सादाबाद। डॉ. भीमराव अंबेडकर नव युवक संघ सादाबाद के बैनर तले शुक्रवार शाम नगर में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा का शुभारंभ गांव नगला केसरी से हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ राज्यसभा सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री रामजीलाल सुमन ने फीता काटकर तथा बाबा साहब के छवि चित्र पर माल्यार्पण कर किया। इस अवसर पर उन्होंने बाबा साहब के विचारों को समाज के लिए प्रेरणादायक बताते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। शोभायात्रा में शामिल झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं, वहीं युवाओं और समाज के लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। पूरे मार्ग में जगह-जगह शोभायात्रा का स्वागत भी किया गया। इस दौरान संघ अध्यक्ष अवनीश सागर, राजेश किंग, प्रख्यात सागर सहित समाज के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजन शांतिपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।
हाथरस। शुक्रवार को तहसील सदर परिसर में उस समय हंगामा मच गया जब दो सगे भाइयों के बीच विवाद बढ़कर मारपीट में बदल गया। मामला थाना हाथरस गेट क्षेत्र के अलीगढ़ रोड स्थित तहसील परिसर का है। जानकारी के अनुसार थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के पुरा कला निवासी गोविंद सिंह कुशवाह पुत्र गणेशी लाल अपनी वृद्ध मां को लेकर वसीयतनामा कराने के लिए तहसील पहुंचे थे। इसी दौरान उन्हें जानकारी मिली कि उनके बड़े भाई ने कथित रूप से 16 अप्रैल को उनकी मां को मानसिक रूप से प्रभावित कर धोखे से खेत की वसीयत अपने नाम करा ली है। यह बात सामने आते ही विवाद बढ़ गया। बताया जा रहा है कि गोविंद अपनी मां को निजी वाहन से तहसील लेकर आए थे, जहां पहुंचते ही उनकी मां की तबीयत बिगड़ गई और उन्होंने दम तोड़ दिया। इसी बीच बड़ा भाई भी वहां पहुंच गया, जिसके बाद दोनों भाइयों के बीच कहासुनी शुरू हो गई और देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। वृद्ध महिला की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने बड़े भाई पर गंभीर आरोप लगाते हुए शव को जिलाधिकारी आवास ले जाने की बात कही और तहसील परिसर से निकल गए। घटना के बाद तहसील परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।
हाथरस। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) कार्यालय, हाथरस में शुक्रवार को अनुशासनहीनता का गंभीर मामला सामने आया है। चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी नरेन्द्र कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई उनके द्वारा कार्यालय के ही कनिष्ठ सहायक के साथ गाली-गलौज, मारपीट का प्रयास और धमकी देने के आरोपों के चलते की गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कनिष्ठ सहायक संदीप कुमार ने अपने पत्र में बातया कि सुबह लगभग 11.46 बजे आरोपी कर्मचारी ने एक अन्य कर्मचारी के फोन के माध्यम से संपर्क कर अभद्र भाषा का प्रयोग किया। इसके बाद दोपहर करीब 2.40 बजे वह अचानक बीएसए कार्यालय के कक्ष संख्या 08 में पहुंच गया, जहां संदीप कुमार अपने नियमित कार्य में व्यस्त थे। आरोप है कि नरेन्द्र कुमार सिंह ने कक्ष में घुसते ही गाली-गलौज शुरू कर दी और फोन न उठाने को लेकर धमकाया। इतना ही नहीं, उन्होंने जान से मारने की धमकी देते हुए हाथापाई की कोशिश की तथा जूता निकालकर मारने और कुर्सी उठाकर प्रहार करने का प्रयास भी किया। शोर-शराबा सुनकर अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे और किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया। बताया गया है कि आरोपी कर्मचारी ने इस दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और खंड शिक्षा अधिकारी के लिए भी अभद्र भाषा का प्रयोग किया तथा पीड़ित कर्मचारी को कार्यालय में कार्य न करने देने की धमकी दी। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी साक्ष्य के रूप में उपलब्ध बताया जा रहा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने पर प्रभारी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शाशिबाला ने नरेन्द्र कुमार सिंह को उत्तर प्रदेश सरकारी सेवक (अनुशासन एवं अपील) नियमावली 1999 के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। साथ ही, उनके खिलाफ विभागीय अनुशासनिक कार्यवाही शुरू कर दी गई है। जांच के लिए खंड शिक्षा अधिकारी भुवन प्रकाश (विकास खंड हाथरस) एवं श्री लक्ष्मीकांत (विकास खंड हसायन) को नामित किया गया है। इस घटना के बाद बीएसए कार्यालय में कर्मचारियों के बीच हड़कंप मचा हुआ है और कार्यस्थल की सुरक्षा एवं अनुशासन को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
हाथरस। नगर पालिका परिषद प्रांगण में उत्तर प्रदेश शासन द्वारा नामित सभासद गणों का शपथ ग्रहण समारोह का भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर मनोनीत सभासद विवेक गुप्ता और डॉ• आर•सी• गोला ने पद एव गोपनीयता की शपथ ली । शपथ समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद अनूप प्रधान मौजूद रहे। समारोह की अध्यक्षता नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष श्वेता चौधरी ने की।
समारोह के दौरान एसडीएम सदर राज बहादुर सिंह ने भारतीय जनता पार्टी के नगर अध्यक्ष एवं मनोनीत सभासद विवेक गुप्ता और आर.सी. गोला को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी रोहित सिंह ने समारोह के मुख्य अतिथियों का बुके भेंट कर स्वागत किया । दुपट्टा और फूलमालाएं पहनाकर नव-नियुक्त सभासदों का अभिनंदन किया गया।
सांसद अनूप प्रदान ने समारोह को संबोधित करते हुये मनोनीत सभासदों को शुभकामनाएं दी। हाथरस नगर के उन्होंने कहा कि सभी सभासद नगर के सम्पूर्ण विकास में अपनी सार्थक जिम्मेदारी निभाते हुये और एक सुंदर और स्वच्छ नगर के संकल्प को पूरा करें।
पालिकाध्यक्ष स्वेता चौधरी ने समरोहबको संबोधित करते हुये कहा कि निश्चित ही सभी सभासद गण जनसेवा के इस दायित्व का पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ निर्वहन करते हुए नगर के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। हम सभी मिलकर नगर के विकास, स्वच्छता, सुशासन एवं जनकल्याण के लिए सतत प्रयासरत रहेंगे। बता दें कि सरकार द्वारा नगर पालिका में पांच सभासद मनोनीत किए गए हैं, जिनमें से तीन मनोनीत सभासद पहले ही शपथ ले चुके थे और आज शेष दो सभासदों का शपथ ग्रहण संपन्न कराया गया है। कार्यक्रम का संचालन रूपेश उपाध्याय ने किया।
इस अवसर पर पूर्व सांसद राजेश दिवाकर , नि• जिलाध्यक्ष शरद माहेश्वरी , पूर्व जिलाध्यक्ष सतपाल मदनावत , दिलीप पोद्दार एडवोकेट, पूर्व जिलाध्यक्ष एवं वर्तमान में जिला महामंत्री हरिशंकर राणा भूरा पहलवान , सतेंद्र सिंह ठाकुर (सासनी वाले), क्षेत्रीय मंत्री विपिन लावनिया , क्षेत्रीय मंत्री अमित भौतका, जिला पंचायत सदस्य प्रभा सिंह , रामवीर सिंह भैया , क्षेत्रीय मंत्री किसान मोर्चा अनुज चौधरी , जिला प्रभारी आईटी सेल पवन रावत , रामू माहेश्वरी , राजकुमारी गोला , लेवर कॉलोनी शक्ति केन्द्र संयोजक प्रदीप सिंह ,आदि उपस्थिति रहे।
साथ ही नगर पालिका से कार्यालय अधीक्षक विजय स्वर्णकार , लेखाकार संजय अग्रवाल , नजूल निरीक्षक यशुराज शर्मा , राजेश परिहार , खाद्य एवं सफाई निरीक्षक मुशाहिद ख़ान व ओमप्रकाश , गोपाल चतुर्वेदी , आईटीसी से अविनाश शर्मा सहित सफ़ाई मित्र सहित समस्त नगर पालिका परिवार उपस्थित रहा ।
हाथरस।आयुक्त उत्तर प्रदेश एवं जिलाधिकारी के आदेशों के क्रम में, जिला आबकारी अधिकारी के निर्देशन में एक विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस अभियान का नेतृत्व आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-3, हाथरस, कुलदीप चौहान द्वारा किया गया, जिनके साथ आबकारी टीम भी मौजूद रही। यह अभियान थाना सिकंदरा राऊ क्षेत्र के अंतर्गत कपासिया, वजीदपुर, अगसौली चौराहा, कचौरा तथा रतिभानपुर में संचालित देशी एवं कम्पोजिट मदिरा दुकानों पर केंद्रित रहा। चेकिंग के दौरान दुकानों के स्टॉक का गहनता से परीक्षण किया गया और सभी विक्रेताओं को पोस मशीन के माध्यम से शत-प्रतिशत बिक्री सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही, मौके पर उपस्थित आमजन को अवैध मदिरा के सेवन से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक किया गया तथा उनसे सतर्क रहने की अपील की गई।आबकारी विभाग द्वारा यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि जनपद में अवैध मदिरा के निर्माण एवं बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।
हाथरस। उत्तर प्रदेश गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष, उपाध्यक्षगण एवं सदस्यगण के मार्गदर्शन में गठित संयुक्त निरीक्षण दलों द्वारा प्रदेश के विभिन्न मण्डलों एवं जनपदों में गौशालाओं / गो आश्रय स्थलों का चरणबद्ध एवं गहन निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता और सदस्य रमाकांत उपाध्याय द्वारा जनपद हाथरस में अस्थाई गौ आश्रय स्थल कैलोरा व समामई रूहल एवं बृहद गौ संरक्षण केन्द्र पुन्नेर गौशालाओं का स्थलीय निरीक्षण करते हुए तथा प्राकृतिक खेती करने वाले उन्नतशील कृषक बृजेश सिंह निवासी परसारा से उनके फार्म पर भ्रमण/संवाद किया गया, तत्पश्चात जनपद स्तरीय अनुश्रवण, मूल्यांकन एवं समीक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। निरीक्षण एवं समीक्षा के दौरान प्रदेश सरकार की शीर्ष प्राथमिकता ‘गौ संरक्षण एवं गौ संवर्धन को धरातल पर प्रभावी रूप से लागू करने की दिशा में विस्तृत विचार-विमर्श किया गया तथा संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट एवं समयबद्ध दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। इस अवसर पर विशेष रूप से गौवंशों के स्वास्थ्य संरक्षण, संतुलित पोषण, गो आधारित प्राकृतिक खेती के प्रसार तथा गोबर-गोमूत्र आधारित उत्पादों के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था के सुदृढ़ीकरण को विकास के केन्द्रीय बिंदु के रूप में रेखांकित किया गया। संयुक्त निरीक्षण दल द्वारा निर्देशित किया गया कि गौ संरक्षण एवं गौ संवर्धन को जन आंदोलन का स्वरूप प्रदान करते हुए इसे केवल पशुपालन तक सीमित न रखकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था, प्राकृतिक खेती, ऊर्जा आत्मनिर्भरता एवं जनस्वास्थ्य से जोड़ते हुए एक समग्र एवं टिकाऊ विकास मॉडल के रूप में विकसित किया जाए।
साथ ही सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों का समयबद्ध एवं प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण, भ्रमण एवं बैठक के समय पी०एन० दीक्षित, मुख्य विकास अधिकारी हाथरस, डा० विजय सिंह मुख्य पशु चिकित्साधिकारी हाथरस, सुरेन्द्र सिंह खण्ड विकास अधिकारी सासनी, देवेन्द्र सिंह खण्ड विकास अधिकारी हाथरस तथा सुशील पचौरी प्रांतीय गौपालक प्रमुख, राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ, गौसेवक अंशुल शर्मा व दिव्यांश शर्मा, एवं अन्य पदाधिकारी, पशुपालक एवं कृषक उपस्थित रहे।
हाथरस। जिले की चंदपा कोतवाली में बीती रात एक युवक ने पुलिस हिरासत में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवकब्कि मौत से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गाजियाबाद के लोनी निवासी 30 वर्षीय चंद्रपाल पुत्र भोलाशंकर को एक 16 वर्षीय किशोरी को बहला-फुसलाकर भगाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। किशोरी के पिता की शिकायत पर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने बीती शाम को लोनी से दोनों को बरामद किया था। इसके बाद किशोरी को वन स्टॉप सेंटर भेज दिया गया, जबकि चंद्रपाल को कोतवाली में हिरासत में रखा गया था। पुलिस के मुताबिक बीती रात में युवक ने शौचालय जाने की बात कही। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी उसे शौचालय तक लेकर गए। करीब 15 मिनट तक बाहर न आने पर पुलिसकर्मियों को शक हुआ। जब उन्होंने अंदर जाकर देखा तो युवक शौचालय के रोशनदान की ग्रिल से अंगोछे के सहारे फंदा बनाकर लटका हुआ मिला। घटना के बाद पुलिसकर्मी तत्काल उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी गई। वही लापरवाही पर थाना प्रभारी और ड्यूटी आरक्षी को सस्पेंड कर दिया, दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हाथरस। जनपद के हाथरस जंक्शन में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। हाथरस जंक्शन कोतवाली क्षेत्र के गांव महौं में बीती देर शाम एक अज्ञात वाहन की टक्कर से 9 वर्षीय मासूम की मौत हो गई। मृतक की पहचान 9 वर्षीय पवन पुत्र श्याम सिंह निवासी गांव पोरा, कोतवाली सिकंद्राराऊ के रूप में हुई है। पवन अपने माता-पिता की इकलौती संतान था और कक्षा तीन का छात्र था। परिजन मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बताया जा रहा है कि पवन अपने गांव से महौं में एक बारात में शामिल होने आया था। देर शाम वह कुरकुरे आदि खरीदने के लिए बाहर निकला था, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद परिजन और ग्रामीण तुरंत बच्चे को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना से शादी समारोह की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस फरार वाहन और चालक की तलाश में जुटी हुई है।
हाथरस। पुलिस लाइन सभागार में आज आंगनवाड़ी सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरण, जीएमडी किट एवं शिशु किट वितरण तथा पोषण पखवाड़ा 9 से 23 अप्रैल के समापन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महिला कल्याण, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की मंत्री बेबी रानी मौर्य ने की। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत से हुई, जिसमें सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि, विधायक सदर अंजुला सिंह माहौर, विधायक सिकंदराराऊ वीरेंद्र सिंह राणा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, जिलाधिकारी अतुल वत्स तथा पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा उपस्थित रहे। इस दौरान 225 नव-नियुक्त आंगनवाड़ी सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। साथ ही शिशुओं की लंबाई एवं वजन मापने के उपकरण तथा “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” योजना के अंतर्गत बालिकाओं को शिशु किट प्रदान की गई। मंत्री बेबी रानी मौर्य ने अपने संबोधन में कहा कि आंगनवाड़ी केंद्रों पर आने वाले 3 से 6 वर्ष तक के बच्चों की देखभाल ‘यशोदा मां’ की तरह करनी होगी। उन्होंने कहा कि यह केवल रोजगार नहीं, बल्कि समाज के भविष्य निर्माण की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। बच्चों को अच्छे संस्कार, स्वच्छता की आदतें तथा प्रारंभिक शिक्षा देना भी सहायिकाओं का कर्तव्य है।उन्होंने यह भी कहा कि सहायिकाएं सरकार की योजनाओं “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ”, कन्या सुमंगला योजना, आयुष्मान योजना, राशन कार्ड, विधवा पेंशन आदि की जानकारी घर-घर तक पहुंचाएं, ताकि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ मिल सके। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी सभी का मन मोह लिया। बीएलएस इंटरनेशनल विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गीत, नारी सशक्तिकरण पर आधारित नाटक तथा कृष्ण लीला पर आधारित नृत्य प्रस्तुत किया। सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि ने नव-नियुक्त सहायिकाओं को बधाई देते हुए कहा कि महिलाओं की भूमिका आज हर क्षेत्र में सशक्त हो रही है। उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का उदाहरण देते हुए कहा कि महिलाएं देश के सर्वोच्च पद तक अपनी क्षमता का प्रदर्शन कर रही हैं। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने कहा कि आंगनवाड़ी सहायिकाओं की भूमिका समाज के भविष्य निर्माण में अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्रशासन द्वारा उन्हें उचित प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, जिससे वे अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा के साथ कर सकें।
हाथरस । शहर के तालाब चौराहा स्थित पीएम श्री केंद्रीय विद्यालयों में नए शैक्षणिक सत्र के स्वागत के लिये प्रवेशोत्सव कार्यक्रम का प्रधानाध्यापक महाभारत सिंह, मुख्याध्यापक जितेंद्र शर्मा व मुख्याध्यापिका रूचि सिंह ने संयुक्त रूप से माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित करके शुभारम्भ किया। शिक्षिकों ने सभी अतिथियों का बैज व पौधा देकर सम्मानित किया। विद्यालय के मुख्य द्वार पर शिक्षिका रितु शर्मा ने बच्चों का तिलक, फूल व चॉकलेट देकर स्वागत किया। बच्चों ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत और लोक नृत्यों के माध्यम से सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी थी।
प्राचार्य महाभारत सिंह ने नव-प्रवेशित विद्यार्थियों से कहा कि शिक्षा से ही महान बना सा सकता है। केंद्रीय विद्यालय तकनीकी परिवर्तनों के प्रति जागरूक रहकर शिक्षा प्रणाली के तहत छात्रों को उच्च गुणवत्ता वाली सेवा प्रदान करता है। मुख्याध्यापक जीतेन्द्र शर्मा ने अभिभावकों क़ो विद्यालय की परंपराओं, कार्यप्रणाली, खेल, आधारित शिक्षण व बच्चों के सर्वांगीण विकास की जानकारी दी। छात्रों को स्कूल बैग व स्टेशनरी किट वितरित की गई। अभिभावकों ने बच्चों के साथ सेल्फी भी ली थी। संचालन नेहा अग्रवाल ने किया। इस मौक़े पर भावना पाण्डेय, अजीत कुमार, दाऊदयाल रावत, नीलम चौधरी, वंदना कोष्ठा, कदीम सिद्धकी, भारती उपाध्याय, पंकज कुमार, शिखा कपूर, चंचल वर्मा, सुरभि मित्तल, सुनील यादव मंजीत कौर, पुनिता सिंह, हिमानी राज, सुनील कुमार, जोगेंद्र सिंह आदि मौजूद थे।