हाथरस में आबकारी विभाग का विशेष प्रवर्तन अभियान, मदिरा दुकानों का निरीक्षण व वाहनों की सघन जांच
हाथरस। आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार तथा जिलाधिकारी हाथरस के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत आबकारी विभाग ने सादाबाद क्षेत्र में व्यापक जांच अभियान चलाया।
अभियान के दौरान आबकारी टीम ने सादाबाद चुंगी, जलेसर चौराहा, सादाबाद कस्बा सहित विभिन्न मदिरा दुकानों का औचक निरीक्षण कर स्टॉक का मिलान किया। साथ ही दुकानदारों को पीओएस (POS) मशीन के माध्यम से शत-प्रतिशत बिक्री सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा सादाबाद-आगरा मार्ग पर स्थित परचून दुकानों एवं ढाबा संचालकों को अपने परिसर में मदिरापान न होने देने की सख्त चेतावनी दी गई। टीम ने हाथरस-आगरा बॉर्डर स्थित बरोस टोल प्लाजा पर वाहनों की सघन तलाशी लेकर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी।
इस कार्रवाई के दौरान आबकारी निरीक्षक सादाबाद अपनी टीम के साथ मौजूद रहे। अभियान का उद्देश्य अवैध मदिरा की बिक्री एवं परिवहन पर प्रभावी रोक लगाना तथा आबकारी नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करना है।

