हाथरस में एमडीएम और दूध वितरण में लापरवाही उजागर, 81 स्कूलों के निरीक्षण में 6 विद्यालयों में मिलीं खामियां
हाथरस। जनपद के परिषदीय विद्यालयों में एमडीएम (मिड-डे मील) एवं दूध वितरण की गुणवत्ता की जांच के लिए बुधवार को विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया। मुख्य विकास अधिकारी के निर्देश पर 20 अधिकारियों की टीम ने जिले के 81 विद्यालयों का निरीक्षण कर एमडीएम की गुणवत्ता और दूध वितरण का सत्यापन किया। निरीक्षण के दौरान 6 विद्यालयों में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं, जिनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
निरीक्षण में पाया गया कि सादाबाद ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय कुकरई और नगला चौधरी, सिकराऊ ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय बाजीदपुर, उच्च प्राथमिक विद्यालय बाजीदपुर तथा प्राथमिक विद्यालय बारसऊ में विद्यार्थियों को दूध का वितरण नहीं किया गया। वहीं हसायन ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय नगला भिया में एमडीएम की गुणवत्ता खराब पाई गई।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रणवीर सिंह ने स्पष्ट किया कि जिन विद्यालयों में निरीक्षण के दौरान लापरवाही और अनियमितताएं मिली हैं, उनके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी विद्यालयों में एमडीएम एवं दूध वितरण की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा नियमित निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे।

