Breaking News
हाथरस में सिक्कों के कथित बड़े कारोबार का खुलासा, सिक्कों से भरे हुये 100 बोरे बरामद, 5 और 10 रुपये के सिक्कों की अनुमानित कीमत 35 लाख रुपये

हाथरस। शहर के बीचों-बीच स्थित हनुमान गली में कथित रूप से बड़े पैमाने पर चल रहे सिक्कों के कारोबार का प्रशासन और पुलिस ने खुलासा किया है। गोपनीय सूचना के आधार पर एसडीएम सदर राजबहादुर सिंह के नेतृत्व में कोतवाली हाथरस गेट पुलिस ने नयागंज स्थित पुस्तक विक्रेता सोनू समाधिया पुत्र नवीन समाधिया के प्रतिष्ठान तथा हनुमान गली स्थित मकान पर छापेमारी की।
प्रशासनिक एवं पुलिस टीम ने सबसे पहले नयागंज स्थित दुकान की तलाशी ली। इसके बाद टीम हनुमान गली स्थित मकान पर पहुंची, जहां बड़ी संख्या में 5 और 10 रुपये के सिक्के देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए। तलाशी के दौरान दुकान और मकान से सिक्कों से भरे करीब 100 बोरे बरामद किए गए। बरामद सिक्कों की अनुमानित कीमत करीब 35 लाख रुपये बताई जा रही है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यहां 5 और 10 रुपये के सिक्कों का लेन-देन सामान्य तरीके से गिनती के आधार पर नहीं, बल्कि वजन के हिसाब से किया जाता था। जांच के दौरान यह जानकारी भी सामने आई कि बड़ी मात्रा में सिक्कों को एकत्र कर दिल्ली भेजा जा रहा था।
प्रशासन इस पहलू की भी जांच कर रहा है कि कहीं इन सिक्कों को किसी अन्य उद्देश्य, विशेष रूप से गलाने के लिए, तो एकत्र नहीं किया जा रहा था। फिलहाल पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी बरामद सिक्कों की गिनती कराने के साथ ही पूरे मामले की जांच में जुटे हैं। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सासनी में कलश यात्रा के साथ हुआ श्री राम कथा का शुभारंभ ,पूज्य श्री अतुल कृष्ण जी महाराज के श्रीमुख से होगा कथा का रसपान

हाथरस तहसील सासनी में आज कलश यात्रा के साथ श्री राम कथा की हुई शुरुवात,यह श्री राम कथा 1.8.2026,से 11.8.26तक सासनी के रामलीला मैदान में चलेगी।इस श्री राम कथा को परम पूज्य श्री अतुल कृष्ण भारद्वाज जी द्वारा प्रतिदिन अपने मुखारविन्द से सुनाया जायेगा।यह श्री राम कथा प्रतिदिन दोपहर 1बजे से शाम 5बजे तक होगी।उसके बाद दिव्य श्री कृष्ण लीला महोत्सव प्रतिदिन साम 7बजे से रात्रि 11बजे तक होगी।यह दिव्य श्री कृष्ण लीला स्वामी प्रदीप कृष्ण ठाकुर जी महाराज द्वारा की जायेगी।

सासनी में यह भव्य व दिव्य श्री राम कथा श्री दाऊ बाबा सेवा मंडल सासनी द्वारा कराई जा रही हे।इस श्री राम कथा के मुख्य यजमान विजय कुमार शर्मा जिला अध्यक्ष राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा (R A M) पार्टी व श्री कृष्ण लीला के मुख्य यजमान संजय उपाध्याय हे।आज श्री राम कथा का शुभारंभ सासनी के मुख्य बाजारों से होते हुए श्री राम कथा स्थान रामलीला मैदान पहुंची हजारों की संख्या में राम भक्त मौजद थे ,इस कलश यात्रा में सैकड़ों की संख्या में माता व बहिनें कलश ले कर मौजूद थी।इस कार्यक्रम में मुख्य आयोजक आचार्य खगेन्द्र शास्त्री,राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा राम पार्टी के नगर अध्यक्ष कालू पंडित,निशांत उपाध्याय,संजीव गोयल,प्रदीप शर्मा,सौरभ पराशर,दीनदयाल शर्मा दीनू पंडित,विनीत शर्मा,अभिषेक पाठक जी ,मुख्य रूप से मौजूद थे।

सेवानिवृत्ति पर जिला विद्यालय निरीक्षक संत प्रकाश को दी भावभीनी विदाई

स्काउट-गाइड की नवीन कार्यकारिणी को सौंपे गए दायित्व, विजेता स्काउट-गाइड हुए सम्मानित
हाथरस। भारत स्काउट एवं गाइड उत्तर प्रदेश, जनपद हाथरस के तत्वावधान में बी.एल.एस. इंटरनेशनल स्कूल, हाथरस में जिला मुख्य आयुक्त एवं जिला विद्यालय निरीक्षक श्री संत प्रकाश के जिला विद्यालय निरीक्षक के दायित्व से सेवानिवृत्त होने के अवसर पर भावभीना विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता बी.एल.एस. इंटरनेशनल स्कूल की प्रधानाचार्या श्रीमती विद्या वर्तके ने की।
कार्यक्रम के संयोजक जिला संगठन आयुक्त (स्काउट) श्री धीरेंद्र प्रताप सिंह तथा संचालन जिला संगठन आयुक्त (गाइड) श्रीमती सोनाली वार्ष्णेय ने किया। कार्यक्रम के प्रारंभ में विद्यालय की नन्हीं छात्राओं ने अतिथियों के स्वागत में स्वागत गान प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर जिला सचिव डॉ. दिलीप अमौरिया सहित अन्य वक्ताओं ने सेवानिवृत्त जिला विद्यालय निरीक्षक श्री संत प्रकाश के निष्पक्ष, निष्ठापूर्ण एवं शिक्षक-छात्र हितैषी कार्यकाल को याद करते हुए उनके कार्यों की सराहना की। वक्ताओं ने उनके कार्यकाल से जुड़े विभिन्न संस्मरण भी साझा किए। बताया गया कि निरीक्षण के दौरान श्री संत प्रकाश कई बार केवल औपचारिक निरीक्षण तक सीमित न रहकर विद्यालय के विद्यार्थियों से सीधे संवाद करते थे और एक अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को अर्थशास्त्र पढ़ाना भी प्रारंभ कर दिया था।


समारोह में बीएसजी ज्ञान प्रतियोगिता के विजेता स्काउट एवं गाइड को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। साथ ही भारत स्काउट एवं गाइड की नवीन कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को उनके दायित्व संबंधी अधिकार पत्र भी प्रदान किए गए। मुख्य आयुक्त श्री संत प्रकाश द्वारा प्रधानाचार्य श्री सत्यभान गुप्ता को जिला आयुक्त (स्काउट), डॉ. दिलीप अमौरिया को जिला सचिव, डॉ. नीतू यादव को जिला एडल्ट रिसोर्स आयुक्त (गाइड), श्री तरुण गौतम को जिला एडल्ट रिसोर्स आयुक्त (स्काउट) तथा श्रीमती विद्या वर्तके को सीबीएसई जिला समन्वयक के अधिकार पत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में जिला समन्वयक/जिला स्थानीय सचिव श्री ऋषि कुमार वार्ष्णेय, विद्यालय के इंचार्ज श्री कमल शर्मा तथा आईटी कोऑर्डिनेटर श्री रुपेश गौतम का विशेष सहयोग रहा।
विदाई समारोह में जिला कोषाध्यक्ष श्री वीरेंद्र शर्मा, डॉ. राजीव अग्रवाल, सह सचिव डॉ. दीपक जैन, श्री राजेश कुमार, श्री अजय कुमार शर्मा, श्री राजेश कुमार शुक्ला, श्री राम तेज, श्री संजय कुमार मौर्य, श्री सौरभ जैन, श्री शैलेंद्र कुमार जैन, श्रीमती सरिता देवी, श्री शिव कुमार शर्मा, श्री जय नाथ सरोज, श्री राजेंद्र सिंह, श्री सत्यनारायण राम, श्री मनोज कुमार राजपूत, श्री शेर सिंह, श्री दिनेश कुमार सेंगर, श्रीमती उमा कुमारी, डॉ. ओम प्रकाश सिंह, डॉ. राजीव कुमार गुप्ता, श्री दानवीर सिंह, श्री शिशुपाल, श्री अजय प्रताप सिंह, श्रीमती भावना दुबे, श्री अखिलेश चंद्र यादव, श्री हेमंत कुमार सहित अनेक प्रधानाचार्य एवं स्काउटर उपस्थित रहे।
इसके अलावा स्काउटर श्री सत्यपाल सिंह, श्री योगेंद्र वार्ष्णेय, श्री शिव शंकर गुप्ता, डॉ. पंकज जैन, श्री रमेश चंद्र गौतम तथा गाइडर शारदा विश्वकर्मा, मिनी वर्मा, माधुरी गौतम आदि ने भी सेवानिवृत्त जिला विद्यालय निरीक्षक श्री संत प्रकाश एवं उनके परिवार का सम्मान कर उनके उज्ज्वल एवं स्वस्थ भविष्य की कामना की।

ऑनलाइन डिजिटल हाजिरी के विरोध में उतरा प्राथमिक शिक्षक संघ, आदेश स्थगित करने की उठाई मांग

हाथरस। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ, जनपद हाथरस द्वारा शनिवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को शिक्षकों, शिक्षामित्रों एवं अनुदेशकों की विभिन्न समस्याओं और अधिकारों के संरक्षण को लेकर एक महत्वपूर्ण ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में 31 जुलाई 2026 के कार्यालय आदेश के तहत जनपद में लागू की जा रही ऑनलाइन डिजिटल उपस्थिति (डिजिटल अटेंडेंस) व्यवस्था का कड़ा विरोध करते हुए इसे तत्काल प्रभाव से स्थगित करने की मांग की गई। संघ के जिलाध्यक्ष सुरेश कुमार शर्मा ने कहा कि 16 जुलाई 2024 को उत्तर प्रदेश शासन द्वारा स्पष्ट रूप से निर्णय लिया गया था कि शिक्षकों की व्यावहारिक समस्याओं के समाधान के लिए गठित उच्चस्तरीय विशेषज्ञ समिति की रिपोर्ट प्राप्त होने तक ऑनलाइन डिजिटल उपस्थिति की व्यवस्था अग्रिम आदेशों तक स्थगित रहेगी। ऐसे में जनपद स्तर पर इसे लागू किया जाना शासन के निर्देशों के विपरीत है।


शिक्षक संघ ने यह भी बताया कि बेसिक शिक्षा विभाग में कार्यरत शिक्षकों, शिक्षामित्रों एवं अनुदेशकों को विद्यालयों में नेटवर्क कनेक्टिविटी, इंटरनेट सुविधा, तकनीकी संसाधनों की कमी तथा अन्य आधारभूत समस्याओं का सामना करना पड़ता है। इन व्यावहारिक कठिनाइयों का समाधान किए बिना डिजिटल उपस्थिति लागू करना उचित नहीं है और इससे विद्यालयों में शैक्षणिक कार्य भी प्रभावित हो सकता है।
संघ ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से मांग की कि 31 जुलाई 2026 के कार्यालय आदेश के क्रियान्वयन को जनहित एवं शिक्षक हित में तत्काल प्रभाव से स्थगित किया जाए, ताकि विद्यालयों में पठन-पाठन का वातावरण सुचारू रूप से बना रहे।
इस अवसर पर ज्ञापन सौंपने वालों में संतोष कुमार शर्मा, योगेंद्र कुमार शर्मा, वीरेंद्र कुमार सिंह, शशि कुलश्रेष्ठ, गोविंद रावत, अरुण शर्मा, शैलेंद्र चौहान, कृष्णकांत शर्मा, लाल बहादुर, कुलदीप सिंह, नरेश मीणा, सचिन शर्मा, अमित पचौरी, नितेश वार्ष्णेय, संतोष चौधरी, कन्हैया लाल शर्मा, गिरेंद्र सिंह, गौरव पचौरी, भगवान दास यादव, अमित शर्मा, जीतू शर्मा, प्रभाकर शर्मा, राजेश कुमार, प्रेमवीर सिंह, बी.पी. गौतम, संजीव शर्मा, मणिभूषण शर्मा, सुनील कुमार सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।
जिलाध्यक्ष सुरेश कुमार शर्मा ने कहा कि ’’ष्हम किसी भी तकनीक के विरोधी नहीं हैं, लेकिन जब तक प्रदेश सरकार शिक्षकों की समस्याओं एवं विशेषज्ञ समिति की रिपोर्ट के आधार पर पूरे प्रदेश के लिए एक समान नीति लागू नहीं करती, तब तक हाथरस जनपद में जबरन डिजिटल उपस्थिति लागू करने के किसी भी प्रयास का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध किया जाएगा। शासन के निर्देशों का सम्मान करते हुए इस आदेश को तत्काल वापस लिया जाना चाहिए।

कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन अलर्ट, सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए डीएम-एसपी ने किया हाईवे का निरीक्षण

35 निजी और 32 प्रशासनिक कांवड़ शिविर तैयार, डीएम ने अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
हाथरस। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा के साथ अलीगढ़-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर कांवड़ यात्रा व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण कर पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता रहे। सड़क किनारे लगाए जा रहे सैंडबैग्स को सड़क की बाईं ओर बनी सफेद लाइन से कम से कम तीन फीट की दूरी पर स्थापित किया जाए तथा स्पष्ट संकेतक लगाए जाएं, जिससे कांवड़ यात्रियों का आवागमन केवल निर्धारित बाईं ओर से ही हो। उन्होंने मार्ग पर आवश्यक स्थानों पर चेक प्वाइंट स्थापित करने तथा भारी वाहनों के डायवर्जन को और अधिक प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए, ताकि कांवड़ यात्रा पूर्णतः दुर्घटनारहित एवं सुचारु रूप से संचालित हो सके। जिलाधिकारी ने कहा कि वर्तमान में केवल खाद्यान्न एवं उर्वरक आपूर्ति से जुड़े आवश्यक भारी वाहनों को ही अनुमति दी जा रही है, जबकि अन्य भारी वाहनों का डायवर्जन लागू है। उन्होंने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों के सामने जलभराव अथवा गंदगी की स्थिति होने पर प्रशासन की प्रतीक्षा न करें, बल्कि स्वयं भी सफाई सुनिश्चित करें। हाथरस जनपद से बड़ी संख्या में कांवड़ श्रद्धालु गुजरते हैं, इसलिए सभी नागरिक अतिथि देवो भवः की भावना के साथ उनका स्वागत करें और स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने में सहयोग दें। श्रद्धालुओं से भी उन्होंने अपील की कि वे निर्धारित लेन का ही उपयोग करें तथा यातायात नियमों का पालन करते हुए प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं में सहयोग प्रदान करें। जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में लगभग 35 निजी एवं 32 प्रशासनिक सहयोग से संचालित कांवड़ शिविरों की स्थापना की गई है। सभी प्रमुख मार्गों पर व्यापक प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की गई है तथा पहली बार पांचों प्रमुख कांवड़ मार्गों को बेहतर रोशनी से आच्छादित किया गया है। बरेली-मथुरा हाईवे पर एक लेन श्रद्धालुओं के लिए पूर्णतः आरक्षित कर दी गई है, जबकि दूसरी लेन सामान्य यातायात के लिए संचालित है। उन्होंने बताया कि सभी प्रमुख चौराहों एवं डायवर्जन प्वाइंट्स पर डायवर्जन संबंधी सूचना बोर्ड एवं संकेतक लगाए गए हैं तथा आमजन को विभिन्न माध्यमों से इसकी जानकारी भी उपलब्ध कराई गई है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कांवड़ शिविरों पर श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त विश्राम स्थल, पेयजल, फल-प्रसाद, पंखों की व्यवस्था, प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) किट तथा आपातकालीन चिकित्सा एवं पुलिस सहायता के संपर्क नंबरों सहित आवश्यक सूचना पुस्तिका अनिवार्य रूप से उपलब्ध रहे। शिविरों का नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की गुणवत्ता बनाए रखी जाए तथा किसी भी प्रकार की कमी पाए जाने पर तत्काल उसका निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराना है, ताकि कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण, व्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सके। इस मौके पर प्रभारी वनाधिकारी, उप जिलाधिकारी सासनी, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, प्रभारी अधिकारी एन0एच0ए0आई0 आदि उपस्थित रहे।

10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान

रविवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा दिल्ली से होगा शुभारंभ
10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान विकसित भारत के निर्माण का महाअभियान है- बी के शांता बहिन

हाथरस। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय की पूर्व मुख्य प्रशासिका डॉक्टर दादी प्रकाशमणि की स्मृति दिवस के उपलक्ष में संगठन द्वारा एक वृहद 10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिजा महाभियान का आयोजन किया जा रहा है | जिसका शुभारंभ देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 2 अगस्त को प्रातः 10 बजे किया जा रहा है | जिसका सीधा प्रसारण किया जायेगा | भारत के सभी ब्रह्माकुमारी केन्द्रों पर 4 अगस्त को आयोजित होगा | यह जानकारी प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के शांति भवन , आनंदपुरी कॉलोनी केंद्र संचालिका बी के शांता बहिन ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी |


राजयोग केंद्र संचालिका बी के शांता बहिन ने बताया कि “यह अभियान केवल नशा मुक्ति प्रतिज्ञा अभियान ही नहीं है वरन स्वस्थ , मुल्यानिस्ठ, एवं नशामुक्त जीवन शैली के माध्यम से विकसित भारत के निर्माण का महाभियान है|
अभियान के उद्देश्य की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि 10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान का मूल उद्देश्य केवल 10 करोड़ लोगों तक पहुंचकर प्रतिज्ञा कराना ही नहीं लेकिन नशा मुक्त जीवन शैली के प्रति जागरूकता बढाकर जनभागीदारी के माध्यम से सकारात्मक सामाजिक वातावरण का निर्माण करना है |
उन्होंने कहा कि अभियान द्वारा विद्यार्थियों, युवाओं , अध्यापकों, प्रशासनिक अधिकारियों, पंचायत प्रतिनिधियों तथा सामाजिक संगठनों को जोड़ने का प्रयास किया जायेगा | अभियान का मुख्य सन्देश स्वस्थ जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित करना, युवा शक्ति को नशे के खिलाफ जाग्रत करना, सोच को सकारात्मक बनाना , अच्छी शुरुआत करना, जिम्मेदार नागरिक की भूमिका के लिए प्रेरणा देना, जनभागीदारी बढ़ाना है |
इस अवसर पर बी के मोनिका बहिन, साक्षी बहिन, राकेश अग्रवाल, दाउदयाल अग्रवाल , राजू अग्रवाल, राकेश शर्मा, ओमप्रकाश , राजीव सिंघल, रामेश्वर, केशव देव, अरविन्द गुप्ता, कमलेश बहिन, सरोज, मनोज आदि उपस्थित थे |

जीजीआईसी हाथरस में प्रधानाचार्य पद का कार्यभार ग्रहण करते ही डॉ. नीरज गोयल का हुआ भव्य स्वागत

हाथरस। जनपद हाथरस के मुख्यालय स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (GGIC) में नवनियुक्त राजपत्रित अधिकारी एवं प्रधानाचार्य डॉ. नीरज गोयल (PES) ने शनिवार को विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत विद्यालय परिवार एवं गणमान्य नागरिकों ने उनका भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया।

इस अवसर पर डॉ. नीरज गोयल ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता विद्यालय में अध्ययनरत छात्राओं को बेहतर शैक्षिक वातावरण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि छात्राओं के हित में जो भी आवश्यक कार्य होंगे, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा, जिससे विद्यालय शिक्षा और अनुशासन के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित कर सके।

स्वागत समारोह में जिले के वरिष्ठतम सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य एवं वर्तमान प्रधानाचार्य परिषद तथा शिक्षक संघ के मंडल अध्यक्ष डॉ. दिलीप कुमार अमोरिया, भाजपा लोकसभा विस्तारक श्री दीपक मुदगल, इंटर कॉलेज कौमरी के प्रधान लिपिक श्री प्रभात पचौरी, रतन सिंह रोशन सिंह विद्यालय के शिक्षक श्री जितेंद्र सिंह ठैनुआ, सहायक अध्यापिका श्रीमती रीना शर्मा, श्री दिनेश सेंगर सहित अनेक शिक्षक, कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने डॉ. नीरज गोयल को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं तथा विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा और छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए प्रभावी कार्य किए जाएंगे

मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना सत्र 2026-27 का शुभारंभ, प्रतियोगी परीक्षाओं की मिलेगी निशुल्क कोचिंग

हाथरस,। समाज कल्याण विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के अंतर्गत सत्र 2026-27 का शुभारंभ शुक्रवार को पी.सी. बागला महाविद्यालय, हाथरस में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह तथा जिलाधिकारी अतुल वत्स ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया।
इस अवसर पर विधायक अंजुला सिंह माहौर ने कहा कि मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का सुनहरा अवसर है। उन्होंने विद्यार्थियों से लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ अध्ययन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विद्या सबसे बड़ा धन है, जिसे कोई चुरा नहीं सकता। साथ ही महाविद्यालय में ऑडिटोरियम, स्टेडियम और अन्य सुविधाओं के विकास के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।


भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह ने कहा कि अब विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बाहर जाने की आवश्यकता नहीं होगी। स्थानीय स्तर पर निशुल्क कोचिंग की सुविधा युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
जिलाधिकारी अतुल वत्स ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज का सबसे बड़ा प्रतिस्पर्धी कोई अन्य छात्र नहीं, बल्कि सोशल मीडिया है, जो पढ़ाई से ध्यान भटकाता है। उन्होंने मोबाइल का सीमित और सकारात्मक उपयोग करने की सलाह देते हुए कहा कि सफलता के लिए सही गुरु, स्पष्ट लक्ष्य और निरंतर प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अर्जुन की तरह लक्ष्य पर एकाग्र होकर तैयारी करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी सदर राजबहादुर सिंह, प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट शुभेन्द्र गोपाल तथा महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. महावीर सिंह छोंकर ने भी विद्यार्थियों को मेहनत और एकाग्रता के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने की प्रेरणा दी।
जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के अंतर्गत ’’सिविल सेवा, जेईई, नीट, एनडीए, सीडीएस, एसएससी, बैंकिंग, बी.एड. और टीईटी सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निशुल्क कोचिंग एवं विशेषज्ञों का मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाता है। उन्होंने बताया कि योजना में आवेदन के लिए आय या जाति की कोई बाध्यता नहीं है और पात्रता रखने वाला कोई भी अभ्यर्थी इसका लाभ ले सकता है।
कार्यक्रम के अंत में जिला विकास अधिकारी ने धन्यवाद ज्ञापित किया। संचालन जिला कार्यक्रम अधिकारी धीरेन्द्र उपाध्याय ने किया। इस अवसर पर जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

बनारस से संत रविदास जी की जन्मस्थली की मिट्टी से युक्त कलश लेकर हाथरस पहुंची कलश यात्रा ,भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से किया भव्य स्वागत

हाथरस। संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में बनारस स्थित संत रविदास जी की जन्मस्थली की पावन मिट्टी से युक्त कलश लेने हाथरस से गए भाजपा पदाधिकारी शुक्रवार को कलश लेकर रथ यात्रा के साथ जनपद हाथरस पहुंचे। सादाबाद पहुंचने पर कलश लेकर आए रथ एवं भाजपा पदाधिकारियों का पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया। इस दौरान संत रविदास जी की जय के उद्घोष से वातावरण भक्तिमय हो गया।
भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाहा, सांसद प्रतिनिधि राजेश सिंह गुड्डू, जिला उपाध्यक्ष सुनील गौतम, सादाबाद मंडल अध्यक्ष अंकुश गॉड, डॉ. भूपेंद्र कुमार, अमित चौधरी, सुनील पाराशर सहित अन्य पदाधिकारियों ने सादाबाद पहुंचकर बनारस से कलश लेकर आए अभियान के सह-संयोजक अरविंद दिवाकर, किसान मोर्चा जिला उपाध्यक्ष हरिओम चौधरी एवं सभासद रवि कुशवाहा का फूल-मालाओं से स्वागत किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक संत रविदास जी की जय के नारे लगाए।


इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाहा ने कहा कि, “संत गुरु रविदास जी महाराज के समरसता, समानता, सद्भाव और मानवता के दिव्य संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह पावन कलश यात्रा निकाली जा रही है। यह यात्रा गांव-गांव जाकर समाज को एकता और सामाजिक समरसता का प्रेरणादायी संदेश देगी।”
अभियान की संयोजिका एवं भाजपा जिला मंत्री श्रीमती संध्या आर्य ने बताया कि संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी की जन्मस्थली की पावन मिट्टी से युक्त कलश लेकर आया रथ जनपद के सभी मंडलों में भ्रमण करेगा। इस दौरान जनपद के प्रमुख मंदिरों पर धर्माचार्यों की उपस्थिति में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि भाजपा द्वारा प्रदेश एवं देशभर में संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती को भव्य रूप से मनाया जा रहा है। हाथरस जनपद में भी जयंती समारोह को धूमधाम से मनाने के लिए बैठकें आयोजित कर आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जा रही है।

राजकीय हाईस्कूल परिवार ने डॉ. नीरज गोयल को भावभीनी विदाई, प्रधानाचार्य पद पर पदोन्नति पर जताई खुशी

हाथरस। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा डॉ. नीरज गोयल को पदोन्नत कर राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, हाथरस का प्रधानाचार्य नियुक्त किए जाने पर उनके पूर्व कार्यस्थल राजकीय हाईस्कूल में विदाई समारोह का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने डॉ. नीरज गोयल को पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। वक्ताओं ने कहा कि डॉ. गोयल ने अपने कार्यकाल के दौरान विद्यालय में अनुशासन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए उल्लेखनीय कार्य किए। उनके नेतृत्व और कार्यशैली को सदैव याद रखा जाएगा।

अपने संबोधन में डॉ. नीरज गोयल ने विद्यालय परिवार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें यहां कार्य करने के दौरान सभी का भरपूर सहयोग मिला। उन्होंने विश्वास जताया कि नए दायित्व पर भी वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ कार्य करते हुए शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने का प्रयास करेंगे। इस अवसर पर ममता उपाध्याय, प्रभात पचौरी, देवेंद्र बघेल सहित विद्यालय परिवार ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल एवं उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।

You cannot copy content of this page