Breaking News
₹25 हजार का इनामी शानू पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, दोनों पैरों में लगी गोली; तमंचा और बाइक बरामद

हाथरस। कैलाश ढाबे के सामने हुई चर्चित फायरिंग कांड के एक और आरोपी को हाथरस पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। ₹25 हजार के इनामी आरोपी शानू को एसओजी, थाना हाथरस जंक्शन और थाना हाथरस गेट पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दयानतपुर नहर के पास हुई मुठभेड़ के दौरान जवाबी फायरिंग में दोनों पैरों में गोली लगी। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार, 18 जून 2026 को थाना हाथरस गेट क्षेत्र स्थित कैलाश ढाबे के पास छोटू राणा, शानू और उनके साथियों के बीच फायरिंग हुई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने चार पुलिस टीमों का गठन किया था तथा छह आरोपियों पर ₹25-25 हजार का इनाम घोषित किया गया था।
इससे पहले 3 जुलाई को इसी मामले में इनामी आरोपी मोना ठाकुर को भी पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। शानू की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की, जहां आरोपी ने भागने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार, आत्मरक्षा में की गई जवाबी फायरिंग में शानू घायल हो गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस तथा बिना नंबर की एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक, शानू निवासी गंगचौली, थाना हाथरस जंक्शन के विरुद्ध मारपीट, एससी/एसटी एक्ट सहित कई गंभीर मामलों में पहले से मुकदमे दर्ज हैं। मामले में थाना हाथरस गेट पुलिस द्वारा अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

आर्य समाज मुरसान द्वार पर वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान में हुआ भव्य कार्यक्रम

हाथरस। आर्य समाज मुरसान द्वार पर रविवार को आचार्य श्री दिनेश अग्निहोत्री पुरोहित के सान्निध्य में प्रातः वैदिक हवन-यज्ञ, प्रवचन एवं विधुर, विधवा, वरिष्ठ नागरिकों तथा असहाय लोगों का मनोबल बढ़ाने और उनके जीवन में मुस्कान लाने के उद्देश्य से एक भव्य एवं दिव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता आशु कवि बौहरे श्री अनिल शर्मा (तंबाकू वाले) ने की, जबकि मुख्य अतिथि श्री नन्नूमल जी (सुपारी वाले) रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन श्री राजीव आर्य ने किया।


कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि समाज के वरिष्ठ नागरिकों, विधुरों, विधवाओं एवं असहाय लोगों के साथ प्रेम, सम्मान और अपनत्व के कुछ पल बिताना ही सच्ची मानव सेवा है। भारतीय संस्कृति, वैदिक ज्ञान और सामाजिक समरसता के मूल्यों को आगे बढ़ाते हुए एकाकी जीवन जी रहे वरिष्ठ नागरिकों को मानसिक संबल प्रदान करने तथा उनके सुख-दुःख में सहभागी बनने का संकल्प लिया गया। वक्ताओं ने कहा कि यदि किसी के चेहरे पर मुस्कान लाई जा सके, तो इससे बड़ा पुण्य और जीवन का कोई श्रेष्ठ उद्देश्य नहीं हो सकता।
इस अवसर पर आचार्य श्री दिनेश अग्निहोत्री पुरोहित, श्री नन्नूमल गुप्ता, राजीव आर्य, दिनेश आर्य, अनिल वैष्णेय (तैलवाले), महेशचंद्र आर्य (मेड़ू वाले), सुरेश अग्रवाल (व्यापार मंडल), तुलाराम सुमन, संजीव सिंघल, बॉबी लाला, शिवशंकर गुलाटी, गौसेवक आकाश वर्मा, डॉ. गोपाल वैष्णेय (सर्राफ), हरिओम वर्मा (बैंक वाले), सत्येंद्र सिंह, विजय कुमारी आर्या, पदम कुमार वर्मा, गोविंद पचौरी, सुनील वैष्णेय, संजय सिंह, भवतेन्द्र सिंह, नितिन माहेश्वरी, सखी सीमा अग्रवाल, मंजू आर्य, मनोज आर्य, उपभोक्ता कल्याण परिषद समिति के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश सिसोदिया, जिलाध्यक्ष रनसिंह सिसोदिया, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सरिता कौशिक, अनिल अग्रवाल, सेवा भारती के वेद प्रकाश सिंह, शैलेंद्र शर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिकों एवं समाजसेवियों ने सहभागिता कर कार्यक्रम को सफल बनाया।
कार्यक्रम के अंत में सुरेश अग्रवाल ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया तथा कार्यक्रम का समापन हुआ।

परमार्थ सेवा समिति की शोकसभा में दिवंगत मंजू गुप्ता को दी गई श्रद्धांजलि

हाथरस। रविवार को बागला कॉलेज रोड स्थित परमार्थ सेवा समिति (रजि.) अन्न क्षेत्र, गांधी पार्क, हाथरस के कार्यालय पर संस्था के अध्यक्ष पंडित शीलेंद्र कुमार शर्मा की अध्यक्षता में शोकसभा आयोजित की गई। शोकसभा में संस्था के कोषाध्यक्ष रमेश चंद गुप्ता की धर्मपत्नी श्रीमती मंजू गुप्ता के निधन पर सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने गहरा शोक व्यक्त किया।
इस दौरान उपस्थित सभी लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही ईश्वर से प्रार्थना की कि वे दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
संस्था के पदाधिकारियों ने कहा कि यह दुःख केवल रमेश चंद गुप्ता के परिवार का नहीं, बल्कि परमार्थ सेवा समिति के पूरे परिवार का है। संस्था इस कठिन समय में उनके साथ पूरी संवेदना और सहयोग के साथ खड़ी है।


शोकसभा में प्रमुख रूप से मदन मोहन गौड़, संजीव अंधीवाल, मुरारी लाल पचौरी, पंडित शीलेंद्र कुमार शर्मा, विकास चंद अग्रवाल (विक्की), राजीव कौशिक, मनोज कुमार अग्रवाल, रामजी लाल कुशवाह, बालकिशन, रामलाल यादव सहित संस्था के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

पुलिस अधीक्षक ने किया थाना सादाबाद व थाना चन्दपा का किया गया औचक निरीक्षण

हाथरस। पुलिस अधीक्षक हाथरस श्री चिरंजीव नाथ सिन्हा द्वारा थाना सादाबाद व थाना चन्दपा का औचक निरीक्षण किया गया । सर्वप्रथम पुलिस अधीक्षक महोदय के आगमन पर गार्द द्वारा सलामी दी गई । निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी सादाबाद श्री जे0एन0 अस्थाना, क्षेत्राधिकारी नगर श्री हिमांशु माथुर, प्रभारी निरीक्षक सादाबाद श्री विजय सिंह, थानाध्यक्ष चंदपा श्री योगेश कुमार आदि अधिकारी/कर्मचारीगण मौजूद रहे । थाना सादाबाद व थाना चन्दपा पर सलामी में लगी गार्द द्वारा महोदय को सलामी दी गयी । तत्पश्चात महोदय द्वारा थाना कार्यालय, कम्प्यूटर कक्ष, हवालात, मालखाना, महिला हेल्प डेस्क, मैस, थाना परिसर आदि का निरीक्षण किया गया । निरीक्षण के दौरान महोदय द्वारा थाना कार्यालय के विभिन्न अभिलेखो/रजिस्टरों को चौक किया एवं अभिलेखों के रखरखाव की स्थिति देखी गई तथा अभिलेखों को अध्यावधिक करने एवं उचित रखरखाव के सम्बन्ध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये । महोदय द्वारा थाना परिसर में बने महिला हेल्प डेस्क का निरीक्षण किया गया तथा महिला हेल्प डेस्क पर बने रजिस्टर का अवलोकन किया गया एवं ड्यूटीरत महिला आरक्षी एवं प्रभारी निरीक्षक को आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये

राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती रेनू गौड़ ने किया जवाहर नवोदय विद्यालय का निरीक्षण

हाथरस। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती रेनू गौड़ ने विद्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों से आत्मीय संवाद कर उनकी शैक्षणिक प्रगति, स्वास्थ्य, दैनिक दिनचर्या तथा उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। साथ ही विद्यालय की शैक्षिक व्यवस्था, मध्याह्न भोजन, अनुशासन, छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित विषयों पर विस्तृत चर्चा की तथा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक सुझाव दिए।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. भगवान सिंह जी, उपप्रधानाचार्य श्री एस. के. तोमर जी तथा समस्त शिक्षकगण उपस्थित रहे।

राजस्व एवं भूमि विवाद संबंधी पुनर्जीवित शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही में तय होगी जिम्मेदारी

हाथरस। आईजीआरएस पोर्टल पर विगत एक वर्ष में प्राप्त राजस्व एवं भूमि विवाद संबंधी शिकायतों की शासन स्तर पर समीक्षा के उपरांत पुनर्जीवित किए गए प्रकरणों के गुणवत्तापूर्ण एवं स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अतुल वत्स ने शनिवार को तहसील सभागार हाथरस एवं तहसील सभागार सादाबाद में राजस्व अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत आईजीआरएस पोर्टल पर पूर्व में निस्तारित किए गए ऐसे प्रकरण, जिनका और अधिक प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान संभव है, उन्हें पुनर्जीवित कर पुनः परीक्षण किया जा रहा है। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का स्थलीय निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति का आकलन किया जाए तथा जहां न्यायालय में वाद दायर किए जाने की आवश्यकता हो, वहां तत्काल विधिक कार्यवाही सुनिश्चित करते हुए प्रकरण का स्थायी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराया जाए।समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न भूमि विवाद संबंधी शिकायतों पर अधिकारियों द्वारा प्रस्तुत निस्तारण आख्या का बिंदुवार परीक्षण किया। निस्तारण की गुणवत्ता संतोषजनक न पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए स्पष्ट कहा कि केवल औपचारिक निस्तारण स्वीकार्य नहीं होगा। शिकायत का ऐसा समाधान किया जाए कि भविष्य में वही प्रकरण पुनः आईजीआरएस अथवा अन्य किसी माध्यम से न आए।उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत के स्थलीय निरीक्षण के समय शिकायतकर्ता एवं प्रतिपक्ष दोनों की मौके पर उपस्थिति सुनिश्चित की जाए तथा निरीक्षण के फोटोग्राफ अनिवार्य रूप से निस्तारण आख्या के साथ संलग्न किए जाएं। आख्या में शिकायत प्राप्त होने से लेकर उसके अंतिम निस्तारण तक की गई समस्त कार्यवाही का क्रमवार एवं बिंदुवार विवरण अंकित किया जाए, ताकि समाधान की गुणवत्ता स्पष्ट रूप से परिलक्षित हो सके।जिलाधिकारी ने कहा कि यदि मामला चकरोड पर अवैध कब्जे से संबंधित है तो नियमानुसार पैमाइश कराकर कब्जा हटाने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। यदि मामला निजी कृषि भूमि से संबंधित है तो आवश्यकतानुसार संबंधित धाराओं में वाद दायर कराकर विधिक प्रक्रिया पूरी करते हुए पैमाइश एवं सीमांकन कराया जाए। किसी भी स्तर पर खानापूर्ति या औपचारिकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।उन्होंने कहा कि निस्तारित शिकायतों की व्यक्तिगत रूप से समीक्षा की जा रही है। यह देखा जा रहा है कि निस्तारण में क्या कमियां रहीं और क्या वास्तव में शिकायत का समाधान हुआ। प्रशासन का उद्देश्य केवल शिकायतों का निस्तारण करना नहीं, बल्कि उनका स्थायी समाधान सुनिश्चित करना है, जिससे नागरिकों को बार-बार एक ही समस्या के लिए शिकायत न करनी पड़े। जिलाधिकारी ने सभी राजस्व अधिकारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण जिम्मेदारी, पारदर्शिता एवं संवेदनशीलता के साथ करने के निर्देश देते हुए कहा कि शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी।बैठक में अपर जिलाधिकारी वि0/रा0, संबंधित उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक, लेखपाल तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

संगठन को मजबूत बनाने के आह्वान के साथ 2027 में 403 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान, राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा का कार्यकर्ता परिचय सम्मेलन सम्पन्न

हाथरस । राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा ( R A M) पार्टी जिला हाथरस द्वारा कार्यकर्ता परिचय सम्मेलन कृपाराम कोठीवाल धर्मशाला अलीगढ़ रोड स्थित पर संपन्न हुआ । इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्री मनोज शर्मा व्रजक्षेत्र प्रभारी थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष श्री विजय कुमार शर्मा ने की। इस कार्यक्रम का सफल संचालन निशांत उपाध्याय महासचिव/प्रभारी हाथरस ने किया।

कार्यक्रम में श्री आरेन्द्र मिश्रा जी जिला अध्यक्ष बरेली ने सभी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा पार्टी के बारे में विस्तार से जानकारी दी साथ ही कहा की आने वाले 2027 के चुनाव में हमारी राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा 403 विधानसभा में अपने प्रत्याशी पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरेगी। कार्यक्रम में श्री सचिन शर्मा मंडल अध्यक्ष बरेली भी उपस्थित थे। इन्होंने भी पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए पार्टी के लिए जीत का मंत्र दिया। इनके साथ-साथ श्री केशव शंकर जी संस्थापक सदस्य व रजत मिश्रा जी संस्थापक सदस्य राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा भी मौजूद रहे l कार्यक्रम का संचालन कर रहे निशांत उपाध्याय द्वारा कार्यक्रम से पूर्व मुख्य अतिथि वी कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिला अध्यक्ष जी को सर्वप्रथम श्री रामचंद्र जी की छवि चित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्वल करने के लिए आमंत्रित किया।

उसके बाद कार्यक्रम में हाथरस जनपद के समस्त पदाधिकारी युवा मोर्चा महिला मोर्चा आदि ने एक-एक कर अपना अपना परिचय दिया। कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि द्वारा हाथरस के समस्त सम्मानित पत्रकार बंधुओ को सम्मानित किया गया साथ ही कार्यक्रम के अंत में कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिला अध्यक्ष श्री विजय कुमार शर्मा द्वारा सभी पदाधिकारी कार्यकर्ता वह पत्रकार बंधुओ का आभार व्यक्त किया कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिलाध्यक्ष विजय कुमार शर्मा,महासचिव/प्रभारी निशांत उपाध्याय,जिलाउपाध्यक्ष दीनदयाल शर्मा, जिला मंत्री प्रदीप शर्मा, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष रेखा राणा, मोर्चा जिला उपाध्यक्ष पूनम शर्मा, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष प्राची उपाध्याय, सासनी नगर अध्यक्ष कालू पंडित, जिला उपाध्यक्ष सौरभ पराशर, जिला मंत्री अभिषेक पाठक, हर्षवर्धन द्विवेदी, अतुल पंडित जिला मंत्री, भोला पंडित जिला उपाध्यक्ष, शुभम अग्निहोत्री युवा मोर्चा जिला मंत्री, सौरभ गौतम नगर अध्यक्ष सादाबाद, कृष्ण सिंह, देवेंद्र ठाकरे युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष, ललित शर्मा, कपिल शर्मा युवा मोर्चा कार्यकारिणी सदस्य, विपिन कुमार युवा मोर्चा कार्यकारिणी सदस्य, यश पचौरी युवा मोर्चा जिला मंत्री, आदि सैकड़ो की संख्या में राष्ट्र अधिकार मोर्चा पार्टी के पदाधिकारी कार्यकर्ता व सदस्य मौजूद थे।

श्री रामलला मंदिर प्रकरण पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले द्वारा जारी किया गया वक्तव्य

(नई दिल्ली, 3 जुलाई 2026)

श्री राम जन्मभूमि पर निर्मित भव्य मंदिर पीढ़ियों के संघर्ष और करोड़ों रामभक्तों के समर्पण, त्याग एवं बलिदान के कारण संपूर्ण हिन्दू समाज के लिए श्रद्धा, आस्था और भक्ति का केन्द्र बना है।

अयोध्या में श्री रामलला मंदिर में रखे हुए दान पात्रों में जमा राशि की चोरी की दुर्भाग्यपूर्ण घटना से समूचे समाज और राम भक्तों की भावना एवं श्रद्धा को आघात पहुँचा है तथा इस घटना से हम सभी आहत हैं।

श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के आग्रह पूर्वक निवेदन पर उत्तर प्रदेश सरकार ने विशेष जाँच दल का गठन कर उसकी अनुशंसा पर कानूनी प्रक्रिया प्रारंभ की है। जाँच में जो भी दोषी पाए जाएँगे उन्हें कठोर दंड हो यह सुनिश्चित करना आवश्यक है।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ सहित संपूर्ण हिंदू समाज की न्यास से स्वाभाविक ही अपेक्षा है कि इस घोर निंदनीय घटना को असाधारण मान कर गंभीरता से व्यवस्था एवं संचालन की सभी कमियों को दूर करने हेतु परिणामकारक कदम उठाए ताकि अयोध्या मंदिर पर करोड़ों रामभक्तों की आस्था व श्रद्धा अखंड एवं अटूट बनी रहे। वर्तमान भ्रम और असमंजस की स्थिति समाप्त होनी चाहिए। इस दृष्टि से हमारी अपेक्षा है कि सभी आवश्यक पहल मंदिर प्रबंधन और शासन द्वारा गठित विशेष जाँच दल करेंगे।

हमारा यह विश्वास है कि समुचित वित्तीय प्रबंधन, सुचारू संचालन हेतु निर्दोष पारदर्शी व्यवस्थाओं एवं शुद्धता और पवित्रता से परिपूर्ण धार्मिकता से ओतप्रोत वातावरण के द्वारा श्री रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास हिन्दू समाज की आस्था एवं विश्वास को सुदृढ़ बनाये रखेगा।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ संपूर्ण हिन्दू समाज से भी आह्वान करता है कि इस कठिन क्षण में वह आवश्यक धैर्य और संयम का परिचय दें तथा इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना का लाभ उठाकर हिन्दू विरोधी, राष्ट्र विरोधी शक्तियों के हिंदू धर्म एवं समाज को बदनाम करने के षड़यंत्रों को विफल करे।

बागला संयुक्त चिकित्सालय में इमरजेंसी सेवाओं के विस्तार की तैयारी, डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण

हाथरस,। जनपदवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बागला संयुक्त चिकित्सालय की आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था को और सुदृढ़ एवं विस्तारित करने की दिशा में जिला प्रशासन ने कदम बढ़ाया है। इसी क्रम में जिलाधिकारी अतुल वत्स एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा ने अस्पताल परिसर स्थित एमडीटीवी अस्पताल में प्रस्तावित नई इमरजेंसी व्यवस्था का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि वर्तमान में जिला अस्पताल की इमरजेंसी सीमित स्थान में संचालित हो रही है, जहां केवल 8 से 10 बेड उपलब्ध हैं। मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए इमरजेंसी सेवाओं का विस्तार आवश्यक है ताकि अधिक मरीजों को तत्काल उपचार मिल सके।


उन्होंने बताया कि अस्पताल परिसर स्थित टीबी हॉस्पिटल भवन के भूतल पर एक वार्ड को आधुनिक इमरजेंसी के रूप में विकसित करने की योजना बनाई गई है। इससे टीबी अस्पताल और नई इमरजेंसी दोनों की व्यवस्थाएं अलग-अलग एवं सुचारू रूप से संचालित हो सकेंगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि प्रस्तावित नई इमरजेंसी निर्माणाधीन 50 बेड क्रिटिकल केयर यूनिट के निकट होगी, जिससे गंभीर मरीजों को बिना समय गंवाए तुरंत क्रिटिकल केयर यूनिट में शिफ्ट किया जा सकेगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इमरजेंसी स्थानांतरण की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी, उप जिलाधिकारी सदर, मुख्य चिकित्साधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

हाथरस में दूसरे दिन 6,737 अभ्यर्थी हुए यूपी-टीईटी में शामिल,733 अभ्यर्थियों ने छोड़ी परीक्षा ,डीएम-एसपी ने किया परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज द्वारा आयोजित तीन दिवसीय उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपी-टीईटी-2026) के दूसरे दिन जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न हुई। दूसरे दिन आयोजित परीक्षा में कुल 7,470 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 6,737 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया, जबकि 733 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
परीक्षा के दौरान व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए अतुल वत्स ने चिरंजीव नाथ सिन्हा के साथ सरस्वती इंटर कॉलेज एवं डीआरबी इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परीक्षा संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को आयोग के दिशा-निर्देशों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्रों पर बनाए गए स्ट्रांग रूम, सीसीटीवी कंट्रोल रूम, सुरक्षा व्यवस्था तथा निगरानी तंत्र का विस्तार से निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने परीक्षा कक्षों का निरीक्षण कर बैठने की व्यवस्था, प्रश्नपत्र वितरण, परीक्षार्थियों के प्रवेश तथा अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने स्क्रीनिंग टीम के सदस्यों से वार्ता कर अभ्यर्थियों की स्क्रीनिंग एवं पहचान सत्यापन की प्रक्रिया को पूरी सावधानी, सतर्कता एवं गुणवत्ता के साथ संपन्न कराने के निर्देश दिए।पुलिस अधीक्षक ने भी सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं पुलिस बल को परीक्षा केंद्रों पर सतर्कता बनाए रखने, अभ्यर्थियों की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की शिथिलता नहीं बरती जाएगी और सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा।

You cannot copy content of this page