Breaking News
अग्निहोत्री फिजियोथेरेपी सेंटर पर उत्साहपूर्वक मनाया गया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस

हाथरस। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर अग्निहोत्री फिजियोथेरेपी सेंटर में रविवार प्रातः 7:30 बजे से 9:00 बजे तक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में चिकित्सकों एवं नगर के गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ने कहा कि योग केवल एक शारीरिक अभ्यास नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, शांत मन और संतुलित जीवन का आधार है। उन्होंने सभी को नियमित योग अपनाने का संदेश देते हुए स्वस्थ जीवन के महत्वपूर्ण सूत्र बताए।
इस अवसर पर डॉ. मोहित अग्निहोत्री ने कहा कि योग खुशहाल और स्वस्थ जीवन जीने की कला है। ईश्वर की कृपा से यदि आज हम स्वस्थ हैं, तो भविष्य में भी स्वयं को निरोग बनाए रखने के लिए नियमित योग करना आवश्यक है, क्योंकि बढ़ती उम्र के साथ विभिन्न बीमारियों की संभावना बढ़ जाती है। योग इन्हें रोकने और जीवन को ऊर्जावान बनाए रखने का प्रभावी माध्यम है।
मुख्य प्रशिक्षक दिनेश गुप्ता ने सभी को योग कराये। उन्होंने सभी प्रतिभागियों ने संकल्प लिया कि वे योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाएंगे तथा स्वयं के साथ-साथ समाज को भी स्वस्थ, ऊर्जावान और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करेंगे।
इस अवसर पर डॉ. मोहित अग्निहोत्री, डॉ. नवनीत अग्रवाल, अमित भार्गव, हर्ष राघव, निहाल पाठक, पीयूष भूषण, संतोष शर्मा, अतुल बंसल, जय सोनी, योगेश शर्मा, भानु सिंह, ऋषभ एवं भावना सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री के निर्धारित कार्यक्रम की तैयारियों का जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने लिया जायजा

हाथरस। 23 जून को उत्तर प्रदेश के मा० मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के निर्धारित कार्यक्रम के दृष्टिगत मा० सांसद श्री अनूप प्रधान वाल्मीकि, मा० विधायक सदर श्रीमती अंजुला सिंह माहौर, मा० विधायक सिकंद्राराऊ वीरेन्द्र सिंह राणा, मा० विधायक सादाबाद प्रदीप कुमार, मा० जिलाध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी प्रेम सिंह कुशवाह, पुलिस उपमहानिरीक्षक प्रभाकर चौधरी, जिलाधिकारी अतुल वत्स एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने संयुक्त रूप से औद्योगिक क्षेत्र सलेमपुर, हाथरस स्थित कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी अतुल वत्स ने कार्यक्रम की तैयारियों, मंच एवं पंडाल व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, पार्किंग, यातायात व्यवस्था, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, चिकित्सा सुविधाओं तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने कार्यक्रम को सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


इस अवसर पर सांसद अनूप वाल्मीक , सिकंदराराऊ विधायक वीरेंद्र सिंह राणा ,पूर्व विधायक यशपाल सिंह चौहान ,विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारीगण आदि उपस्थित रहे।

तहसील सदर में फ्रंट ऑफिस व्यवस्था के विरोध में अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी

हाथरस। तहसील सदर में लागू की जा रही ‘फ्रंट ऑफिस’ प्रणाली के विरोध में अधिवक्ताओं, दस्तावेज लेखकों, स्टांप वेंडरों और टाइपिस्टों की अनिश्चितकालीन हड़ताल लगातार जारी है। संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले तहसील परिसर में धरना-प्रदर्शन किया जा रहा है, जिसके चलते रजिस्ट्री कार्यालय का कामकाज पूरी तरह ठप हो गया है।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि सरकार द्वारा लागू की जा रही फ्रंट ऑफिस व्यवस्था तानाशाहीपूर्ण निर्णय है। उनका आरोप है कि इस नई प्रणाली से वर्षों से रजिस्ट्री और दस्तावेज संबंधी कार्यों से जुड़े हजारों लोगों के रोजगार पर संकट खड़ा हो जाएगा। इसी को लेकर वे सरकार के खिलाफ आंदोलन कर रहे हैं और निर्णय वापस लेने की मांग कर रहे हैं।

हड़ताल के कारण तहसील परिसर की सामान्य गतिविधियां भी प्रभावित हुई हैं। रजिस्ट्री कार्यालय बंद रहने से जमीनों की खरीद-फरोख्त सहित अन्य महत्वपूर्ण कार्य बाधित हो रहे हैं, जिससे आम नागरिकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

धरने की अध्यक्षता राकेश चौधरी ने की। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने तहसील गेट तक मार्च निकालकर नारेबाजी भी की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने अपना निर्णय वापस नहीं लिया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। साथ ही स्पष्ट किया कि उनकी हड़ताल मांगें पूरी होने तक अनिश्चितकालीन जारी रहेगी।

प्रदर्शन में प्रमुख रूप से उपस्थित रहे:
सुरेश चंद देशमुख, दिनेश कुशवाहा, विजेंद्र सिंह, मदन मोहन गौड़, मनोज कुमार कातिब, हरिशंकर, अजय शर्मा, देवेश दीक्षित, रजनीश गौतम, प्रमोद कुमार, श्याम सुंदर सूर्यवंशी, वीरेंद्र कुमार देशमुख, भानु प्रताप सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता, दस्तावेज लेखक, स्टांप वेंडर और टाइपिस्ट मौजूद रहे।

सम्पूर्ण समाधान दिवस में 40 शिकायतों में से 4 का मौके पर निस्तारण

हाथरस। तहसील सदर परिसर में उपजिलाधिकारी राजबहादुर सिंह की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। समाधान दिवस में बड़ी संख्या में फरियादी अपनी विभिन्न समस्याओं और शिकायतों को लेकर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 40 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 4 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजते हुए निर्धारित समय सीमा में समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
एसडीएम राजबहादुर सिंह ने अधिकारियों से कहा कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। शासन की मंशा के अनुरूप शिकायतों का पारदर्शी, निष्पक्ष एवं त्वरित समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
इस अवसर पर तहसील परिसर में विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित शिविर भी लगाए गए। स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारियों ने नागरिकों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए उनका लाभ उठाने के लिए जागरूक किया।
कार्यक्रम में तहसीलदार लक्ष्मी नारायण बाजपेई, नायब तहसीलदार नीरज कुमार शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त जारी होने पर कलेक्ट्रेट सभागार में कार्यक्रम आयोजित

हाथरस। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा तारकेश्वर, हुगली (पश्चिम बंगाल) से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना की 23वीं किस्त जारी किए जाने के अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार, हाथरस में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि ने की तथा कार्यक्रम में विधायक सदर श्रीमती अंजुला माहौर, माव विधायक सिकंद्राराऊ वीरेंद्र सिंह राना, मावविधायक सादाबाद प्रदीप सिंह गुड्डू, जिलाध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी प्रेम सिंह कुशवाहा की गरिमामयी उपस्थिति के साथ मुख्य विकास अधिकारी, हाथरस,उप कृषि निदेशक हाथरस व अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर तारकेश्वर, हुगली (पश्चिम बंगाल) से प्रधानमंत्री जी द्वारा पीएम-किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त जारी किए जाने एवं विभिन्न विकासपरक परियोजनाओं के शुभारंभ कार्यक्रम का सजीव प्रसारण कलेक्ट्रेट सभागार में प्रदर्शित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कृषक बंधुओं ने प्रधानमंत्री जी के संबोधन को ध्यानपूर्वक सुना तथा विभिन्न योजनाओं के शुभारंभ का अवलोकन किया।


सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि ने कहा कि केंद्र सरकार किसानों के कल्याण एवं उनकी आर्थिक समृद्धि के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों को आर्थिक संबल प्रदान करने वाली एक महत्वपूर्ण योजना है, जिससे देश के करोड़ों किसानों को प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त हो रहा है। उन्होंने किसानों से सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विधायक व जनप्रतिनिधियों ने किसानों को पीएम-किसान योजना की 23वीं किस्त जारी होने पर बधाई देते हुए कहा कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने एवं कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में 10 किसान सम्मान निधि प्राप्त कर रहे किसानों को प्रमाण पत्र माननीय जनप्रतिनिधियों द्वारा वितरित किए गए ।

इस अवसर माननीय सांसद प्रतिनिधि, ब्लॉक प्रमुख हाथरस संबंधित विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में कृषक बंधु उपस्थित रहे।

दानदाताओं के नाम से स्थापित अस्पतालों की मूल पहचान एवं उद्देश्य को सुरक्षित रखा जाए ,मलखान सिंह इंटर कॉलेज, ठूलई पूर्व अध्यक्ष अमर पाल सिंह ने जिलाधिकारी को लिखा पत्र

हाथरस। हाथरस जनपद केवल व्यापार और उद्योग के लिए ही नहीं, बल्कि परोपकार एवं जनसेवा की समृद्ध परंपरा के लिए भी जाना जाता है। नगर के अनेक दानवीर परिवारों ने शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक कल्याण के लिए भूमि दान कर विद्यालयों, चिकित्सालयों एवं अन्य जनोपयोगी संस्थानों की स्थापना कराई तथा उनके संचालन हेतु आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराईं। लेकिन दानदाताओं के नाम से स्थापित अस्पतालों की मूल पहचान एवं उद्देश्य को न बदलकर उन्हें सुरक्षित रखे जाने की मांग की है।


ग्राम शेखुपुर अजीत निवासी मलखान सिंह इंटर कॉलेज, ठूलई पूर्व अध्यक्ष अमर पाल सिंह ने जिलाधिकारी को भेजे पत्र में कहा है कि हाथरस में दानवीरों के नाम पर स्थापित प्रमुख चिकित्सालयों में बागला अस्पताल (बागला परिवार), सिंगारी देवी महिला चिकित्सालय (सेकसरिया परिवार), हरि आई हॉस्पिटल तथा मटरूमल धन्नालाल क्षय चिकित्सालय (लोहिया परिवार) प्रमुख हैं। समय के साथ इनमें से कई संस्थानों की मूल पहचान समाप्त होती चली गई। बागला अस्पताल का नाम बदलकर बागला संयुक्त जिला चिकित्सालय कर दिया गया। सिंगारी देवी महिला चिकित्सालय की भूमि पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी का कार्यालय स्थापित होने से उस अस्पताल का अस्तित्व और नाम भी समाप्त हो गया। हरि आई हॉस्पिटल भी बंद हो चुका है।
अब जानकारी मिल रही है कि मटरूमल धन्नालाल क्षय चिकित्सालय के भवन का उपयोग अन्य चिकित्सा सेवाओं एवं संयुक्त जिला चिकित्सालय की व्यवस्थाओं के लिए किए जाने पर विचार किया जा रहा है। यदि ऐसा होता है तो भविष्य में इस ऐतिहासिक चिकित्सालय की मूल पहचान भी समाप्त होने की आशंका है।
लोहिया परिवार द्वारा यह भूमि विशेष रूप से क्षय रोग (टीबी) के उपचार हेतु दान की गई थी। उस समय टीबी अत्यंत गंभीर संक्रामक रोग था और रोगियों के पृथक उपचार के लिए विशेष चिकित्सालयों की आवश्यकता होती थी। मटरूमल धन्नालाल क्षय चिकित्सालय ने वर्षों तक टीबी रोगियों के उपचार, जनजागरूकता तथा राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम (NTEP) के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
टीबी एक संक्रामक रोग है, इसलिए चिकित्सा विज्ञान के अनुसार टीबी रोगियों को सामान्य रोगियों से पृथक रखना आवश्यक है। इससे संक्रमण का प्रसार रुकता है, बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं तथा कमजोर प्रतिरक्षा वाले मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित होती है और बहुऔषधि-प्रतिरोधी (MDR-TB) संक्रमण के फैलाव को भी रोका जा सकता है।
अतः शासन एवं स्वास्थ्य विभाग से अनुरोध है कि मटरूमल धन्नालाल क्षय चिकित्सालय के भवन का उपयोग केवल क्षय रोगियों के उपचार हेतु ही किया जाए। इस भवन में अन्य अस्पतालों के मरीजों अथवा स्टाफ को स्थानांतरित न किया जाए तथा दानदाता परिवार द्वारा स्थापित इस ऐतिहासिक चिकित्सालय की मूल पहचान, उद्देश्य एवं नाम को यथावत सुरक्षित रखा जाए।

23 जून को हाथरस आ सकते है मुख्यमंत्री योगी, आयुक्त ने सलेमपुर में तैयारियों का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

हाथरस । मा0 मुख्यमंत्री जी के संभावित जनपद भ्रमण कार्यक्रम के दृष्टिगत मंडलायुक्त महोदया अलीगढ़ मंडल अलीगढ़ श्रीमती संगीता सिंह ने जिलाधिकारी अतुल वत्स व पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के साथ प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल सलेमपुर पहुंचकर (औद्योगिक क्षेत्र सलेमपुर) का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया तथा आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त महोदया ने हेलीपैड स्थल, पंडाल स्थल, मंच व्यवस्था, वीआईपी एवं आमजन की बैठक व्यवस्था, मीडिया दीर्घा, पार्किंग स्थल, यातायात प्रबंधन, बैरीकेटिंग तथा प्रवेश एवं निकास मार्गों का गहन निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


निरीक्षण के दौरान आयुक्त महोदया ने कहा कि मा0 मुख्यमंत्री जी का प्रस्तावित कार्यक्रम अत्यंत महत्वपूर्ण है, ऐसे में सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए निर्धारित समयावधि में सभी तैयारियों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करें। उन्होंने निर्देशित किया कि कार्यक्रम स्थल पर आने वाले आमजन को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए बैठने की पर्याप्त व्यवस्था, छाया, पेयजल, चिकित्सा टीम एवं एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही हेरीपैड से कार्यक्रम स्थल तक सुरक्षा एवं आवागमन की सभी व्यवस्थाओं को सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए। आयुक्त महोदया ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, पार्किंग व्यवस्था, वीआईपी एवं आमजन के लिए अलग-अलग प्रवेश एवं निकास मार्ग, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि तैयारियों में किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी तथा सभी कार्य समय से पूर्ण किए जाएं।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने आयुक्त महोदया को कार्यक्रम की तैयारियों की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि सभी विभागों को उनकी जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं तथा निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार युद्धस्तर पर तैयारियां कराई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि हेलिपैड, मंच, पंडाल, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाएं, पेयजल, विद्युत आपूर्ति एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी किए जा चुके हैं। उन्होंने अवगत कराया कि कार्यक्रम में आने वाले आमजन की सुविधा सर्वाेच्च प्राथमिकता है। इसके लिए पर्याप्त बैठने की व्यवस्था, सुगम आवागमन, स्वच्छ पेयजल, चिकित्सा सहायता तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को सुनिश्चित कराया जा रहा है। उन्होंने आश्वस्त किया कि मुख्यमंत्री जी के संभावित भ्रमण को लेकर सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण कर ली जाएंगी।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0), उप जिलाधिकारी सासनी, मुख्य चिकित्साधिकारी, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी आदि उपस्थित रहे।

12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के सफल एवं भव्य आयोजन को लेकर मुख्य विकास अधिकारी ने जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम का किया निरीक्षण

हाथरस। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के सफल एवं भव्य आयोजन को लेकर मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित ने जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम, हाथरस (जिला स्तरीय कर्यक्रम) में आयोजित होने वाले योग दिवस कार्यक्रम की तैयारियों के संबंध में स्थलीय भ्रमण/निरीक्षण करने के साथ ही संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न व्यवस्थाओं की विस्तारपूर्वक चर्चा की।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने कार्यक्रम स्थल पर मंच निर्माण, प्रतिभागियों के बैठने की व्यवस्था, साउंड/माइक, पेयजल, साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था, चिकित्सा सहायता, पार्किंग, सुरक्षा, बैरिकेडिंग, यातायात प्रबंधन, प्रवेश एवं निकास मार्ग सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम में आने वाले प्रतिभागियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय से पूर्व पूर्ण कर ली जाएं।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने जनपद स्तर पर आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम अनुशासित, सुव्यवस्थित एवं गरिमामय ढंग से संपन्न होना चाहिए, जिससे अधिक से अधिक लोग योग के प्रति प्रेरित हो सकें। उन्होंने संबंधित विभागों को सौंपे गए दायित्वों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त संख्या में योग मैट, पेयजल, शौचालय एवं चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। नगर पालिका एवं संबंधित विभागों को परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान संचालित करने तथा सौंदर्यीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में मा0 जनप्रतिनिधियों/अधिकारियों/कर्मचारियों के अलावा छात्र-छात्राओं, स्वयं सहायता समूहों, स्वयंसेवी संस्थाओं, खेल संगठनों तथा आम नागरिकों की व्यापक सहभागिता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने बताया कि 21 जून को प्रातः निर्धारित समय पर सामूहिक योगाभ्यास का आयोजन किया जाएगा। इस मौके पर परियोजना निदेशक, जिला विकास अधिकारी,जिला स्पोर्ट्स अधिकारी, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक यूनानी अधिकारी आदि उपस्थित रहे।

राहुल गांधी के जन्मदिवस पर चंद्रगुप्त विक्रमादित्य ने लिया मानव सेवा का संकल्प

हाथरस। जननायक, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के जन्मदिन के अवसर पर अपना घर आश्रम, हाथरस में प्रभुओं के मध्य सादगी एवं सेवा भाव के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संयोजन जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व सचिव हरिशंकर वर्मा द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कांग्रेस के कोऑर्डिनेटर एवं पूर्व जिला अध्यक्ष चंद्रगुप्त विक्रमादित्य ने केक काटकर प्रभुओं को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं तथा अपने हाथों से केक खिलाकर भोजन प्रसादी वितरण में सेवा की।
इस अवसर पर अपने संबोधन में चंद्रगुप्त विक्रमादित्य ने कहा कि राहुल गांधी देश के युवाओं, किसानों, मजदूरों, महिलाओं और वंचित वर्गों की आवाज बनकर निरंतर संघर्ष कर रहे हैं। उनका राजनीतिक जीवन संविधान, सामाजिक न्याय, लोकतांत्रिक मूल्यों और जनसेवा के प्रति समर्पित रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता राहुल गांधी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और समाज के अंतिम व्यक्ति की सेवा के लिए प्रतिबद्ध है। सेवा, सद्भाव और मानवता ही राहुल गांधी के सार्वजनिक जीवन की सबसे बड़ी पहचान है। आज उनका जन्मदिन प्रभुओं के बीच मनाकर हम मानव सेवा के संकल्प को और अधिक मजबूत कर रहे हैं।


कार्यक्रम में अपना घर आश्रम के संस्थापक मदनलाल वार्ष्णेय, महिला कांग्रेस की शहर अध्यक्ष आमना बेगम, प्रदेश कांग्रेस कमेटी की सदस्य बीना गुप्ता एडवोकेट, वरिष्ठ उपाध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता, पंडित मुकेश कुमार शर्मा, धनीराम गुर्जर, ठाकुर ध्रुव सिंह, पन्नालाल, संजय कप्तान, ठाकुर आकाश सिंह, राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के जिला अध्यक्ष कुलदीप कुमार सिंह, कपिल नरूला, पिछड़ा वर्ग कांग्रेस के शहर अध्यक्ष विष्णु कुमार सहित अनेक कांग्रेसजन एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

21 जून पतंजलि का विशाल योग शिविर धनीपुर मंडी में ,मुख्य अतिथि होंगे महापौर प्रशांत सिंघल

अलीगढ़। पतंजलि योगपीठ संगठन अलीगढ़ द्वारा 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 21 जून का आयोजन धनीपुर मंडी जीटी रोड में किया जा रहा है । इस बार का थीम ‘योग स्वस्थ जीवन के लिए’ रहेगा। पत्रकार वार्ता में जानकारी देते हुए भारत स्वाभिमान जिला प्रभारी एडवोकेट राकेश कुमार शर्मा एवं पतंजलि योग समिति जिला प्रभारी हरिओम सूर्यवंशी ने बताया पूज्य योगऋषि स्वामी रामदेव एवं भारत के माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प से विश्व के लगभग 200 देश में 21 जून अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाया जाता है, योग भारतीय प्राचीन परंपरा एवं वैदिक संस्कृति की अमूल देन है ।


योग अभ्यास केवल व्यायाम ही नहीं अपितु स्वयं को विश्व और प्रकृति के साथ एकत्व खोजने का भाव है, योग प्रकृति के परिवर्तन के साथ से शरीर में होने वाले बदलावों को राहत देने में सहायक होता है। 21 जून धनीपुर मंडी परिसर में भव्य आयोजन की तैयारी चल रही है ।
योग साधक प्रभात फेरी निकालकर एवं गली-गली, मोहल्ले में संपर्क कर रहे हैं, जन सामान्य को योग से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जा रहा है जिससे स्वस्थ समाज का निर्माण हो सके। 21 जून के कार्यक्रम धनीपुर में अलीगढ़ के महापौर प्रशांत सिंघल मुख्य अतिथि रहेंगे।


पत्रकार वार्ता के दौरान रेशम पाल सिंह बाबा, प्रणवीर सिंह, नरेंद्र सिकरवार, संध्या सिंह, ललिता वर्मा, मनोज झा जिला प्रभारी युवा भारत, भूपेन्द्र शर्मा जिला मीडिया प्रभारी मौजूद रहे।

You cannot copy content of this page