बागला संयुक्त चिकित्सालय में इमरजेंसी सेवाओं के विस्तार की तैयारी, डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण
हाथरस,। जनपदवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बागला संयुक्त चिकित्सालय की आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था को और सुदृढ़ एवं विस्तारित करने की दिशा में जिला प्रशासन ने कदम बढ़ाया है। इसी क्रम में जिलाधिकारी अतुल वत्स एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा ने अस्पताल परिसर स्थित एमडीटीवी अस्पताल में प्रस्तावित नई इमरजेंसी व्यवस्था का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि वर्तमान में जिला अस्पताल की इमरजेंसी सीमित स्थान में संचालित हो रही है, जहां केवल 8 से 10 बेड उपलब्ध हैं। मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए इमरजेंसी सेवाओं का विस्तार आवश्यक है ताकि अधिक मरीजों को तत्काल उपचार मिल सके।

उन्होंने बताया कि अस्पताल परिसर स्थित टीबी हॉस्पिटल भवन के भूतल पर एक वार्ड को आधुनिक इमरजेंसी के रूप में विकसित करने की योजना बनाई गई है। इससे टीबी अस्पताल और नई इमरजेंसी दोनों की व्यवस्थाएं अलग-अलग एवं सुचारू रूप से संचालित हो सकेंगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि प्रस्तावित नई इमरजेंसी निर्माणाधीन 50 बेड क्रिटिकल केयर यूनिट के निकट होगी, जिससे गंभीर मरीजों को बिना समय गंवाए तुरंत क्रिटिकल केयर यूनिट में शिफ्ट किया जा सकेगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इमरजेंसी स्थानांतरण की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी, उप जिलाधिकारी सदर, मुख्य चिकित्साधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

