ओबीसी बेरोजगार युवाओं को ‘ओ-लेवल’ व ‘सीसीसी’ कंप्यूटर प्रशिक्षण, आवेदन तिथियां घोषित
हाथरस। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी स्मृति गौतम ने जानकारी देते हुये बताया कि पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा अन्य पिछड़ा वर्ग के ऐसे बेरोजगार युवक/युवतियों, जिनकी न्यूनतम शैक्षिक योग्यता इंटरमीडिएट उत्तीर्ण है तथा जिनके माता-पिता/अभिभावकों की समस्त स्रोतों से वार्षिक आय ₹1,00,000 तक है, को रोजगारपरक कंप्यूटर प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
वित्तीय वर्ष 2026-27 में यह प्रशिक्षण भारत सरकार की संस्था नीलिट (राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान) से मान्यता प्राप्त संस्थाओं के माध्यम से ‘ओ-लेवल’ एवं ‘सीसीसी’ पाठ्यक्रमों में कराया जाएगा।
इच्छुक प्रशिक्षणदायी संस्थाएं 20 मई 2026 से 03 जून 2026 तक तथा प्रशिक्षण प्राप्त करने के इच्छुक अभ्यर्थी 16 जून 2026 से 10 जुलाई 2026 तक योजना के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
योजना से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश, पात्रता, समय-सारिणी एवं आवेदन प्रक्रिया विभागीय वेबसाइट https://backwardwelfare.up.gov.in
तथा योजना पोर्टल https://obccomputertraning.upsdc.gov.in
पर उपलब्ध हैं।
ऑनलाइन आवेदन के उपरांत प्रशिक्षणदायी संस्थाओं को आवेदन-पत्र की हस्ताक्षरित हार्डकॉपी आवश्यक अभिलेखों सहित 03 जून 2026 सायं 05:00 बजे तक तथा अभ्यर्थियों को आवेदन-पत्र की हार्डकॉपी आवश्यक संलग्नकों सहित 10 जुलाई 2026 सायं 05:00 बजे तक कार्यालय जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, कक्ष संख्या 208, विकास भवन, जनपद हाथरस में जमा कराना अनिवार्य होगा।
योजना के अंतर्गत संस्थाओं का चयन निदेशक, पिछड़ा वर्ग कल्याण की अध्यक्षता में गठित समिति द्वारा तथा अभ्यर्थियों का चयन जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित जनपदीय समिति द्वारा किया जाएगा।
अधिक जानकारी हेतु अभ्यर्थी एवं संस्थाएं विभागीय पोर्टल का अवलोकन कर सकते हैं।

