Breaking News
जिला निर्वाचन अधिकारी ने किया ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण

हाथरस । जिला निर्वाचन अधिकारी अतुल वत्स ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस का त्रैमासिक आंतरिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गोदाम के दरवाजों की सील राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के समक्ष खोली गईं तथा वेयरहाउस में सुरक्षित भंडारित मशीनों का अवलोकन किया।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने वेयरहाउस कक्ष एवं दीवारों की साफ-सफाई कराने तथा प्रकाश के उचित प्रबंध करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होने सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता भी परखी। उन्होंने बताया कि वेयरहाउस में भंडारित सभी ईवीएम एवं वीवीपैट पूरी तरह सुरक्षित हैं और यहां 24 घंटे पर्याप्त सुरक्षाबल तैनात रहते हैं। निरीक्षणोपरांत भ्रमण पंजिका पर हस्ताक्षर किये।
इस अवसर पर प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट लवगीत कौर, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी जैपाल सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी राकेश बाबू, सुनील वर्मा एडवोकेट प्रशासनिक प्रमुख बीजेपी, उपाध्यक्ष अजय सिकरवार समाजवादी पार्टी, जिलाध्यक्ष राजकपूर बीएसपी, जिला सचिव सीपीआईएम, वरिष्ठ उपाध्यक्ष रहमत अली आप पार्टी, जिला अध्यक्ष कांग्रेस विवेक उपाध्याय सहित संबंधित अधिकारी एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि आदि उपस्थित रहे।

भूमि से संबंधित प्रत्येक शिकायत का भौतिक सत्यापन अनिवार्य रूप से करें:डीएम

हाथरस । थाना समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी अतुल वत्स ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिंहा के साथ थाना हाथरस जंक्शन में जनसमस्याओं की सुनवाई कर संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों का मौके पर मुआयना कर समस्याओं का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि थाना समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही टीम भेजकर कराया जाए तथा भूमि से संबंधित प्रत्येक शिकायत का भौतिक सत्यापन अनिवार्य रूप से किया जाए। उन्होंने अवैध अतिक्रमणों को हटाने पर विशेष बल देते हुए कहा कि अपराधियों के विरुद्ध पुलिस व प्रशासन संयुक्त रूप से प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि थानों में आने वाले फरियादियों से शालीन व संवेदनशील व्यवहार किया जाए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता पाए जाने पर कठोर कार्यवाही की जाएगी।
इस मौके पर उन्होंने साइबर हैल्प डेस्क कक्ष तथा मिशन शक्ति केन्द्र का निरीक्षण किया तथा उपलब्ध पंजिका का अवलोकन करने के साथ ही दर्ज शिकायतों के संबंध में विस्तार पूर्वक जानकारी कर प्राप्त महिला शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किये जाने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिंहा ने कहा कि शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध निस्तारण शासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे संवेदनशील रवैया अपनाकर शिकायतकर्ताओं को संतोषजनक समाधान प्रदान करें।
थाना समाधान दिवस के मौके पर क्षेत्राधिकारी पुलिस, थाना प्रभारी, लेखपाल सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

भारत विकास परिषद संस्कार शाखा की नई कार्यकारिणी का गठन , कमलेश जैन अध्यक्ष, अंकुल जैन डिब्बे वाले मंत्री व अंकित वार्ष्णेय कोषाध्यक्ष बने

हाथरस। भारत विकास परिषद संस्कार शाखा की साधारण बैठक जैक डोनाल्ड रेस्टोरेंट पर सौरभ अग्रवाल हींग वाले की अध्यक्षता में आयोजित की गयी। जिसमें 2025-26 के आय व्यय का ब्यौरा कोषाध्यक्ष राहुल शर्मा ने प्रस्तुत किया । संस्कार शाखा के वर्ष 2025-26 के नए कार्यकाल का मनोनयन शाखा के मनोनयन अधिकारी श्री अनिल वार्ष्णेय तेल वाले एवं राकेश वार्ष्णेय धागे वालो की संस्तुति पर मनोज कुमार अग्रवाल राया वालो ने अध्यक्ष पद के लिये श्री कमलेश जैन लालवाला का नाम प्रस्तावित किया जो कि हरीश वार्ष्णेय एवं मदन मोहन वार्ष्णेय ने उनके नाम का अनुमोदन किया। इस तरह कमलेश जैन जी को संस्था का अध्यक्ष, श्री अंकुल जैन डिब्बे वाले को एक बार फिर मंत्री पद की जिम्मेदारी दी गई तथा अंकित वार्ष्णेय को कोषाध्यक्ष पद पर एवं महिला संयोजिका के पद पर एक बार फिर श्रीमती सीमा वार्ष्णेय गोपाल ड्रेसेज वालो का मनोनयन किया।
सभी ने नए पदाधिकारियों का फूल माला एवं दुपट्टा पहना कर स्वागत किया। नए अध्यक्ष कमलेश जैन ने कहा कि संस्कार शाखा ने उनके ऊपर जो विश्वास दिखाया है,संस्कार शाखा की नई टीम शाखा के कर्तव्यों एवं उद्देश्यों को ध्यान में रखते हुए संस्कार शाखा को ऊंचाइयों पर पहुंचाने का पूरा प्रयास करेगी। बैठक का संचालन श्री हरीश वार्ष्णेय एवं मनोज अग्रवाल राया वालो ने संयुक्त रूप से किया।
बैठक में विकाश रत्न श्री सतीश अग्रवाल जी, देवेंद्र मोहता, विजयकृष्ण गर्ग,मुरारी लाल अग्रवाल, ऋषिकुमार बंसल सर्राफ, राजकुमार अग्रवाल , कपिल अग्रवाल तेल वाले, भगवत गर्ग शीशा वाले, डा० मनोज शर्मा, मोहित अग्रवाल कपड़े वाले, विजय अगृवाल हींग वाले, अभिषेक अग्रवाल, गोपाल राठी,नवीन खंडेलवाल, नितिन माहेश्वरी,देवेंद्र कुमार वार्ष्णेय, अभिषेक अग्रवाल,संजय वार्ष्णेय, कैलाश चंद्र अग्रवाल,प्रवीण वर्मा, सौरभ वार्ष्णेय, कपिल वार्ष्णेय, विवेक मल्होत्रा, जय प्रकाश गुप्ता , योगेश बंसल, जस मित्तल, मोहित मित्तल,मदन मोहन प्रेस वाले, कृष्ण कुमार अग्रवाल माँ गोरी गारमेंट वाले आदि उपस्थित थे।

सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में भव्य वार्षिक परीक्षाफल एवं पुरस्कार वितरण समारोह सम्पन्न

हाथरस । सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, लेबर कॉलोनी में वार्षिक परीक्षाफल एवं पुरस्कार वितरण समारोह बड़े उत्साह और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कक्षा 6 से 9 एवं 11 तक के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले भैया एवं बहिनों को पुरस्कार एवं रिपोर्ट कार्ड देकर सम्मानित किया गया।
विद्यालय की वार्षिक परीक्षा में कुल 1135 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया, जिसमें विद्यालय का परीक्षाफल शत-प्रतिशत रहा। इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार एवं अभिभावकों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
इसके अतिरिक्त सरस्वती प्रतिभा खोज परीक्षा (मेधावी परीक्षा) तथा वर्षभर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले भैया-बहिनों को गोल्ड मेडल एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में अभिभावकों की उपस्थिति भी सराहनीय रही और अपने बच्चों के उत्कृष्ट परिणाम सुनकर उनके चेहरे पर प्रसन्नता स्पष्ट रूप से झलक रही थी।
इस अवसर पर नगर के अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। जिनमें अध्यक्ष पुरुषोत्तम दास राठी, उपाध्यक्ष शरद तिवारी , प्रबंधक मनोज अग्निहोत्री , दीपक शर्मा , अनु विमल, प्रतिभा भारद्वाज , टिंकू सिंह राणा , प्रमोद कुमार ऑडिटर, उमाशंकर गुप्ता , एवं सुनील पंडित सभासद, नवीन सबलोक सभासद, मुकेश बंसल, प्रबल प्रताप सिंह, शुभम एलानी आदि प्रमुख रूप से मंच पर उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन आचार्य राजेश कुमार शर्मा द्वारा कुशलतापूर्वक किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य लोकेन्द्र नाथ शर्मा ने वर्षभर में आयोजित प्रतियोगिताओं, परीक्षाओं एवं खेलकूद गतिविधियों का विस्तृत वृत प्रस्तुत किया तथा विद्यार्थियों को निरंतर परिश्रम एवं अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
समारोह का समापन हर्षोल्लास एवं विद्यार्थियों के उत्साह के साथ हुआ।

लूट की घटना में वांछित 01 अभियुक्त गिरफ्तार

हाथरस। अमित पुत्र मेघ सिंह निवासी टटी डण्डिया,थाना सिकन्दराराऊ द्वारा थाना सिकंद्रारऊ पर सूचना दी कि 18.03.2026 को वह रोजाना की तरह अपने माँ अम्बे ग्राहक सेवा केन्द्र मोहनपुरा कासंगज से समय करीब 06.25 पर दुकान बढाकर अपने गाँव के लिये जा रहा था जैसे ही महाशांति आधुनिक गुलकुल ट्रष्टि के सामने निकलकर डुकरिया बम्बा कासंगज सिकन्द्राराऊ रोड पर पहुँचा तो पीछे एक काले रंग की स्कॉर्पियो जिसमें कुछ व्यक्ति सवार थे । उन्होने मेरी मोटर साइकिल न0. न्च्16ठड0410 में टक्कर मारकर गिरा दिया और मेरा रुपयो का थैला छीनकर चले गये । वादी की लिखित तहरीर के आधार पर थाना सिकंद्राराऊ पर सुसंगत धाराओं मे अभियोग पंजीकृत किया गया ।

ट्रेक्टर ट्रॉली से टकराई बाइक, हादसे में छात्र की मौत, साथी घायल

सादाबाद। सादाबाद-मथुरा मार्ग पर शुक्रवार की दोपहर को गांव टीकैट के निकट एक बाइक और ट्रेक्टर ट्रॉली में भिंडत हो गई। इस हादसे में सादाबाद क्षेत्र के गांव नगला केसरी निवासी 8वीं कक्षा के छात्र 16 वर्षीय शिवम शर्मा पुत्र जगदीश प्रसाद की मौत हो गई। तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराने के कारण यह हादसा हुआ, जिसमें उसका साथी 16 वर्षीय सूरज गुप्ता निवासी सलेमपुर रोड सादाबाद गंभीर रूप से घायल हो गया। बताते हैं कि यह दोनों किसी दावत में शामिल होने के लिए घर से निकले थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाइक की गति काफी तेज थी और बाइक आगे चल रही ट्रेक्टर ट्रॉली से जा घुसी, जिसके बाद उक्त दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद लाया गया, जहां चिकित्सकों ने शिवम को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल सूरज गुप्ता का उपचार जारी है। इधर, सूचना पर मौके पर पुलिस पहुंच गई। कोतवाल विजय कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। घटना के संबंध में अभी तहरीर नहीं मिली है।

प्रजापति समाज की सराहनीय पहल, निःशुल्क शिक्षण सामग्री वितरण के लिए गांव-गांव किया जनसंपर्क

हाथरस। अखिल भारतीय प्रजापति कुम्भकार महासंघ, हाथरस द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में एक सराहनीय पहल की जा रही है। इसके अंतर्गत 29 मार्च को छात्र-छात्राओं को निःशुल्क शिक्षण सामग्री वितरण करने का निर्णय लिया गया है।इस कार्यक्रम को सफल बनाने के उद्देश्य से प्रजापति समाज के बंधुओं ने गांव-गांव जाकर छात्रों एवं उनके अभिभावकों से संपर्क किया और उन्हें इस योजना की जानकारी दी। समाज के लोगों में इस पहल को लेकर काफी उत्साह देखने को मिला।
महासंघ के जिलाध्यक्ष हरि सिंह ने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना और उन्हें आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना है, ताकि वे अपनी पढ़ाई को बिना किसी बाधा के जारी रख सकें।
अखिल भारतीय प्रजापति कुम्भकार महासंघ, द्वारा आर.एस. गार्डन, मानिकपुर जलेसर रोड, हाथरस पर आयोजित इस कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों से उपस्थित होने की अपील की गई है। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिये रवेन्द्र प्रजापति मुख्य महासचिव गौरव प्रजापति कार्य वाहक ,अशोक गोला उपाध्यक्ष.मुकेश जिला सचिव प्रवेश प्रजापति.राजेश प्रजापतिहरिओम प्रजापति गोविन्द प्रजापति ने जनसम्पर्क किया

गंगा स्नान के दौरान डूबी छात्रा, गोताखोर कर रहे तलाश

सादाबाद। गांव मड़नई की एक नीट छात्रा अपने जन्मदिन के अवसर पर नरौरा राजघाट पर गंगा स्नान के दौरान तेज बहाव में डूब गई। घटना के बाद से गोताखोरों की टीम लगातार छात्रा की तलाश कर रही है, लेकिन देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।
जानकारी के मुताबिक, गांव मड़नई निवासी 22 वर्षीय आरती पुत्री डिगंबर सिंह नीट की तैयारी कर रही थी। वह अपने जन्मदिन पर परिवार के साथ नरौरा राजघाट पर गंगा स्नान के लिए गई थी। बताते हैं कि स्नान के दौरान आरती ने गंगा में डुबकी लगाई, लेकिन पानी का तेज बहाव में उसने अपना संतुलन खो दिया और वह पानी में डूब गई। इससे परिजनों में चीखपुकार मच गई। मौके पर स्थानीय गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और छात्रा की तलाश शुरू की। कई घंटों तक चले बचाव अभियान के बावजूद देर शाम तक आरती का कोई पता नहीं चल सका। सीओ सादाबाद अमित पाठक ने बताया कि हम लगातार बुलंदशहर पुलिस और जल पुलिस के संपर्क में हैं। गोताखोरों की टीम द्वारा छात्रा की तलाश जारी है।

रामनवमी पर कन्या लांगुरा की धूम, घर-घर मातारानी के रूप में सजीं बेटियां

सादाबाद। रामनवमी के पावन अवसर पर नगर व क्षेत्र में आस्था और उल्लास का अनूठा संगम देखने को मिला। इस मौके पर घर-घर कन्या लांगुरा जिमाए गए और बच्चों की टोलियां पूरे दिन गलियों में घूमती रहीं। बेटियों को मातारानी के स्वरूप में सजाकर उनका विधि-विधान से पूजन किया गया।
सुबह से ही श्रद्धालुओं ने अपने-अपने घरों में कन्याओं को आमंत्रित कर उनके चरण पखारे, रोली-अक्षत से तिलक किया और श्रद्धा भाव से भोजन कराया। छोटे-छोटे बच्चों की टोलियां “जय माता दी” के जयकारों के साथ घर-घर पहुंचकर प्रसाद ग्रहण करती नजर आईं, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। नगर के प्रमुख मंदिरों मां पथवारी मंदिर, मां काली मंदिर, श्री राम मंदिर, मां चामुंडा मंदिर एवं मां शीतला माता मंदिर पर सुबह से देर रात तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही। भक्तों ने माता रानी की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। पूरे नगर में धार्मिक उत्साह और आस्था का माहौल बना रहा। मंदिरों पर पुलिस सुरक्षा भी चौकस रही।

मूछों वाले श्री रामचंद्र जी की शहर में धूमधाम से निकली भव्य रथयात्रा

हाथरस ।हर वर्ष श्री रामनवमी के पावन अवसर पर पर निकलने वाली मूछों वाले श्री रामचंद्र जी की भव्य रथयात्रा शहर में धूमधाम के साथ निकाली गई। शहर में यात्रा का जगह जगह स्वागत किया गया। वहीँ समाजिक व राजनीतिक लोगों ने यात्रा में शामिल होकर श्री रामचन्द्र के दर्शन किये।
यात्रा चामड़ गेट से शुरू होकर नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। रथयात्रा के दौरान भगवान श्री रामचंद्र जी के रथ को खींचने के लिए श्रद्धालुओं में उत्साह देखा गया।

जगह-जगह पुष्पवर्षा कर और भव्य स्वागत करके यात्रा का अभिनंदन किया गया, जिससे पूरा शहर भक्तिमय हो गया। कई स्थानों पर सामाजिक संगठनों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों ने विशेष स्वागत की व्यवस्था की थी।

You cannot copy content of this page