Breaking News
₹25 हजार का इनामी शानू पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, दोनों पैरों में लगी गोली; तमंचा और बाइक बरामद

हाथरस। कैलाश ढाबे के सामने हुई चर्चित फायरिंग कांड के एक और आरोपी को हाथरस पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। ₹25 हजार के इनामी आरोपी शानू को एसओजी, थाना हाथरस जंक्शन और थाना हाथरस गेट पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दयानतपुर नहर के पास हुई मुठभेड़ के दौरान जवाबी फायरिंग में दोनों पैरों में गोली लगी। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार, 18 जून 2026 को थाना हाथरस गेट क्षेत्र स्थित कैलाश ढाबे के पास छोटू राणा, शानू और उनके साथियों के बीच फायरिंग हुई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने चार पुलिस टीमों का गठन किया था तथा छह आरोपियों पर ₹25-25 हजार का इनाम घोषित किया गया था।
इससे पहले 3 जुलाई को इसी मामले में इनामी आरोपी मोना ठाकुर को भी पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। शानू की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की, जहां आरोपी ने भागने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार, आत्मरक्षा में की गई जवाबी फायरिंग में शानू घायल हो गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस तथा बिना नंबर की एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक, शानू निवासी गंगचौली, थाना हाथरस जंक्शन के विरुद्ध मारपीट, एससी/एसटी एक्ट सहित कई गंभीर मामलों में पहले से मुकदमे दर्ज हैं। मामले में थाना हाथरस गेट पुलिस द्वारा अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Unknown's avatar

आशीष सेंगर

 aashishsengar@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page