Breaking News
नवरात्रि पर ब्रह्माकुमारीज ने कराए “माँ के नौ दिव्य रूपों के पावन दर्शन”

सादाबाद। नवरात्रि के पावन अवसर पर ब्रहाकुमारीज द्वारा “माँ के नौ दिव्य रूपों का पावन दर्शन” विषय पर एक विशेष आध्यात्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं को नवदुर्गा के नौ स्वरूपों की सजीव झांकी के दर्शन कराए गए और उनके आध्यात्मिक महत्व, उनके गुणों तथा जीवन में उनके व्यावहारिक उपयोग के बारे में विस्तार से बताया गया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि नवरात्रि केवल एक धार्मिक उत्सव नहीं, बल्कि आत्म-परिवर्तन, आत्मशुद्धि और आंतरिक शक्ति जागरण का महत्वपूर्ण पर्व है। उन्होंने बताया कि माँ के नौ रूप मानव जीवन के विभिन्न गुणों शक्ति, ज्ञान, करुणा और साहस का प्रतीक हैं, जिन्हें अपनाकर जीवन को सकारात्मक दिशा दी जा सकती है। प्रभारी बीके भावना दीदी ने राजयोग ध्यान के माध्यम से उपस्थित श्रद्धालुओं को आंतरिक शांति, शक्ति और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव कराया। ध्यान सत्र के दौरान वातावरण अत्यंत शांत एवं आध्यात्मिक हो गया, जिससे उपस्थित जनों को गहन आत्मिक अनुभूति प्राप्त हुई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त किया तथा विश्व शांति और मानव कल्याण की कामना की।

श्रद्धा के साथ हुआ कन्या पूजन, “जय माता दी” के जयकारों से गूंजा कोतवाली परिसर

सादाबाद। चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर शुक्रवार को कोतवाली सादाबाद परिसर में श्रद्धा और उल्लास के साथ कन्या पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में नौ देवी स्वरूपा कन्याओं का विधि-विधान से पूजन कर उन्हें भोजन कराया गया।
कार्यक्रम के दौरान प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने श्रद्धा भाव से कन्याओं के चरण पखारे, उन्हें रोली-अक्षत का टीका लगाया और पूजन कर आशीर्वाद लिया। इसके पश्चात बालिकाओं को हलवा, पूड़ी, चना सहित अन्य प्रसाद वितरित किया गया। इस मौके पर ‘मिशन शक्ति’ अभियान के अंतर्गत महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा एवं सम्मान के प्रति जागरूकता भी फैलाई गई। प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार सिंह ने कहा कि कन्याएं साक्षात देवी का स्वरूप होती हैं और समाज में बेटियों को सम्मान और सुरक्षा देना हम सभी की जिम्मेदारी है। पूरे कार्यक्रम के दौरान कोतवाली परिसर “जय माता दी” के जयकारों से गूंजता रहा, जिससे वातावरण भक्तिमय हो गया। इस अवसर पर कोतवाली का समस्त पुलिस स्टाफ तथा क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

जनपद में पेट्रोल – डीजल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध , डीएम ने किया पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण , अफवाहों पर ध्यान न देंने की अपील

हाथरस। जनपद में पेट्रोल-डीजल की कमी के संबंध में प्राप्त हो रही अफवाहों के दृष्टिगत जिलाधिकारी अतुल वत्स ने मथुरा रोड तथा शहर में संचालित विभिन्न पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण कर यथास्थिति का जायजा लिया तथा लोगों को सुचारु रूप से आपूर्ति प्रदान करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने चूना वाला, बल्क कैरियर एवं एग्रो सर्विस सेंटर सहित विभिन्न पेट्रोल पंपों के निरीक्षण के दौरान पाया कि स्थिति पूर्णतः सामान्य है। कहीं भी लाइन लगाकर पेट्रोल भरवाने जैसी कोई स्थिति नहीं है।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पेट्रोल पंप संचालकों से वार्ता कर पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता तथा भुगतान के माध्यम (ऑनलाइन/ऑफलाइन) के संबंध में जानकारी प्राप्त की। पेट्रोल पंप संचालकों द्वारा अवगत कराया गया कि उनके पास पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल-डीजल उपलब्ध है तथा ग्राहकों से ऑनलाइन एवं नकद, दोनों माध्यमों से भुगतान लिया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने मौके पर उपस्थित ग्राहकों से भी बातचीत कर यह जानकारी ली कि पेट्रोल-डीजल निर्धारित दरों पर उपलब्ध कराया जा रहा है या नहीं। इस पर लोगों ने बताया कि उन्हें निर्धारित दरों पर ही पेट्रोल-डीजल प्राप्त हो रहा है तथा किसी प्रकार की कोई समस्या नहीं है।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि जनपद में पेट्रोल-डीजल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है, अतः घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है। सभी लोग सामान्य रूप से अपनी आवश्यकता के अनुसार पेट्रोल-डीजल प्राप्त करें तथा अफवाहों पर ध्यान न दें। यदि कहीं कोई समस्या उत्पन्न होती है तो तत्काल जिला प्रशासन को सूचित करें।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक, उप जिलाधिकारी सदर, जिला पूर्ति अधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

भक्तों की आस्था का केंद्र है बिसावर का बृजेश्वरी देवी मां का मंदिर

सादाबाद। ग्राम पंचायत बिसावर के मजरा नगला मदारी में स्थित करीब 100 साल से अधिक पुराना प्राचीन बृजेश्वरी देवी का मंदिर भक्तों की आस्था का केंद्र बना हुआ है। मान्यता है कि यहां जो भक्त सच्चे मन से अपनी मुराद लेकर आता है, उसकी मुराद जरूर पूरी होती है। गांव में यह मंदिर नहर किनारे बना हुआ है। गांव के बुजुर्गों का कहना है कि इस मंदिर में विराजमान देवी प्रतिमा को नगरकोट से गांव के बन्नो भगत और रामगोपाल पैदल लेकर आए थे। इस मंदिर के प्रति आसपास के लोगों की विशेष आस्था है। हर बार नवरात्र में यहां दूर-दूर से भक्तों का आना-जाना लगा रहता है

  • मां आदिशक्ति बृजेश्वरी देवी का मंदिर काफी पुराना है। यहां आने वाले हर भक्त की मनोकामना पूर्ण होती है। कई ऐसे भक्त हैं, जो हर साल मातारानी की पोशाक व श्रृंगार का सामान अर्पण करने आते हैं।- रूपेश भगत, मंदिर पुजारी।
सादाबाद में पेट्रोल के लिए हंगामा, लंबी लाइनें, पुलिस की मौजूदगी में मिली पेट्रोल

सादाबाद। मिडिल ईस्ट में भारी तनाव के चलते जहां लोग पहले से ही एलपीजी की किल्लत से जूझ रहे हैं, वहीं अब पेट्रोल डीजल के रेट में हुई वृद्धि ने मंहगाई का बड़ा झटका दिया है। सादाबाद में नायरा एनर्जी के पंपों पर भी पेट्रोल पंाच रूपये महंगा हो गया। हालांकि अन्य कंपनियों के पेट्रोल पंपों पर अभी पुराने रेट ही लागू हैं। ऐसे में सादाबाद में गुरूवार को कुछ पेट्रोल पंपों पर वाहनों में पेट्रोल भरवाने के लिए भीड़ उमड़ पड़ी तो कुछ पेट्रोल पंप वीरान पड़े रहे। चौधरी चरण सिंह प्रतिमा स्थल के सामने स्थित पारिजात पेट्रोल पंप पर गुरूवार की शाम को भारी संख्या में लोग पेट्रोल डलवाने उमड़ पड़े। पेट्रोल के लिए जब हंगामा होने लगा तो मौके पर पंप कर्मियों को पुलिस को सूचना देनी पड़ी, जिसके बाद मौके पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने लाइन लगवाकर पेट्रोल का वितरण कराया। मौके पर काफी लंबी लाइनें लग गईं। कई चौपहिया व दोपहिया वाहन चालक अपने वाहनों की टंकी फुल कराकर ले गए। वहीं दूसरी ओर लोग घरों में भी तेल को डंप करने में लगे रहे। हालांकि पेट्रोल पंपों पर डिब्बे या बोतल में तेल देने पर रोक लगा दी गई। वहीं, बस स्टेंड के निकट स्थित भारत पेट्रोल पंप वीरान पड़ा रहा। यहां ग्राहकों को पेट्रोल की आपूर्ति न होने का हवाला दिया गया। इसी तरह का हाल ग्रामीण क्षेत्र की पेट्रोल पंपों का रहा। कहीं भीड़ उमड़ी तो कहीं पेट्रोल पंप वीरान पड़े रहे।

दुर्गाष्टमी पर घर-घर जिमाए गए कन्या-लांगुरा, भक्तिमय माहौल में हुई पूजा-अर्चना

सादाबाद। चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर दुर्गाष्टमी के दिन सादाबाद क्षेत्र में भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। गुरूवार को नगर और ग्रामीण इलाकों में घर-घर कन्या-लांगुरा पूजन का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर कन्याओं को देवी स्वरूप मानकर उनका पूजन किया और उन्हें भोजन कराकर आशीर्वाद प्राप्त किया।
सुबह से ही घरों में पूजा-पाठ का दौर शुरू हो गया। महिलाओं ने घरों को सजाकर कन्याओं का तिलक कर उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्हें पूड़ी, चने, हलवा सहित विभिन्न पकवानों का प्रसाद परोसा गया। कन्याओं के साथ लांगुरा (छोटे बालक) को भी विशेष रूप से भोजन कराया गया। पूजा के बाद कन्याओं को उपहार, वस्त्र और दक्षिणा देकर विदा किया गया। मंदिरों में भी दुर्गाष्टमी के अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना और हवन-यज्ञ आयोजित किए गए। भक्तों की भीड़ दिनभर मंदिरों में उमड़ी रही। “जय माता दी” के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं का मानना है कि दुर्गाष्टमी के दिन कन्या पूजन करने से मां दुर्गा प्रसन्न होती हैं और घर में सुख-समृद्धि आती है। इस अवसर पर बच्चों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। पूरे क्षेत्र में दुर्गाष्टमी का पर्व हर्षाेल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया, जिससे माहौल पूरी तरह धार्मिक रंग में रंगा नजर आया।

क्षत्रिय महासभा ने महाराणा प्रताप शोभायात्रा कमेटी का किया स्वागत

हाथरस। अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा ने अपने कैम्प कार्यालय एहन में महाराणा प्रताप शोभायात्रा के नवनिर्वाचित अध्यक्ष अनिल सिसोदिया एवं संयोजक संदीप सिसोदिया तथा समस्त सहसंयोजक का महासभा के अध्यक्ष प्रहलाद सिंह ने पगड़ी पहनाकर एवं प्रतीक चिन्ह देकर भव्य स्वागत सम्मान किया। साथ ही महाराणा प्रताप की वीरता धर्म जन प्रियता एवं देशभक्ति व बलिदान पर प्रकाश डाला उन्होंने वहां उपस्थित सभी क्षत्रिय बंधुओं को इनसे प्रेरणा लेने की अपील की वहीं क्षत्रिय एकता और समरसता के साथ शोभायात्रा को भव्य बनाने के लिए सहयोग की कामना की, कार्यक्रम में मुख्य रूप से क्षत्रिय महासभा के राष्ट्रीय सचिव मतेंद्र सिंह गहलोत, प्रदेश सचिव योगेंद्र गहलोत, प्रदेशध्यक्ष जोगेंद्र सिंह, भीकम सिंह चौहान, एडवोकेट मनोज प्रधान, हरीश सेंगर, अमित पौरुष, नवीन प्रताप सिंह, मोहित चौहान, नितिन शेखावत, देवेंद्र तोमर, विकाश पौरुष, उदय राणा, राहुल सिंह, सोनू ठाकुर, रजत ठाकुर, छोटू राणा, हरेंद्र सिंह, अशोक कुमार, राजेंद्र सिंह, सुखवीर सिंह, बृजमोहन मदनावत, संजय कुमार, पीयूष सिंह, संदीप सिसोदिया, सतेंद्र सिसोदिया, गौरव ठाकुर, मोना ठाकुर, प्रशांत सिसोदिया, शैलेंद्र चौहान, मदन बाबा, पवन गहलोत उपस्थित रहे।

वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा और कल्याण के लिए कानूनोँ की दी जानकारी

हाथरस । मीतई स्थित वृद्धाश्रम में अटल वयो अभ्युदय योजना के अंतर्गत एक कार्यशाला और स्वयं सेवा शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में वृद्धजनों को उनके कानूनी अधिकारों और संबंधित प्रावधानों के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एडवोकेट गोविंद उपाध्याय ने वृद्धजनों को संबोधित किया। उन्होंने बताया कि 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा और कल्याण के लिए विशेष कानूनी प्रावधान मौजूद हैं।
एडवोकेट उपाध्याय ने माता-पिता और वरिष्ठ नागरिक भरण-पोषण अधिनियम 2007 का विशेष रूप से उल्लेख किया। इस अधिनियम के तहत, यदि बच्चे या वारिस बुजुर्गों की उपेक्षा करते हैं, तो उन्हें तीन माह तक की कैद हो सकती है।

एडवोकेट उपाध्याय ने आगे बताया कि दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) के अंतर्गत बुजुर्गों को संपत्ति की सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधाएं, कर संबंधी लाभ और अन्य वित्तीय सहायता मिलती है। उन्होंने घरेलू हिंसा के मामलों में भी दंड के प्रावधानों पर प्रकाश डाला।
उन्होंने सरकार द्वारा बुजुर्गों के सम्मान और बेहतर जीवन के लिए चलाई जा रही वृद्धा पेंशन योजनाओं तथा प्रत्येक जिले में वृद्धाश्रमों की व्यवस्था का भी उल्लेख किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. ओमप्रकाश सारस्वत ने की। उन्होंने कहा कि वृद्धावस्था कानून बुजुर्गों की कानूनी आवश्यकताओं को पूरा करने वाला एक महत्वपूर्ण क्षेत्र है। यह सेवानिवृत्ति लाभ, संपत्ति नियोजन, स्वास्थ्य देखभाल और स्वास्थ्य प्रबंधन जैसे विषयों पर जागरूकता बढ़ाने में सहायक है।

जिला विधिक सेवा कार्यालय ने सभी गरीब और समाज के वंचित वर्गों को मुफ्त कानूनी सहायता (फ्री एडवोकेट) और न्याय व्यवस्था के प्रबंधन के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम के समापन पर मुख्य संचालिका नीतू मिश्रा ने सभी का आभार व्यक्त किया।

भगवान श्री महावीर स्वामी के जन्म कल्याणक महोत्सव पर सार्वजनिक अवकाश घोषित करने की मांग

श्री जैन नवयुवक सभा अध्यक्ष उमाशंकर जैन ने मुख्यमंत्री के नाम जिलाधिकारी को सौपा ज्ञापन

हाथरस। भगवान श्री महावीर स्वामी के जन्म कल्याणक महोत्सव पर सार्वजनिक अवकाश घोषित करने के लिए अध्यक्ष उमा शंकर जैन ने जिला अधिकारी अतुल वत्स को मुख्यमंत्री के नाम दीये ज्ञापन 30 मार्च 2026 को एनएक्ट के तहत सार्वजनिक अवकाश घोषित करने की मांग की। श्री जैन नवयुवक सभा अध्यक्ष उमाशंकर जैन ने मुख्यमंत्री के नाम दिए ज्ञापन में बताया कि सरकारी कैलेंडर में महावीर जयंती का अवकाश 31 दिसंबर का घोषित है जबकि भगवान महावीर स्वामी की शोभायात्रा अलीगढ़ मंडल में 30 मार्च को निकली जा रही है अध्यक्ष उमाशंकर जैन ने कहा कि पूरे भारतवर्ष में भगवान महावीर जयंती की शोभायात्रा संतों 30 मार्च को निकल रही है उत्तर प्रदेश के कुछ जिले ऐसे भी जहा 31 मार्च को निकाली जा रही है। जिस तरह आपने अष्टमी,रामनवमी पर्व पर दो दिन अवकाश घोषित कर ऐतिहासिक कदम उठाया है उसी तरह पूरे देश में अहिंसा और शांति के संदेश देने वाले भगवान महावीर स्वामी की जयंती पर 30 मार्च को अवकाश घोषित होना चाहिए अध्यक्ष उमा शंकर जैन ने मुख्यमंत्री को बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी शोभायात्रा उत्साह व धूम धाम से निकाली जा रही है। दो दिवसीय महोत्सव के तहत 29 मार्च 2026 को दोपहर 2 बजे से माहेश्वरी धर्मशाला में एक शाम महावीर के नाम कार्यक्रम आयोजन प्रतिष्ठाचार्य श्री राकेश भैया जी के सानिध्य में होगा और दूसरे दिन 30 मार्च को प्रात 9 बजे से भव्य शोभा यात्रा निकाली जाएगी । अध्यक्ष उमा शंकर जैन ने कहा कि यदि 30 मार्च का अवकाश घोषित नहीं हुआ तो शोभायात्रा में सरकारी कर्मचारी अधिकारी और बच्चे शामिल नहीं हो। पाएंगे तमाम इसलिए आपसे विशेष आग्रह है कि 30 मार्च को अवकाश घोषित करने की कृपा करें। जैन समाज आपका आभारी रहेगा। शोभायात्रा नयागंज स्थित भगवान नेमिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर से शुरू होगी । जन्म कल्याक महोत्सव पर सभी जिन मंदिरों में भव्य सजावट करायी जायेगी । पूरे शहर में भगवान 24 तीर्थंकरो का नाम से स्वागत द्वार बनाये जायंगे। ज्ञापन देने वालों में अध्यक्ष उमाशंकर जैन, अनिल जैन गुड्डू राकेश जैन महामंत्री अमित जैन, वरिष्ठ उपाध्यक्ष कमलेश जैन लाल वाले, सुधीर जैन ज्वैलर्स संजीव जैन भूरा कोषाध्यक्ष विवेक जैन उपाध्यक्ष गगन जैन जितेंद्र जैन मंत्री आशीष जैन उप मंत्री कपिल जैन चूर्ण वाले, सौरभ जैन रानू प्रचार मंत्री ललित जैन आय व्यय निरीक्षक संजीव लुहाड़िया संरक्षक धरणेन्द्र कुमार जैन पवन जैन आईटीआई धन्यकुमार सोगानी शोभायात्रा संयोजक रिटायर्ड मंडी निरीक्ष उमेश चंद्र जैन स्वागताध्यक्ष उमेश चंद जैन कपड़ा वाले को सभासद प्रतिनिधि धीरज जैन धर्मेंद्र जैन जिनेन्द्र जैन सिम्पल,दिलीप जैन मुकेश जैन संदीप जैन ज्वैलर्स मनीष जैन रंगवाले अतुल जैन यतीश जैन हिमांशु जैन अनूप जैन लाल वाले सुनीत जैन सुत वाले पंकज जैन ट्रक वाले अर्पित जैन तनु जैन अतुल जैन सूत वाले सतेंद्र जैन, आदि लोग लगे हुए है

पुण्यतिथि पर हवन यज्ञ कर श्रद्धांजलि की अर्पित

हाथरस। जिला पंचायत के पूर्व प्रशासनिक अधिकारी एवं आर्य समाज के वरिष्ठ सदस्य स्वर्गीय किशनलाल शर्मा की पुण्यतिथि पर आर्य समाज मुरसान द्वारा हाथरस में बृहद हवन यज्ञ का आयोजन कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।कार्यक्रम का शुभारम्भ पुरोहित दिनेश अग्निहोत्री द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ किया गया। हवन यज्ञ में विश्व कल्याण की भावना से आहुतियां दी गई और उपस्थित लोगों ने स्वर्गीय शर्मा के आदर्शों को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। इस अवसर पर तुलाराम सुमन, दिनेश कुमार आर्य, पदम कुमार वर्मा, संजीव सिंघल बौबीलाला, गोपाल अग्निहोत्री, रवि कुलश्रेष्ठ, आयुष आर्य, वेद प्रकाश सिंह, विजय कुमारी आर्य, भीकचंद बाष्णेय, मुकेश भारद्वाज, मनोज आर्य, सुनील बाष्णेय सहित अनेक गणमान्य लोग एवं परिवारीजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और श्रद्धासुमन अर्पित किए।

You cannot copy content of this page