हाईकोर्ट के आदेश के बाद भी नहीं मिल रही ज्वाइनिंग, BSA कार्यालय के चक्कर काट रहा वरिष्ठ लिपिक ,तीन माह से वेतन न मिलने का भी दावा
हाथरस। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) कार्यालय में वरिष्ठ लिपिक अमरनाथ को चार्ज लेने और ज्वाइनिंग को लेकर पिछले कुछ समय से कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। अमरनाथ का कहना है कि वह हाईकोर्ट के आदेश के बाद अपना चार्ज लेने कार्यालय पहुंचे, लेकिन उन्हें चार्ज नहीं दिया गया।
अमरनाथ के मुताबिक, इससे पहले हाईकोर्ट के आदेश में त्रुटि होने के कारण उन्हें चार्ज नहीं मिल सका था। बाद में आदेश में सुधार कराने के बाद वह दोबारा चार्ज लेने पहुंचे, लेकिन इसके बावजूद ज्वाइनिंग नहीं कराई गई। इस दौरान कार्यालय में मौजूद लोगों से उनकी कहासुनी होने की बात भी सामने आई है।

अमरनाथ ने बताया कि चार्ज नहीं मिलने के चलते वह लगातार कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं। करीब तीन दिन पहले अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया। उनका यह भी कहना है कि करीब तीन माह से वेतन नहीं मिलने के कारण उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार, 29 मई 2026 को अमरनाथ का मथुरा स्थानांतरण किया गया था। स्थानांतरण आदेश के खिलाफ उन्होंने हाईकोर्ट का रुख किया और स्टे मिलने की बात कही। इसके बाद वह हाथरस BSA कार्यालय में चार्ज लेने पहुंचे।
वहीं इस बारे में प्रभारी BSA गिर्राज सिंह से कोई संतोषजनक जवाब भी नहीं मिल पाया है। दूसरी ओर, BSA रणवीर सिंह के चिकित्सीय अवकाश पर होने की जानकारी दी गई है।
अमरनाथ ने अपनी ज्वाइनिंग कराने के लिए जिलाधिकारी हाथरस से भी गुहार लगाई है।

