Breaking News
एनपीए ऋणी ग्राहकों को बड़ी राहत, लोक अदालत में होगा ऋण का निपटारा

हाथरस। उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक, क्षेत्रीय कार्यालय हाथरस की ओर से एनपीए (NPA) ऋणी ग्राहकों को राहत देने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। आगामी 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में बैंक के पात्र ग्राहक अपने पुराने ऋण खातों का नियमानुसार समझौता (Settlement) कराकर आकर्षक छूट का लाभ उठा सकते हैं।
सहायक महाप्रबंधक आर. एस. वर्मा ने बताया कि ऐसे ग्राहक, जिनके ऋण खाते लंबे समय से एनपीए की श्रेणी में हैं और जो किन्हीं कारणों से ऋण की किश्तें समय पर जमा नहीं कर सके, उनके पुराने ऋण खातों के निपटान के लिए बैंक द्वारा नियमानुसार विशेष छूट प्रदान की जा रही है।


उन्होंने बताया कि यह योजना पात्र डिफॉल्टर ग्राहकों के लिए अपने पुराने ऋण खातों का निपटारा कर वित्तीय बोझ कम करने का महत्वपूर्ण अवसर है। बैंक का उद्देश्य ग्राहकों को कानूनी प्रक्रिया की जटिलताओं से राहत दिलाते हुए आपसी सहमति के आधार पर ऋण खातों का समाधान करना है।
बैंक की ओर से अपील की गई है कि पात्र ग्राहक दीवानी कचहरी, हाथरस में आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में उपस्थित होकर अथवा अपनी संबंधित बैंक शाखा के शाखा प्रबंधक से संपर्क कर अपने ऋण खाते के लिए उपलब्ध Settlement एवं छूट की जानकारी प्राप्त करें और नियमानुसार आपसी सहमति से खाते का निपटान कराएं।
विशेष सुविधा के तहत तहसील सिकंदराराऊ क्षेत्र की विभिन्न शाखाओं के ग्राहकों के लिए उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की सिकंदराराऊ शाखा में अतिरिक्त काउंटर की व्यवस्था की जाएगी। संबंधित ग्राहक अपनी सुविधा के अनुसार सिकंदराराऊ शाखा में संपर्क कर अपने ऋण का निपटान करा सकते हैं।
बैंक ने स्पष्ट किया है कि छूट का लाभ केवल बैंक द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार पात्र खाताधारकों को ही दिया जाएगा। अधिक जानकारी के लिए ग्राहक अपनी संबंधित शाखा से संपर्क कर सकते हैं।

‘युवा उद्यमी संवाद’ में बोले आरएसएस के विभाग कार्यवाह योगेश आर्य-युवा उद्यमी देश की आर्थिक मजबूती के आधार

हाथरस। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा बीएलएस स्कूल में ‘युवा उद्यमी संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद वंदे मातरम् का सामूहिक गान हुआ।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता हरिगढ़ विभाग कार्यवाह योगेश आर्य ने युवाओं और उद्यमियों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत को आर्थिक रूप से कमजोर करने के लिए समय-समय पर अनेक प्रकार के प्रयास किए गए। क्रूर अत्याचार और विभिन्न नीतियों के माध्यम से देश के व्यापार एवं आर्थिक गतिविधियों को प्रभावित करने का प्रयास किया गया। अपनी मुद्रा का अविमूल्यन के शर्त पर व्यापार करने के लिये मजबूर किया गया।इसके बावजूद आज भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है, जिसमें युवा उद्यमियों का महत्वपूर्ण योगदान है।

उन्होंने कहा कि देश की आर्थिक शक्ति को और मजबूत करने के लिए युवाओं को सकारात्मक सोच के साथ आगे आना होगा। ‘धर्मो रक्षति रक्षितः’ की भावना को आत्मसात करते हुए समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जब तक समाज के जागरूक और सक्षम लोग आगे नहीं आएंगे, तब तक अनेक समस्याएं बनी रहेंगी।

योगेश आर्य ने युवा उद्यमियों को सात महत्वपूर्ण बिंदुओं के माध्यम से राष्ट्रहित में उद्यमिता, स्वावलंबन, नवाचार, रोजगार सृजन, स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने और आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति अपनी प्रतिभा और उद्यमशीलता का उपयोग राष्ट्र निर्माण में करे तो भारत को आर्थिक रूप से और अधिक सशक्त बनाया जा सकता है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता हरिगढ़ विभाग की महिला समन्वयक प्रज्ञा वार्ष्णेय ने की, जबकि संचालन जिला शारीरिक शिक्षण प्रमुख राजीव पुंडीर ने किया। कार्यक्रम में काफी संख्या में मातृशक्ति ,युवा उद्यमियों एवं अन्य गणमान्य लोगों की सहभागिता रही।

क्षेत्रीय उपाध्यक्ष शरद माहेश्वरी ने की क्षेत्रीय अध्यक्ष पूरन लाल लोधी से मुलाकात, संगठनात्मक एव चुनावी विचार विमर्श किया

हाथरस /बरेली। भारतीय जनता पार्टी ब्रज प्रदेश के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष शरद माहेश्वरी ने मंगलवार को बरेली पहुंचकर भाजपा ब्रज प्रदेश के क्षेत्रीय अध्यक्ष पूरनलाल लोधी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान शरद माहेश्वरी ने क्षेत्रीय अध्यक्ष का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें विश्वास दिलाया कि संगठन द्वारा उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और कर्मठता के साथ किया जाएगा।
इस अवसर पर क्षेत्रीय अध्यक्ष पूरनलाल लोधी ने कहा कि चुनाव नजदीक हैं। ऐसे में पार्टी संगठन द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न अभियानों को गति देते हुए कार्यकर्ताओं को निरंतर जनता के बीच पहुंचकर भाजपा सरकार द्वारा किए जा रहे जनहित के कार्यों की जानकारी लोगों तक पहुंचानी है। उन्होंने कहा कि संगठन की प्राथमिकता जनता के बीच सक्रिय रहकर पार्टी के कार्यों को मजबूती प्रदान करना है।


उन्होंने पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से पूरी सक्रियता के साथ संगठनात्मक कार्यों में जुटने का आह्वान करते हुए कहा कि क्षेत्र के पदाधिकारियों के लिए अब किसी प्रकार की छुट्टी या अवकाश नहीं है। सभी को निरंतर पार्टी के कार्य को गति प्रदान करने के लिए जुटे रहना है।
इस दौरान हाथरस से निवर्तमान जिला मंत्री हरीश सेंगर, सोशल मीडिया संयोजक प्रवीण कुमार, कप्तान सिंह ठीनुआ सहित अन्य कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

नवनियुक्त भाजपा जिला पदाधिकारियों का किया जोरदार स्वागत , व्यापार मंडल व महासंगठन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष रवि वार्ष्णेय के आवास पर हुआ आयोजन

हाथरस। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल एवं अखिल भारतीय वैश्य महासंगठन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्री रवि वार्ष्णेय के आवास पर भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व द्वारा श्री राजेश सिंह गुड्डू को जिला महामंत्री एवं श्रीमती संध्या आर्या को जिला उपाध्यक्ष बनाए जाने पर भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में व्यापारी, वैश्य एवं सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों ने नवनियुक्त पदाधिकारियों का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।


सर्वप्रथम भाजपा जिलाध्यक्ष श्री प्रेम सिंह कुशवाहा को पटका पहनाकर एवं राधाकृष्ण की छवि चित्र भेंट कर उनका स्वागत एवं सम्मान किया। इसके उपरांत नवनियुक्त जिला महामंत्री श्री राजेश सिंह गुड्डू जी, जिला उपाध्यक्ष श्रीमती संध्या आर्या जी, श्री अनिल गौतम एवं हिंदू जागरण मंच के प्रदेश प्रशिक्षण प्रमुख श्री अभिषेक रंजन आर्य का पटका पहनाकर एवं प्रतीक चिह्न भेंट कर अभिनंदन किया गया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि भाजपा नेतृत्व द्वारा योग्य एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं को संगठन में महत्वपूर्ण दायित्व प्रदान किया जाना कार्यकर्ताओं के उत्साह को बढ़ाने वाला है। सभी ने विश्वास व्यक्त किया कि नवनियुक्त पदाधिकारी पार्टी की नीतियों एवं जनसेवा के कार्यों को और अधिक गति प्रदान करेंगे तथा समाज एवं व्यापारियों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने का कार्य करेंगे।
इसी क्रम में मेला श्री दाऊजी महाराज, हाथरस में आयोजित होने वाले व्यापारी सम्मेलन के लिए व्यापारी नेता श्री सुरेश अग्रवाल तथा लोकप्रिय कार्यक्रम “एक शाम दाऊ बाबा के नाम” के संयोजक के रूप में श्री योगेश वार्ष्णेय (सहपऊ वाले) को जिम्मेदारी दिए जाने पर उनका भी पटका पहनाकर एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित व्यापारिक एवं सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों ने कहा कि श्री दाऊजी महाराज का ऐतिहासिक मेला हाथरस की पहचान है और मेले में आयोजित होने वाले व्यापारी सम्मेलन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए सभी मिलकर कार्य करेंगे।
कार्यक्रम में व्यापार मंडल के प्रदेश मंत्री श्री राहुल गुप्ता, युवा जिलाध्यक्ष श्री सुरेंद्र वार्ष्णेय, नगर अध्यक्ष श्री तरुण पंकज, नगर महामंत्री एवं अखिल भारतीय वैश्य महासंगठन के जिलाध्यक्ष लोकेश अग्रवाल (दाल वाले), युवा जिलाध्यक्ष श्री मोहन वार्ष्णेय, युवा नगर अध्यक्ष श्री योगेश वार्ष्णेय, अनिल वार्ष्णेय, ऋषि वार्ष्णेय, मोहित वार्ष्णेय सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।

वहीं अखिल भारतीय वार्ष्णेय वेलफेयर की महिला पदाधिकारियों द्वारा सभी अतिथियों एवं आगंतुकों का पटका पहनाकर आत्मीय स्वागत किया गया।
जिसमें डिम्पल वार्ष्णेय, श्वेता वार्ष्णेय, आशु वार्ष्णेय, पूजा वार्ष्णेय, अंजू वार्ष्णेय, उर्मिला वार्ष्णेय एवं वीणा वार्ष्णेय प्रमुख रूप से उपस्थित रहीं।

एडीएचआर की पारिवारिक उत्सवों पर रक्तदान मुहिम से प्रेरित होकर बेटे के जन्मदिन पर हर वर्ष रक्तदान करते हैं माता-पिता

“जन्मदिन मनाइए, खुशियां बांटिए और रक्तदान कर किसी जरूरतमंद को जीवनदान भी दीजिए।”

हाथरस। समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाने और जरूरतमंद मरीजों को जीवनदान देने के उद्देश्य से एडीएचआर (एसोसिएशन ऑफ डेमोक्रेटिक ह्यूमन राइट्स) द्वारा चलाए जा रहे रक्तदान जागरूकता अभियान का सकारात्मक प्रभाव लगातार देखने को मिल रहा है। इसी मुहिम से प्रेरित होकर बागला डिग्री कॉलेज के कॉमर्स विभाग के प्रोफेसर राजेश शर्मा एवं उनकी पत्नी पूजा शर्मा अपने पुत्र आयुष्मान शर्मा के जन्मदिन के अवसर पर प्रत्येक वर्ष रक्तदान कर समाज के सामने एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत करते हैं।
दंपति का मानना है कि जन्मदिन जैसे खुशी के अवसर को केवल उत्सव तक सीमित न रखते हुए किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने के संकल्प के साथ मनाया जाना चाहिए। रक्तदान के माध्यम से वे रक्त की कमी से जूझ रहे मरीजों को जीवनदान देने का प्रयास करते हैं और समाज को भी इस नेक कार्य के लिए प्रेरित करते हैं।


प्रोफेसर राजेश शर्मा ने कहा कि एडीएचआर के राष्ट्रीय महासचिव प्रवीन वार्ष्णेय द्वारा समाज में रक्तदान के प्रति नई ऊर्जा और जागरूकता का संचार किया गया है। एडीएचआर की रक्तदान मुहिम लोगों को अपने हंसी-खुशी के पलों को सामाजिक सरोकारों से जोड़ने की प्रेरणा दे रही है। उन्होंने कहा कि यदि जन्मदिन, शादी की सालगिरह और अन्य पारिवारिक अवसरों पर रक्तदान किया जाए तो यह उत्सव किसी जरूरतमंद के लिए जीवन का सबसे बड़ा उपहार बन सकता है।
एडीएचआर के राष्ट्रीय महासचिव प्रवीन वार्ष्णेय ने कहा कि संस्था ने शुरू से ही समाज के लोगों से अपील की है कि वे अपने पारिवारिक उत्सवों, शादी की वर्षगांठ, जन्मदिन एवं अन्य खुशी के अवसरों पर रक्तदान कर दूसरों को जीवनदान देने का संकल्प लें।उन्होंने कहा कि “अपनी खुशियों को तभी वास्तविक अर्थ मिलता है, जब उनसे किसी दूसरे के जीवन में भी खुशियां और उम्मीद पैदा हों।” रक्तदान न केवल मानवता की सबसे बड़ी सेवा है, बल्कि यह समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी का भी प्रतीक है।
एडीएचआर की इस पहल से प्रेरित होकर राजेश शर्मा और पूजा शर्मा द्वारा अपने बेटे के जन्मदिन पर रक्तदान करने की परंपरा निश्चित रूप से समाज के लिए एक प्रेरक संदेश है

वाल्मीकि शिविर संयोजक बने सोनू पाथरे, सभासद अभिषेक राज ने प्रतीक चिन्ह देकर किया सम्मानित

हाथरस। मेला श्री दाऊजी महाराज स्थित महर्षि वाल्मीकि शिविर संयोजक बनाये जाने को लेकर वरिष्ठ समाज सेवी चौधरी रणवीर सिंह की अध्यक्षता मे आयोजित बैठक मे समाज के लोगों ने सर्वसमत्ती युवा समाजसेवी सोनू पाथरे को अध्यक्ष चुना है।
संयोजक पद के लिए राजकुमार डब्बू व सोनू पहलवान ने समाज के सामने अपना प्रस्ताव रखा था लेकिन राजकुमार डब्बू ने युवाओं को प्रेरित करने के उद्देश्य अपना नाम वापस लेकर सोनू पहलवान को समर्थन दिया था। सभासद अभिषेक राज सहित समाज के लोगो ने सोनू पाथरे का फूलमाला, पटका व प्रतीक चिन्ह देकर स्वागत किया है। निवर्तमान शिविर संयोजक ऋषभ चौधरी ने पिछले वर्ष का लेखा जोखा प्रस्तुत किया था। संचालन कन्हैया लाल ने किया।

शिविर संयोजक सोनू पहलवान ने समाज के लोगों को भरोसा दिलाया कि शिविर मे छात्र, बुजुर्ग सम्मान सहित सांस्कृतिक सभी कार्यक्रम भव्य रूप से आयोजित किये जायेंगे। इस मौक़े पर प्रमुख रूप से ग्राम पंचायत राज्य सफाई कर्मचारी संघ जिलाध्यक्ष बॉबी चौहान, बद्रीलाल चौहान, vसूरज हसमुख, बबलू हसमुख हृदेश चौटाला, नरेश बेनवाल, राजू पथरे दिलीप डब्बू, भोलू, अर्जुन वाल्मीकि आदि मौजूद रहे।

श्री वेद भगवान शोभायात्रा के महोत्सव सभापति बने पं. विश्वनाथ पुरोहित

हाथरस। श्री वेद भगवान सनातन धर्म सभा (रजिस्टर्ड), हाथरस की बैठक रविवार को नवल नगर स्थित फौजी भवन में सभा के अध्यक्ष डॉ. जितेंद्र स्वरूप शर्मा ‘फौजी साहब’ की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में आगामी 14 सितंबर को निकलने वाली श्री वेद भगवान शोभायात्रा को भव्य एवं आकर्षक बनाने को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। सर्वसम्मति से ज्योतिषाचार्य पं. विश्वनाथ पुरोहित को शोभायात्रा का महोत्सव सभापति चुना गया।

बैठक का शुभारंभ श्री वेद भगवान एवं मां सरस्वती के चित्र पर अध्यक्ष डॉ. जितेंद्र स्वरूप शर्मा, एमएलसी स्नातक मानवेंद्र प्रताप सिंह, डॉ. प्रशांत शर्मा, पं. बागीश दत्त गौड़, पं. विश्वनाथ पुरोहित, पं. मनोज द्विवेदी एवं पूर्व बीएसए भंवर सिंह पौरुष द्वारा विधि-विधान एवं मंत्रोच्चारण के साथ माल्यार्पण, दीप प्रज्ज्वलन और आरती-वंदन से हुआ।

बैठक में श्री वेद भगवान शोभायात्रा को इस बार और अधिक भव्य रूप देने पर चर्चा हुई। शोभायात्रा में बाहर से बैंड, कीर्तन मंडलियों तथा विभिन्न आकर्षक झांकियों की संख्या बढ़ाने पर विचार-विमर्श किया गया। सभा की गत वर्ष की कार्यवाही पढ़कर सुनाई गई, जिसकी सर्वसम्मति से पुष्टि की गई। वहीं कोषाध्यक्ष द्वारा गत वर्ष का आय-व्यय विवरण प्रस्तुत किया गया, जिसे भी सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई।

सभा के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी एवं उप जिलाधिकारी द्वारा श्री वेद भगवान की शोभायात्रा 14 सितंबर 2026, सोमवार को निकाले जाने की अनुमति प्रदान करने पर उनका हृदय से आभार व्यक्त किया।

भाद्रपद शुक्ल पक्ष गणेश चतुर्थी, संवत 2083 के अनुसार 14 सितंबर को प्रस्तावित शोभायात्रा के महोत्सव सभापति के चुनाव की प्रक्रिया शुरू हुई। पं. बागीश दत्त गौड़ ने पं. विश्वनाथ पुरोहित के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसका अनुमोदन पं. बृजेश वशिष्ठ ने किया। उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव को स्वीकार कर पं. विश्वनाथ पुरोहित को महोत्सव सभापति चुना।

महोत्सव सभापति चुने जाने पर पं. विश्वनाथ पुरोहित का श्री वेद भगवान के जयकारों के बीच फूल-मालाओं से स्वागत किया गया तथा उन्हें सम्मानस्वरूप वेद भगवान की पीतपटिका पहनाई गई। बैठक में उपस्थित भक्तजनों का भी पीतपटिका पहनाकर स्वागत किया गया। जलपान की व्यवस्था पं. शैलेंद्र वशिष्ठ द्वारा की गई, जिसके लिए सभा ने उनका आभार व्यक्त किया।

बैठक में डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह ‘एमएलसी’, ज्योतिषाचार्य पं. विश्वनाथ पुरोहित, पं. बागीश दत्त गौड़, आचार्य मनोज द्विवेदी, प्रशांत शर्मा, पं. ऋषि कुमार कौशिक, बृजेश वशिष्ठ, प्रीतम चौहान, चंद्र प्रकाश गुप्ता, बृजेश कुमार, अनिल बोहरे ‘आशुकवि’, डॉ. सुनील सेंगर, देव स्वरूप शर्मा, शैलेंद्र वशिष्ठ, डॉ. देवेंद्र कुमार शर्मा, शशांक पचौरी, एडवोकेट हुकम सिंह जादौन, नागेंद्र सिंह, डॉ. सत्येंद्र सिंह, राजेश कुमार शर्मा, प्रबंधक डॉ. जितेंद्र शर्मा सहित अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

अंत में “धर्म की जय हो, अधर्म का नाश हो, प्राणियों में सद्भावना हो, विश्व का कल्याण हो”, “दाऊजी महाराज की जय”, “रेवती मैया की जय”, “सनातन धर्म की जय”, “आज के आनंद की जय” तथा “पार्वती पतये हर-हर महादेव” के जयकारों के साथ बैठक का समापन हुआ।

हाईकोर्ट के आदेश के बाद भी नहीं मिल रही ज्वाइनिंग, BSA कार्यालय के चक्कर काट रहा वरिष्ठ लिपिक ,तीन माह से वेतन न मिलने का भी दावा

हाथरस। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) कार्यालय में वरिष्ठ लिपिक अमरनाथ को चार्ज लेने और ज्वाइनिंग को लेकर पिछले कुछ समय से कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। अमरनाथ का कहना है कि वह हाईकोर्ट के आदेश के बाद अपना चार्ज लेने कार्यालय पहुंचे, लेकिन उन्हें चार्ज नहीं दिया गया।
अमरनाथ के मुताबिक, इससे पहले हाईकोर्ट के आदेश में त्रुटि होने के कारण उन्हें चार्ज नहीं मिल सका था। बाद में आदेश में सुधार कराने के बाद वह दोबारा चार्ज लेने पहुंचे, लेकिन इसके बावजूद ज्वाइनिंग नहीं कराई गई। इस दौरान कार्यालय में मौजूद लोगों से उनकी कहासुनी होने की बात भी सामने आई है।


अमरनाथ ने बताया कि चार्ज नहीं मिलने के चलते वह लगातार कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं। करीब तीन दिन पहले अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया। उनका यह भी कहना है कि करीब तीन माह से वेतन नहीं मिलने के कारण उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार, 29 मई 2026 को अमरनाथ का मथुरा स्थानांतरण किया गया था। स्थानांतरण आदेश के खिलाफ उन्होंने हाईकोर्ट का रुख किया और स्टे मिलने की बात कही। इसके बाद वह हाथरस BSA कार्यालय में चार्ज लेने पहुंचे।
वहीं इस बारे में प्रभारी BSA गिर्राज सिंह से कोई संतोषजनक जवाब भी नहीं मिल पाया है। दूसरी ओर, BSA रणवीर सिंह के चिकित्सीय अवकाश पर होने की जानकारी दी गई है।
अमरनाथ ने अपनी ज्वाइनिंग कराने के लिए जिलाधिकारी हाथरस से भी गुहार लगाई है।

ईवीएम-वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जाँच का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण

हाथरस। जिला निर्वाचन कार्यालय स्थित वेयरहाउस में आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 में प्रयोग की जाने वाली ईवीएम एवं वीवीपैट की चल रही प्रथम स्तरीय जाँच (फर्स्ट लेवल चेकिंग) कार्य का जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी अतुल वत्स ने निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
इस दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं अधिकृत इंजीनियरों को निर्देशित किया कि ईवीएम एवं वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जाँच का कार्य भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं मानकों के अनुरूप पूरी पारदर्शिता और सावधानी के साथ सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने जाँच प्रक्रिया के दौरान निर्धारित प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। इस मौके पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी आदि उपस्थित रहें।

सीनियर महिला कबड्डी प्रतियोगिता के लिए जिला स्तरीय चयन/ट्रायल्स 11 सितंबर को

हाथरस । उप क्रीड़ा अधिकारी काशी नरेश यादव ने अवगत कराया है कि पं. दीन दयाल उपाध्याय प्रदेश स्तरीय सीनियर महिला कबड्डी प्रतियोगिता के लिए जिला स्तरीय चयन/ट्रायल्स का आयोजन 11 सितम्बर 2026 को प्रातः 11:00 बजे जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम, हाथरस में किया जाएगा।

इसके उपरांत मण्डल स्तरीय चयन/ट्रायल्स 12 सितम्बर 2026 को प्रातः 11:00 बजे अहिल्याबाई होल्कर स्पोर्ट्स स्टेडियम, अलीगढ़ में आयोजित होंगे। पं. दीन दयाल उपाध्याय प्रदेश स्तरीय सीनियर महिला कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन 15 से 17 सितम्बर 2026 तक सहारनपुर में किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि चयन/ट्रायल्स में प्रतिभाग करने वाली खिलाड़ियों के लिए अपने साथ समस्त मूल प्रमाण-पत्र, आयु संबंधी प्रमाण-पत्र तथा आधार कार्ड लाना अनिवार्य है। निर्धारित प्रमाण-पत्र एवं आधार कार्ड साथ न लाने की स्थिति में खिलाड़ी को चयन/ट्रायल्स में प्रतिभाग करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

You cannot copy content of this page