Breaking News
श्री वेद भगवान शोभायात्रा के महोत्सव सभापति बने पं. विश्वनाथ पुरोहित

हाथरस। श्री वेद भगवान सनातन धर्म सभा (रजिस्टर्ड), हाथरस की बैठक रविवार को नवल नगर स्थित फौजी भवन में सभा के अध्यक्ष डॉ. जितेंद्र स्वरूप शर्मा ‘फौजी साहब’ की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में आगामी 14 सितंबर को निकलने वाली श्री वेद भगवान शोभायात्रा को भव्य एवं आकर्षक बनाने को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। सर्वसम्मति से ज्योतिषाचार्य पं. विश्वनाथ पुरोहित को शोभायात्रा का महोत्सव सभापति चुना गया।

बैठक का शुभारंभ श्री वेद भगवान एवं मां सरस्वती के चित्र पर अध्यक्ष डॉ. जितेंद्र स्वरूप शर्मा, एमएलसी स्नातक मानवेंद्र प्रताप सिंह, डॉ. प्रशांत शर्मा, पं. बागीश दत्त गौड़, पं. विश्वनाथ पुरोहित, पं. मनोज द्विवेदी एवं पूर्व बीएसए भंवर सिंह पौरुष द्वारा विधि-विधान एवं मंत्रोच्चारण के साथ माल्यार्पण, दीप प्रज्ज्वलन और आरती-वंदन से हुआ।

बैठक में श्री वेद भगवान शोभायात्रा को इस बार और अधिक भव्य रूप देने पर चर्चा हुई। शोभायात्रा में बाहर से बैंड, कीर्तन मंडलियों तथा विभिन्न आकर्षक झांकियों की संख्या बढ़ाने पर विचार-विमर्श किया गया। सभा की गत वर्ष की कार्यवाही पढ़कर सुनाई गई, जिसकी सर्वसम्मति से पुष्टि की गई। वहीं कोषाध्यक्ष द्वारा गत वर्ष का आय-व्यय विवरण प्रस्तुत किया गया, जिसे भी सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई।

सभा के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी एवं उप जिलाधिकारी द्वारा श्री वेद भगवान की शोभायात्रा 14 सितंबर 2026, सोमवार को निकाले जाने की अनुमति प्रदान करने पर उनका हृदय से आभार व्यक्त किया।

भाद्रपद शुक्ल पक्ष गणेश चतुर्थी, संवत 2083 के अनुसार 14 सितंबर को प्रस्तावित शोभायात्रा के महोत्सव सभापति के चुनाव की प्रक्रिया शुरू हुई। पं. बागीश दत्त गौड़ ने पं. विश्वनाथ पुरोहित के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसका अनुमोदन पं. बृजेश वशिष्ठ ने किया। उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव को स्वीकार कर पं. विश्वनाथ पुरोहित को महोत्सव सभापति चुना।

महोत्सव सभापति चुने जाने पर पं. विश्वनाथ पुरोहित का श्री वेद भगवान के जयकारों के बीच फूल-मालाओं से स्वागत किया गया तथा उन्हें सम्मानस्वरूप वेद भगवान की पीतपटिका पहनाई गई। बैठक में उपस्थित भक्तजनों का भी पीतपटिका पहनाकर स्वागत किया गया। जलपान की व्यवस्था पं. शैलेंद्र वशिष्ठ द्वारा की गई, जिसके लिए सभा ने उनका आभार व्यक्त किया।

बैठक में डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह ‘एमएलसी’, ज्योतिषाचार्य पं. विश्वनाथ पुरोहित, पं. बागीश दत्त गौड़, आचार्य मनोज द्विवेदी, प्रशांत शर्मा, पं. ऋषि कुमार कौशिक, बृजेश वशिष्ठ, प्रीतम चौहान, चंद्र प्रकाश गुप्ता, बृजेश कुमार, अनिल बोहरे ‘आशुकवि’, डॉ. सुनील सेंगर, देव स्वरूप शर्मा, शैलेंद्र वशिष्ठ, डॉ. देवेंद्र कुमार शर्मा, शशांक पचौरी, एडवोकेट हुकम सिंह जादौन, नागेंद्र सिंह, डॉ. सत्येंद्र सिंह, राजेश कुमार शर्मा, प्रबंधक डॉ. जितेंद्र शर्मा सहित अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

अंत में “धर्म की जय हो, अधर्म का नाश हो, प्राणियों में सद्भावना हो, विश्व का कल्याण हो”, “दाऊजी महाराज की जय”, “रेवती मैया की जय”, “सनातन धर्म की जय”, “आज के आनंद की जय” तथा “पार्वती पतये हर-हर महादेव” के जयकारों के साथ बैठक का समापन हुआ।

Unknown's avatar

आशीष सेंगर

 aashishsengar@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page