Breaking News
हाथरस में आबकारी विभाग का विशेष प्रवर्तन अभियान, मदिरा दुकानों का निरीक्षण व वाहनों की सघन जांच

हाथरस। आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार तथा जिलाधिकारी हाथरस के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत आबकारी विभाग ने सादाबाद क्षेत्र में व्यापक जांच अभियान चलाया।
अभियान के दौरान आबकारी टीम ने सादाबाद चुंगी, जलेसर चौराहा, सादाबाद कस्बा सहित विभिन्न मदिरा दुकानों का औचक निरीक्षण कर स्टॉक का मिलान किया। साथ ही दुकानदारों को पीओएस (POS) मशीन के माध्यम से शत-प्रतिशत बिक्री सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा सादाबाद-आगरा मार्ग पर स्थित परचून दुकानों एवं ढाबा संचालकों को अपने परिसर में मदिरापान न होने देने की सख्त चेतावनी दी गई। टीम ने हाथरस-आगरा बॉर्डर स्थित बरोस टोल प्लाजा पर वाहनों की सघन तलाशी लेकर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी।
इस कार्रवाई के दौरान आबकारी निरीक्षक सादाबाद अपनी टीम के साथ मौजूद रहे। अभियान का उद्देश्य अवैध मदिरा की बिक्री एवं परिवहन पर प्रभावी रोक लगाना तथा आबकारी नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करना है।

श्रीमद्भागवत कथा का हुआ भावपूर्ण विश्राम, भव्य शोभायात्रा ने नगर को किया भक्तिमय

हाथरस। श्रीकृष्ण गौशाला, गौशाला रोड, हाथरस स्थित गौमाता, श्री गिरिराज भगवान एवं प्रातःस्मरणीय परम पूज्य पंडित श्री गया प्रसाद जी महाराज की परम पावन तपोभूमि में श्याम गंगा इंडस्ट्रीज़ एवं श्याम गंगा एंटरप्राइजेज द्वारा आयोजित सात दिवसीय संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञानयज्ञ का शुक्रवार को अत्यंत श्रद्धा, भक्ति एवं हर्षोल्लास के साथ भावपूर्ण विश्राम हुआ।
कथा के अंतिम दिवस परम पूज्य आचार्य श्री वल्लभ जी महाराज ने सुदामा चरित्र, श्रीमद्भागवत महापुराण के उपसंहार, राजा परीक्षित के मोक्ष तथा भागवत महात्म्य का अत्यंत मार्मिक एवं प्रेरणादायी वर्णन किया।

कथाव्यास ने कहा कि सुदामा चरित्र हमें सच्ची मित्रता, निष्काम प्रेम, विनम्रता और भगवान पर अटूट विश्वास का संदेश देता है। भगवान श्रीकृष्ण अपने भक्त के प्रेम के भूखे हैं, वैभव के नहीं। सुदामा जी के पास देने के लिए केवल मुट्ठीभर चिवड़ा था, किंतु भगवान ने उनके प्रेम को स्वीकार कर उनके जीवन को सुख-समृद्धि से भर दिया। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति श्रद्धा और निष्कपट भाव से भगवान का स्मरण करता है, उसके जीवन के सभी कष्ट भगवान स्वयं दूर कर देते हैं।
कथा विश्राम के उपरांत भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें भगवान श्रीकृष्ण की मनोहारी झाँकियाँ, भजन-कीर्तन एवं जयघोषों के बीच बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। शोभायात्रा ने नगर के प्रमुख मार्गों का भ्रमण किया, जिससे संपूर्ण हाथरस भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया।

कथा समापन के अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने श्रीमद्भागवत महापुराण की आरती कर विश्व के कल्याण, सुख-समृद्धि एवं सनातन धर्म की उन्नति की कामना की।

इस अवसर पर श्री गोविंद बल्लभ जी ने जानकारी देते हुए बताया कि 28 जुलाई को नई धर्मशाला, चामड़ गेट, हाथरस में सायंकाल दिव्य सत्संग का आयोजन किया जाएगा। इसके उपरांत 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति एवं वैदिक परंपरा के अनुरूप बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। उन्होंने समस्त धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से दोनों आयोजनों में सपरिवार उपस्थित होकर गुरु कृपा एवं सत्संग का पुण्य लाभ प्राप्त करने का आग्रह किया।
आज कथा मे नगर विधायक श्री मती अजुला माहोर जी कथा श्रवण करने हेतु व महाराज श्री से आशीर्वाद प्राप्त किया
इस अवसर पर गिरिराज किशोर अग्रवाल, श्री अजय अग्रवाल, श्री विष्णु अग्रवाल, श्री अमित अग्रवाल, आयुष्मान बंसल, कुशाग्र बंसल,श्रीअनुपम जी अग्रवाल, श्री अनूप अग्रवाल,श्री संजय जी शर्मा, श्री सत्य प्रकाश जी मदनावत, श्री श्याम सुंदर शर्मा (बंटी भैया), श्री अतुल अग्रवाल (हींग वाले), श्री पंकज खंडेलवाल, एवं श्री राकेश बंसल (हींग वाले) सहित समस्त व्यवस्थापक मंडल एवं हजारों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
आयोजन समिति ने सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा को सफल बनाने में सहयोग देने वाले समस्त श्रद्धालुओं, सहयोगियों, प्रशासन, मीडिया बंधुओं एवं नगरवासियों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।

गोपी गीत, महारास एवं श्रीरुक्मिणी विवाह की दिव्य कथा से भक्तिरस में सराबोर हुए श्रद्धालु

हाथरस। श्रीकृष्ण गौशाला, गौशाला रोड, हाथरस स्थित गौमाता, श्री गिरिराज भगवान एवं प्रातःस्मरणीय परम पूज्य पंडित श्री गया प्रसाद जी महाराज की परम पावन तपोभूमि में श्याम गंगा इंडस्ट्रीज़ एवं श्याम गंगा एंटरप्राइजेज द्वारा आयोजित सात दिवसीय संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञानयज्ञ के षष्ठ दिवस परम पूज्य आचार्य श्री वल्लभ जी महाराज ने गोपी गीत, महारास लीला, उद्धव-गोपी संवाद एवं भगवान श्रीकृष्ण-रुक्मिणी विवाह का अत्यंत भावपूर्ण एवं रसपूर्ण वर्णन किया।

कथाव्यास ने कहा कि गोपी गीत केवल विरह का गीत नहीं, बल्कि जीवात्मा की परमात्मा के प्रति अनन्य प्रेम और समर्पण की सर्वोच्च अभिव्यक्ति है। ब्रज की गोपियों ने अपने निष्काम, निस्वार्थ और अखंड प्रेम से यह सिद्ध कर दिया कि भगवान केवल प्रेम के वश में होते हैं।


महारास लीला का वर्णन करते हुए आचार्य श्री ने कहा कि रास पंचाध्यायी श्रीमद्भागवत का हृदय है। महारास कोई लौकिक घटना नहीं, बल्कि जीव और परमात्मा के दिव्य मिलन का प्रतीक है। भगवान श्रीकृष्ण प्रत्येक भक्त के हृदय में विराजमान होकर उसे अपनी भक्ति का आनंद प्रदान करते हैं।
इसके पश्चात उद्धव-गोपी संवाद का मार्मिक वर्णन करते हुए महाराज श्री ने कहा कि जब भगवान श्रीकृष्ण ने उद्धव जी को ब्रज भेजा, तब गोपियों की अनन्य भक्ति को देखकर उद्धव जी भी भावविभोर हो गए। उन्होंने अनुभव किया कि ज्ञान, योग और वैराग्य से भी श्रेष्ठ भगवान के चरणों में निष्काम प्रेम और भक्ति है। यही श्रीमद्भागवत का सार है।
कथा के अंतिम चरण में भगवान श्रीकृष्ण एवं माता रुक्मिणी के दिव्य विवाह का अत्यंत भव्य एवं आनंदमय वर्णन किया गया। कथा पंडाल में भगवान श्रीकृष्ण-रुक्मिणी विवाह की सुंदर झाँकी सजाई गई। मंगलगीतों, शंखनाद एवं जयघोषों के बीच श्रद्धालुओं ने विवाह उत्सव का आनंद लिया। पूरा वातावरण “राधे-राधे”, “जय श्रीकृष्ण” एवं “रुक्मिणी वल्लभ भगवान की जय” के उद्घोषों से भक्तिमय हो उठा।

श्रीकृष्ण गौशाला का कथा पंडाल एक बार पुनः श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा। कथा के दौरान उपस्थित भक्तजन भक्ति रस में सराबोर होकर भगवान की दिव्य लीलाओं का आनंद लेते रहे।
इस अवसर पर आयोजन समिति के श्री गोविंद बल्लभ जी ने बताया कि गुरुवार, 24 जुलाई को कथा के अंतिम दिवस सुदामा चरित्र, परीक्षित मोक्ष, श्रीमद्भागवत महापुराण की विदाई, श्रीशुकदेव पूजन किया जाएगा।

इस अवसर पर श्री गोविंद बल्लभ, श्री अजय अग्रवाल, श्री विष्णु अग्रवाल, श्री अमित अग्रवाल, आयुष्मान बंसल, कुशाग्र बंसल, तजवंत कालरा जी, उमाशंकर जैन,अनूप जैन,अमित जैन,गगन जैन,यतीश जैन, हिमांशु जैन, श्री अनूप अग्रवाल, श्री श्याम सुंदर शर्मा (बंटी भैया), श्री अतुल अग्रवाल (हींग वाले), श्री पंकज खंडेलवाल, एवं श्री राकेश बंसल (हींग वाले) सहित समस्त व्यवस्थापक मंडल एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

चन्द्रगुप्त विक्रमादित्य का धरना लगातार जारी: हाउस अरेस्ट हटाने की मांग, तिलक-आजाद जयंती पर नमन, साहित्यकारों के ओजस्वी काव्य पाठ से गूंजा धरना स्थल, व्यापार फेडरेशन ने दिया समर्थन

पुलिस अधीक्षक को पत्र, अपर पुलिस अधीक्षक से फोन पर वार्ता
हाथरस। कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष एवं ब्रज कला केंद्र के अध्यक्ष चन्द्रगुप्त विक्रमादित्य को पुलिस प्रशासन द्वारा लगातार हाउस अरेस्ट किए जाने के विरोध में उनके कैंप कार्यालय पर जारी धरना सोमवार को भी जारी रहा। सुबह चन्द्रगुप्त विक्रमादित्य ने पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखकर तथा अपर पुलिस अधीक्षक से फोन पर वार्ता कर पुलिस की नजरबंदी तत्काल हटाने की मांग की।
इस दौरान उन्होंने कहा कि, “लोकतांत्रिक देश में किसी नागरिक को बिना किसी वैधानिक आदेश के घर में रोककर रखना संविधान की मूल भावना के विरुद्ध है। यदि हमने कोई अपराध किया है तो विधि सम्मत कार्रवाई की जाए, अन्यथा हमारी अवैध नजरबंदी तत्काल समाप्त की जाए। शांतिपूर्ण विरोध और अपनी बात कहना हमारा संवैधानिक अधिकार है, जिसे किसी भी कीमत पर कुचला नहीं जा सकता।”
व्यापार फेडरेशन ने जताया समर्थन
धरना स्थल पर व्यापार फेडरेशन के अध्यक्ष सुरेश अग्रवाल पहुंचे और चन्द्रगुप्त विक्रमादित्य के आंदोलन को अपना समर्थन दिया। उन्होंने दिल्ली में छात्रों पर हो रहे अत्याचार एवं दमनात्मक कार्रवाई की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में छात्रों की आवाज को दबाना उचित नहीं है।
बाल गंगाधर तिलक एवं चंद्रशेखर आजाद को दी श्रद्धांजलि
शाम को धरना स्थल पर ब्रज कला केंद्र एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक एवं अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की जयंती पर नमन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ कांग्रेसी जयशंकर पाराशर ने की तथा संचालन कवि दीपक रफी ने किया।
कवियों ने ओजस्वी काव्य पाठ से भरा जोश
वरिष्ठ आशु कवि अनिल बौहर एवं श्याम बाबू चिंतन ने काव्य पाठ करते हुए कहा कि,
“जो सत्ता से सच कहने का साहस रखते हैं, इतिहास उन्हीं के संघर्ष को याद रखता है। छात्रों की आवाज को दबाया नहीं जा सकता, कलम और जनशक्ति अंततः अन्याय पर विजय प्राप्त करेगी।”
कवि गाफिल स्वामी एवं वासुदेव उपाध्याय ने अपने काव्य पाठ में कहा कि,
“जेलों और नजरबंदियों से विचारों को कैद नहीं किया जा सकता। जब-जब अन्याय बढ़ा है, तब-तब जनआंदोलन और साहित्य ने मिलकर परिवर्तन की मशाल जलाई है।”
वरिष्ठ साहित्यकार रोशनलाल वर्मा एवं प्रभुदयाल दीक्षित ‘प्रभु’ ने काव्य पाठ करते हुए कहा कि,
“लोकतंत्र में सत्ता की असली ताकत जनता का विश्वास है, भय नहीं। संविधान की रक्षा और युवाओं के भविष्य के लिए संघर्ष करने वालों के साथ समाज का हर वर्ग खड़ा रहेगा।”
ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में पंडित ऋषि कुमार कौशिक, हरिशंकर वर्मा, गिरिराज सिंह गहलोत, रचित शर्मा, मोहम्मद तौसीफ पचौरी, संतोष उपाध्याय, पीयूष अग्निहोत्री, राजू कुमार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन, साहित्यकार एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
समापन:
धरना स्थल पर उपस्थित सभी वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि जब तक लोकतांत्रिक अधिकारों का सम्मान करते हुए हाउस अरेस्ट समाप्त नहीं किया जाता और छात्रों के साथ हो रहे अन्याय पर सरकार जवाब नहीं देती, तब तक शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक संघर्ष जारी रहेगा।

सावन कृपाल रूहानी मिशन ने निकाली आध्यात्मिक चेतना यात्रा

हाथरस। सावन कृपाल रूहानी मिशन की शाखा हाथरस द्वारा सातवीं बार हाथरस जनपद में आध्यात्मिक चेतना यात्रा निकाली गयी। यात्रा का शुभारंभ हाथरस सदर तहसील के उप जिलाधिकारी महोदय श्री राम बहादुर सिंह एवं शाखा हाथरस के अध्यक्ष श्री निरंजन लाल अग्रवाल द्वारा संयुक्त रूप से मिशन के प्रमुख व विश्व आध्यात्मिक सतगुरु संत राजिंदर सिंह जी महाराज के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर व पुष्प अर्पित कर किया गया। साथ ही साथ उप जिलाधिकारी महोदय व शाखा हाथरस के अध्यक्ष श्री निरंजन लाल अग्रवाल द्वारा शांति के प्रतीक सफेद कबूतर व गुब्बारे उड़ाकर चेतना यात्रा का शुभारंभ किया ला गया।


शाखा के अध्यक्ष श्री निरंजन अग्रवाल द्वारा उप जिलाधिकारी महोदय के गले में पटका पहनाकर व प्रतीक चिन्ह भेंट कर स्वागत व सम्मान किया गया।
यात्रा का प्रमुख उद्देश्य आम जन मानस को अध्यात्म जीवन के वास्तविक मूल्यों के प्रति प्रेरित करना व समस्त मानव जाति को आपस में मिलजुलकर प्रेम व सद्भाव पूर्वक एक दूसरे की सेवा करते हुए जीवन जीने की सीख देना रहा। आज की इस चेतना यात्रा में देश के कोने-कोने से जैसे खुर्जा, बुलंदशहर, भरतपुर ,आगरा, शमशाबाद, मथुरा, बसेरी चाहर, वैलाना ,भरतपुर, अलीगढ़, वीर नगर, पिछोंती, बिलखोरा, जहांगीराबाद, ताजपुर, जेवर, टप्पल, दिल्ली, दनकौर, सिकंदराबाद आदि प्रमुख शहरों से आई हजारों की संख्या में भाई बहनों ने हिस्सा लिया।
चेतना यात्रा का मुख्य आकर्षण संत राजिंदर सिंह जी महाराज का फूलों से सजा बहुत ही आकर्षक व मनमोहक डोला व साथ ही साथ लाइनों में चल रहीं हाथों में आध्यात्मिक प्रेम व शांति के संदेश लिखी हुई तख़्तियाँ माताएं बहनें रहे।
आज की इस विशाल यात्रा को दिव्यता व भव्यता से सफल बनाने में हाथरस शाखा के साथ साथ मिशन विभिन्न शाखाओं की प्रबंध समितिओं के सदस्यों व सैकड़ों की संख्या में मिशन कर्मठ व जुझारू सेवादारों का अत्यंत अमूल्य सहयोग रहा।

भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता और मजबूत बूथ संगठन :चौधरी ऋषिपाल सिंह ,भाजपा का सादाबाद विधानसभा बूथ अध्यक्ष सम्मेलन आयोजित

हाथरस। उत्सव गार्डन सादाबाद में भारतीय जनता पार्टी के सादाबाद विधानसभा बूथ अध्यक्ष सम्मेलन का आयोजन किया गया । सम्मेलन की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाहा ने की जबकि मुख्य अतिथि चौधरी ऋषिपाल सिंह माननीय विधायक विधान परिषद रहे, जिला अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने का आह्वान किया वहीं मुख्य अतिथि चौधरी ऋषिपाल सिंह जी ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता और मजबूत बूथ संगठन है अंत में कार्यक्रम जिला सहसंयोजक एवं जिला उपाध्यक्ष सुनील गौतम जी ने सभी अतिथियों वरिष्ठ पदाधिकारी शक्ति केंद्र संयोजक एवं सभी सम्मानित बूथ अध्यक्षों सहित सभी कार्यकर्ता का आभार व्यक्त किया।

सादाबाद विधायक प्रदीप चौधरी जी ने सम्मेलन को संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण बताते हुए का कहा के बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए सभी कार्यकर्ता मिलकर कार्य करेंगे सम्मेलन का समापन संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के लिए संकल्प के साथ समापन हुआ कार्यक्रम का संचालन जिला कार्यालय मंत्री श्री राधे श्याम पागल जी ने किया
कार्यक्रम में सादाबाद विधायक प्रदीप चौधरी ब्लॉक प्रमुख मुरसान रामेश्वर उपाध्याय बृजेश चौहान सांसद प्रतिनिधि राजेश गुड्डू ब्लॉक प्रमुख सहपऊ रामकिशन प्रीति चौधरी हर स्वरूप वर्मा राजेंद्र चौधरी पूर्व जिला अध्यक्ष महेंद्र सिंह आचार्य चेयरमैन प्रतिनिधि राधा रमन अग्रवाल विधानसभा संयोजक जगवेंद्र प्रधान मंडल अध्यक्ष अंकुश गॉड लक्ष्मण प्रधान अरुण चौधरी संदीप सिसोदिया मंडल महामंत्री चरन सिंह सागर राजकुमार प्रधान फाल सिंह चौधरी राजेंद्र सिंह धाकरे रंजीतसिंह सिकरवार गिरीश शर्मा कप्तान सिंह ठेनुआ रवि कुशवाहा विजय बघेल जयदेव चौधरी ओमवीर प्रधान पवन चौधरी सैकड़ो वरिष्ठ पदाधिकारी शक्ति केंद्र संयोजक एवं बूथ अध्यक्ष उपस्थित रहे

खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा लागये जाएंगे जागरूकता शिविर,मिलेगी योजनाओं की जानकारी

हाथरस। जिला ग्रामोद्योग अधिकारी ने सर्वसाधारण को सूचित किया है कि वित्तीय वर्ष 2026-27 हेतु उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा संचालित योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जनपद में जागरूकता शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इन जागरूकता शिविरों के माध्यम से प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (पीएमईजीपी) सहित बोर्ड द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की जाएगी।
जिला ग्रामोद्योग अधिकारी ने बताया कि जनपद में जागरूकता शिविरों का आयोजन क्रमशः 01 अगस्त 2026 को तहसील सासनी, 17 अगस्त 2026 को तहसील हाथरस तथा 05 सितम्बर 2026 को तहसील सिकंदराराऊ में अपरान्हः 12ः00 बजे से किया जाएगा।

जयंती पर वीर क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद को किया याद, राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा के पदाधिकारियों ने राष्ट्रहित में कार्य करने का लिया संकल्प

हाथरस,। राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा (R.A.M.) पार्टी, हाथरस द्वारा वीर क्रांतिकारी अमर शहीद पंडित चंद्रशेखर आजाद की जयंती के अवसर पर आगरा रोड स्थित शहीद पार्क में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके आदर्शों पर चलने और राष्ट्रहित में कार्य करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर पूर्व विस्तारक संजीव गोयल ने कहा कि पंडित चंद्रशेखर आजाद का जीवन राष्ट्रभक्ति, स्वाभिमान और बलिदान की सर्वोच्च मिसाल है। उन्होंने कहा कि आज देश के प्रत्येक युवा को उनके साहस, त्याग और राष्ट्र प्रथम की भावना को अपने जीवन में अपनाने की आवश्यकता है। राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा सदैव राष्ट्रहित, सामाजिक न्याय और जनअधिकारों के लिए संघर्ष करता रहेगा तथा शहीदों के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेगा।


जिला महासचिव/प्रभारी निशांत उपाध्याय ने कहा कि चंद्रशेखर आजाद का जीवन राष्ट्रभक्ति, त्याग और अदम्य साहस का प्रतीक है। युवाओं को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
जिला सचिव प्रदीप शर्मा ने कहा कि देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले महान क्रांतिकारियों का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। हमें उनके बताए मार्ग पर चलते हुए समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए।


जिला उपाध्यक्ष पूनम शर्मा ने कहा कि चंद्रशेखर आजाद का संघर्ष अन्याय और अत्याचार के विरुद्ध डटकर खड़े होने की प्रेरणा देता है। महिलाओं और युवाओं को भी उनके आदर्शों को अपनाकर सशक्त एवं जागरूक भारत के निर्माण में योगदान देना चाहिए।
कार्यक्रम का समापन “भारत माता की जय” तथा “अमर शहीद पंडित चंद्रशेखर आजाद अमर रहें” के नारों के साथ हुआ।
इस अवसर पर जिला महासचिव/प्रभारी निशांत उपाध्याय, जिला उपाध्यक्ष दीनदयाल शर्मा (दीनू पंडित), पूनम शर्मा, सौरभ पराशर, जिला सचिव प्रदीप शर्मा, महिला मोर्चा जिला उपाध्यक्ष कुमकुम चौहान, नगर अध्यक्ष महिला मोर्चा गुड़िया चौधरी, जिला कार्यकारिणी सदस्य जय नारायण शर्मा, जिला उपाध्यक्ष व्यापार प्रकोष्ठ राम कुमार वर्मा, संजीव गोयल सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

भारत विकास परिषद संस्कार शाखा ने किया 50 पौधों का वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

हाथरस। भारत विकास परिषद संस्कार शाखा हाथरस द्वारा पर्यावरण गतिविधि के अंतर्गत पुराना मिल पार्क में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर लगभग 50 पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित वातावरण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का नेतृत्व शाखा के पर्यावरण गतिविधि प्रमुख श्री कृष्ण कुमार अग्रवाल (गारमेंट वाले) ने किया। इस अवसर पर श्री राकेश वाष्णेय की विशेष उपस्थिति रही। उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए अधिक से अधिक वृक्ष लगाना और उनका संरक्षण करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।


कार्यक्रम में एपैक्स सदस्य दुर्गेश गुप्ता, शाखा अध्यक्ष कमलेश जैन, प्रांतीय संगठन सचिव मनोज अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष गोपाल राठी, सौरभ अग्रवाल, जस मित्तल तथा मातृशक्ति से श्रीमती अनुपम गुप्ता, मेघा राठी, शालिनी अग्रवाल सहित अनेक सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
वृक्षारोपण के उपरांत मनोज अग्रवाल (राया वाले) द्वारा सभी उपस्थितजनों के लिए स्वास्थ्यवर्धक एवं पौष्टिक जलपान की उत्कृष्ट व्यवस्था की गई। कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ हुआ।

हाथरस में एमडीएम और दूध वितरण में लापरवाही उजागर, 81 स्कूलों के निरीक्षण में 6 विद्यालयों में मिलीं खामियां


हाथरस। जनपद के परिषदीय विद्यालयों में एमडीएम (मिड-डे मील) एवं दूध वितरण की गुणवत्ता की जांच के लिए बुधवार को विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया। मुख्य विकास अधिकारी के निर्देश पर 20 अधिकारियों की टीम ने जिले के 81 विद्यालयों का निरीक्षण कर एमडीएम की गुणवत्ता और दूध वितरण का सत्यापन किया। निरीक्षण के दौरान 6 विद्यालयों में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं, जिनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
निरीक्षण में पाया गया कि सादाबाद ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय कुकरई और नगला चौधरी, सिकराऊ ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय बाजीदपुर, उच्च प्राथमिक विद्यालय बाजीदपुर तथा प्राथमिक विद्यालय बारसऊ में विद्यार्थियों को दूध का वितरण नहीं किया गया। वहीं हसायन ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय नगला भिया में एमडीएम की गुणवत्ता खराब पाई गई।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रणवीर सिंह ने स्पष्ट किया कि जिन विद्यालयों में निरीक्षण के दौरान लापरवाही और अनियमितताएं मिली हैं, उनके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी विद्यालयों में एमडीएम एवं दूध वितरण की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा नियमित निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे।

You cannot copy content of this page