को आवेदक द्वारा बार-बार प्रस्तुत किये जाने अथवा सम्बंधित अधिकारी/कर्मचारी द्वारा ससमय संज्ञान न लेने को गम्भीरता से लेते हुए जिम्मेदार अधिकारी के विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जायेगी।
हाथरस तहसील समाधान दिवस में 62 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुये तथा 05 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रेषित कर प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारण करने के निर्देश दिए। इसके अलावा सि0राऊ तहसील में कुल 79 शिकायतों मेें से 02, तहसील सादाबाद में कुल 22 शिकायतों में से 02 शिकायतों तथा सासनी तहसील में कुल 33 शिकायतों में से 02 का मौके पर निस्तारण किया गया।

तहसील समाधान दिवस की मौके पर परियोजना निदेशक, जिला विकास अधिकारी, उप जिलाधिकारी सदर, प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला पूर्ति अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, ए0आर0 कोऑपरेटिव, एसओसी चकबंदी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी, जिला पंचायतराज अधिकारी, उपायुक्त उद्योग, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका/नगर पंचायत, खंड विकास अधिकारी आदि उपस्थित रहे।

संगठन को और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाने के लिये बढ़ायें जन सम्पर्क:डौली माहौर

सादाबाद विधानसभा क्षेत्र मुरसान राधा गार्डन में ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण अभियान के तहत कार्यक्रम सम्पन्न

हाथरस । सादाबाद विधानसभा क्षेत्र मुरसान राधा गार्डन में ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान–2026 श्रीरामवीर सिंह पौनिया की अध्यक्षता में हुआ। कार्यक्रम की मुख्य वक्ता क्षेत्रीय मंत्री डौली माहौर रही संयोजक मण्डल अध्यक्ष अरुण चौधरी रहे । वर्ग में पदाधिकारियों एवं समर्पित कार्यकर्ताओं के साथ सक्रिय सहभागिता की। इस अवसर पर कार्य क्रम की मुख्य वक्ता डौली माहौर ने कार्य विस्तार की दृष्टि पर चर्चा करते हुए कहा हमारा उद्देश्य केबल सम्पर्क ही नहीं बल्कि समाज की आवश्यकताओं को समझकर उन्हें राष्ट्र और समग्र विकास की विचार धारा से जोड़ना है एवं संगठन को और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाने, के लिए कार्यकर्ताओं की भूमिका को मजबूत करने तथा जनहित से जुड़े विषयों को प्राथमिकता देने पर विशेष रूप से विचार-विमर्श किया एवं पन्ना प्रमुख से लेकर पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों से संवाद करना आवश्यक है। इस अवसर पर वर्ग में सभी कार्यकर्ता मण्डल पदाधिकारी एवं अन्य कार्यकर्ताओ ने भाग लिया।

हनुमान जन्मोत्सव पर सादाबाद में भव्य शोभायात्रा, 19 आकर्षक झांकियों ने मोहा मन

सादाबाद। श्री सर्व समाज कल्याण समिति के बैनर तले हनुमान जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में गुरुवार की रात सादाबाद नगर में भव्य श्री हनुमान शोभायात्रा बड़े ही धूमधाम और उत्साह के साथ निकाली गई। शोभायात्रा में शामिल एक दर्जन से अधिक आकर्षक धार्मिक झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया और पूरा नगर भक्तिमय माहौल में सराबोर हो गया।
शोभायात्रा का शुभारंभ रमन रेती आश्रम के पूज्य संत श्री गोविंदानंद जी महाराज द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना कर किया गया। इसके बाद शोभायात्रा बीएस पब्लिक स्कूल, एसडीएम कोर्ट परिसर से प्रारंभ होकर विनोवा नगर चौराहा, हाथरस रोड, करबन नदी पुल और जवाहर बाजार होते हुए नगर के प्राचीन बगीची वाले हनुमान मंदिर पर पहुंचकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही। जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया गया और आरती उतारी गई। जय श्रीराम और जय बजरंगबली के जयघोष से पूरा वातावरण गूंजायमान हो उठा। शोभायात्रा में 19 भव्य एवं आकर्षक झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। इनमें हनुमान जी का रथ, भगवान श्रीराम का रथ, माता दुर्गा की झांकी, शिव बारात, कथकली नृत्य प्रस्तुति, श्रीनाथ जी एवं जगन्नाथ जी की झांकियां प्रमुख रहीं। इसके साथ ही दो बैंड, तीन डीजे और ढोल-नगाड़ों की गूंज ने पूरे नगर को भक्तिरस में डुबो दिया। कार्यक्रम के दौरान समिति अध्यक्ष कमल रावत ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। शोभायात्रा में जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा उपाध्याय, बसपा नेता डॉ. अविन शर्मा, भाजपा नेता धर्मेंद्र गौतम, प्रमोद शर्मा, पंडित अनुज शर्मा, विनीत गौतम, राहुल शर्मा, लक्ष्मीकांत शर्मा, जितेंद्र दीक्षित, जितेंद्र गौतम एडवोकेट, मोहित अग्रवाल, राहुल बंसल, अनुभव लवानिया, उमेश शर्मा, सौरभ शर्मा, गगन पराशर, किशोर पचौरी, डॉ़. यतेंद्र शर्मा, अमन गौतम, दीपू शर्मा, तनुज शर्मा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

पीएम कंपोजिट स्कूल बिजली घर स्कूल में मनाया वार्षिकोत्सव

सासनी। गांव बिजहारी के माजरा न्यू बिजलीघर कालोनी स्थित पीएम कंपोजिट स्कूल में वार्षिक उत्सव मनायागया। जिसमें लर्निंग बेस्ट मेला करियर गाइडेंस एवं विदाई समारोह का आयोजन किया गया।
शुक्रवार को कार्रक्रम का शुभारंभ खंड शिक्षा अधिकारी अखिलेश प्रताप सिंह प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष संतोष शर्मा एवं कोषाध्यक्ष यतेंद्र पाठक ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती के छबिचित्र के सामने दीप जलाकर एवं पुष्पहार अर्पित कर किया। वहीं विद्यार्थियों ने सरस्वती सरस्वती वंदना के साथ साथ विभिन्न प्रकार के रंगारंग संस्कृत कार्यक्रम प्रस्तुत किए। मुख्यातिथि ने द्वारा बच्चों द्वारा बनाए गए प्रोजेक्ट बेस्ड के अंतर्गत मॉडलों का निरीक्षण करते हुए उन्हें प्रोत्साहित कर भविष्य में इनको बेहतर बनाने के लिए प्रेरित किया। राष्ट्रीय आय आधारित योग्यता परीक्षा, भाषण प्रतियोगिता आत्मरक्षा कला से जुड़ी छात्राओं को शील्ड एवं मेडल देकर सम्मानित किया एक से आठ तक की कक्षाओं के प्रथम द्वितीय तृतीय एवं 100ः उपस्थित वाले बच्चों को शील्ड एवं मैडल देकर सम्मानित कर प्रोत्साहित किया। कार्रक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ती को भी मुख्य अतिथि ने सम्मानित किया। कार्रक्रम के अंत में प्रधानाध्यापक श्रीमती राजकुमारी उपाध्याय एवं समस्त स्टाफ ने अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित करते हुए आभार प्रकट किया। इस दौरान शिक्षक सुनीता रानी, विमल कुमार, अनिल कुमार, सतना, रणजीत सिंह, अलका सिंह, गौरव कुमार, पूनम शर्मा, नीतू सिंह, सीमा रानी, आंगनवाड़ी कार्यकत्री एवं अभिभावकगण मौजूद थे।

गुड फ्राइडे पर चर्च में हुई विशेष प्रार्थना सभा ,प्रभु यीशु के बलिदान को किया याद

हाथरस। गुड फ्राइडे के अवसर पर श्रद्धा और आस्था के साथ विशेष प्रार्थना सभाओं का आयोजन किया गया। अलीगढ़ रोड स्थित सेंट मार्क्स चर्च में मुख्य कार्यक्रम हुआ जहां बड़ी संख्या में मसीह समाज के लोग एकत्रित हुए। कार्यक्रम में पादरी नथेनियाल दास ने प्रभु यीशु मसीह के क्रूस पर दिए गए क्षमा और प्रेम के संदेश को याद दिलाया। उन्होंने कहा कि यह संदेश आज के समय में और अधिक प्रासंगिक है जब दुनिया के कई हिस्सों में तनाव और अशांति का माहौल बना हुआ है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे जीवन में क्षमा, करुणा और सहिष्णुता को अपनाएं और में समाज शांति और भाईचारे को बढ़ावा दें। इस दौरान विश्व शांति के लिए सामूहिक प्रार्थना की गई जिसमें विभिन्न देशों में चल रहे संघर्षों के समाप्त होने और मानवता में प्रेम व एकता स्थापित होने की कामना की गई। प्रार्थना सभा में चर्च की पीसी कमेटी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे और सभी ने मिलकर शाति, सद्भाव और मानवता के कल्याण की प्रार्थना की।

न्यायालय परिसर में ठंडे पानी की व्यवस्था ठप, अधिवक्ताओं ने किया विरोध

सादाबाद। गर्मियों के मौसम की शुरुआत होते ही ठंडे पानी की जरूरत महसूस होने लगी है, लेकिन स्थानीय न्यायालय परिसर में लगे नगर पंचायत के आरओ वाटर प्लांट से ठंडा पानी न मिलने पर शुक्रवार को अधिवक्ताओं का सब्र जवाब दे गया।
बताया गया कि परिसर में स्थापित आरओ वाटर प्लांट से इन दिनों ठंडा पानी नहीं आ रहा है, जिससे अधिवक्ताओं एवं वादकारियों को भीषण गर्मी में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी समस्या को लेकर आक्रोशित अधिवक्ताओं ने नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया और नगर पंचायत के संबंधित अधिकारियों से जल्द से जल्द पानी ठंडा करने वाली मशीन को चालू कराने की मांग उठाई। अधिवक्ताओं का कहना है कि न्यायालय परिसर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आते हैं, ऐसे में ठंडे पानी की उचित व्यवस्था होना बेहद आवश्यक है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस दौरान अधिवक्ता दीपक दीक्षित, आरके सिंह सिसौदिया, देवेंद्र राजपूत, केके चतुर्वेदी, नितिन पाराशर, गौरव गौड़, सोनू पहलवान, दीपक सहित अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।

बाइक सवार बदमाशों ने केला प्लांट मालिक पर हमला कर नगदी व जेवरात लूटे, हालत गंभीर

सादाबाद। अपराधियों के हौसले बुलंद होते नजर आ रहे हैं। सादाबाद के केला प्लांट मालिक से बदमाशों ने 4,04,200 रूपये की नगदी और सोने का कड़ा व अंगूठी व मोबाइल फोन लूट लिया और फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस महकमे मे हड़कंप मच गया। आनन फानन में देर रात सीओ घटना स्थल पर पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे और घटना स्थल का जायजा लिया। शुक्रवार को एएसपी ने भी घटनास्थल का मौका मुआयना किया। इस मामले में सादाबाद कोतवाली में तहरीर दी गई है।
मौहल्ला इस्लाम नगर बाईपास रोड निवासी लवकुश पुत्र रामवीर ने शुक्रवार को सादाबाद कोतवाली में तहरीर देकर अपने चाचा के साथ हुई लूट की गंभीर वारदात की जानकारी देते हुए बताया कि घटना दो अप्रैल की रात करीब 10 बजे की है। चाचा हरिओम अपने भगवती कोल्ड के सामने छाबी मियां बाग स्थित केला प्लांट से घर लौट रहे थे। तभी रास्ते में एक अज्ञात व्यक्ति ने उनकी बाइक रुकवा ली। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाते, तीन अन्य अज्ञात बदमाश मौके पर पहुंच गए। बदमाशों ने हरिओम को जमीन पर गिराकर बेरहमी से ईंट और तमंचे की बट से हमला कर दिया। हमले के बाद आरोपियों ने उनके पास मौजूद 4 लाख 4 हजार 200 रुपये की नकदी, करीब 30 ग्राम सोने का कड़ा, 8 ग्राम सोने की अंगूठी और मोबाइल फोन लूट लिया तथा मौके से फरार हो गए। घटना के बाद घायल अवस्था में हरिओम को परिजन तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सादाबाद लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए आगरा रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि हमले में उनके सिर पर गहरी चोट आई है और 18 टांके लगाए गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। क्षेत्राधिकारी (सीओ) अमित पाठक ने बताया कि मामले की तहरीर प्राप्त हो गई है और घटना की जांच के लिए टीम गठित कर दी गई है। उन्होंने कहा कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

महिला आयोग की अध्यक्षा डॉ. बबीता सिंह चौहान 04 अप्रैल को आएंगी हाथरस

हाथरस। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्षा डॉ बबीता सिंह चौहान शनिवार 4 अप्रैल 2026 को हाथरस और आगरा जनपद के भ्रमण पर रहेंगी। उनके आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जारी कार्यक्रम के अनुसार डॉ बबीता सिंह चौहान सुबह 10 बजकर 30 मिनट पर आगरा से प्रस्थान कर दोपहर 12 बजे हाथरस जिला महिला चिकित्सालय पहुँचेंगी। यहाँ वह कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम में शामिल होंगी और नियमित टीकाकरण अभियान के अंतर्गत एचपीवी वैक्सीन के शुभारंभ कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगी। महिला अस्पताल के कार्यक्रम के बाद वह दोपहर करीब 01 बजे स्थानीय गेस्ट हाउस पहुँचेंगी। इसके पश्चात वह आगरा के लिए प्रस्थान करेंगी।

श्री हनुमान जन्मोत्सव पर ग्राम दरियापुर में भव्य मेले का आयोजन, मनोहारी झांकियों रही आकर्षण

हाथरस। सासनी क्षेत्र के ग्राम दरियापुर में श्री हनुमान जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में भव्य मेले का आयोजन किया गया। मेले में सुंदर झांकियों ने सभी का मन मौह लिया। जय श्री राम ,जय बजरंगबली की गूंज से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।


मेले का शुभारंभ भण्डारवन महादेव मंदिर से मेला आयोजन समिति द्वारा विधिवत पूजा अर्चना के किया गया। मेले में श्री हनुमान जी महाराज झांकी, अधौरी झांकी, एवं रामजी की झांकी मुख्य आकर्षण का केंद्र रही।
इस अवसर पर मेला अध्यक्ष मुकुल ठाकुर, संयोजक अनुज वार्ष्णेय, क्रिस वार्ष्णेय, विकास गुप्ता, अंकुश गुप्ता, छोटू, हेमंत वार्ष्णेय, ललित कुमार उपाध्याय, बिट्टू ठाकुर ,प्रतीक वार्ष्णेय एवं समस्त ग्रामवासी भक्तगण, उपस्थित रहे। पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा की कमान सँभाले रखी थी।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव ने किया वन स्टाॅप सेन्टर का निरीक्षण

हाथरस। उ0 प्र0 राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के आदेश के अनुपालन में जनपद न्यायाधीश विनय कुमार के दिशा-निर्देशन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हाथरस के तत्वावधान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अनु चौधरी द्वारा वन स्टाॅप सेन्टर, हाथरस का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के समय वन स्टाॅप सेन्टर की संचालिका मनीषा भारद्वाज एवं अन्य समस्त स्टाॅफ उपस्थित मिला। निरीक्षण के समय छह महिलायें पीड़िता उपस्थित मिली। पीड़िता से उनकी समस्या के बारे में विस्तृत जानकारी ली तथा सम्बन्धित को पीड़िता की समस्या के निस्तारण हेतु निर्देशित किया गया। निरीक्षण के समय वन स्टाॅप सेन्टर की साफ-सफाई देखी गयी तो पाया कि साफ-सफाई पर्याप्त थी। काउंसलर के आने जाने एवं बैठने/कार्य करने की व्यवस्था से सम्बन्धित को दिशा निर्देश दिये गये। सचिव द्वारा संचालिका को निर्देशित किया गया कि जो भी पीड़ित महिलाऐं आती है तो उनकी सूचना जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हाथरस को भी उपलब्ध कराया जाना सुनिश्चित करें, जिससे उनके मामलों को प्रीलिटिगेशन स्तर पर दर्ज कर कार्यवाही की जा सके।

You cannot copy content of this page