Breaking News
हाथरस में वी.बी.जी. राम जी अधिनियम-2025 पर पंच सम्मेलन, अब ग्रामीणों को मिलेगी 125 दिन रोजगार की गारंटी

मनरेगा से आगे बढ़ी नई पहल, वी.बी.जी. राम जी अधिनियम से ग्रामीण विकास को मिलेगी नई रफ्तार

जिलाधिकारी अतुल वत्स बोले— योजना में पारदर्शिता, प्रशिक्षण और जनजागरूकता होगी सर्वोच्च प्राथमिकता

ग्रामीण विकास के नए अध्याय की शुरुआत, 100 की जगह अब 125 दिन रोजगार की गारंटी

हाथरस, 03 अगस्त। कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन (ग्रामीण) वी.बी.जी. राम जी अधिनियम-2025 के संबंध में पंच सम्मेलन का आयोजन जिलाधिकारी अतुल वत्स की अध्यक्षता में किया गया। सम्मेलन का उद्देश्य नई ग्रामीण रोजगार योजना की जानकारी देना तथा इसके प्रभावी एवं पारदर्शी क्रियान्वयन पर चर्चा करना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह, राष्ट्रीय लोकदल जिलाध्यक्ष श्याम सिंह, अपना दल जिलाध्यक्ष रवि सारस्वत, जिलाधिकारी अतुल वत्स तथा मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि नई योजना में पूर्व की मनरेगा व्यवस्था की कमियों को दूर करते हुए इसे अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और जनहितैषी बनाया गया है। योजना के तहत अब ग्रामीण परिवारों को 100 दिनों के स्थान पर 125 दिनों के रोजगार की गारंटी मिलेगी। मजदूरी भुगतान में देरी होने पर श्रमिकों को विलंब अवधि का मुआवजा एवं ब्याज भी दिया जाएगा।

जिलाधिकारी अतुल वत्स ने कहा कि योजना का उद्देश्य केवल रोजगार उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि ग्रामीण विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और जनभागीदारी सुनिश्चित करना भी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की अनियमितता, कमीशनखोरी या भ्रष्टाचार को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। श्रमिकों का पूरा भुगतान समय से उनके खातों में पहुंचे, इसकी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की होगी।

उन्होंने सभी खंड विकास अधिकारियों, ग्राम विकास अधिकारियों, रोजगार सेवकों एवं कर्मचारियों के व्यापक प्रशिक्षण पर जोर देते हुए कहा कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में योजना के अंतर्गत किए जाने वाले कार्यों की सूची वॉल पेंटिंग के माध्यम से प्रदर्शित की जाए तथा स्वीकृत कार्य योजनाओं को सार्वजनिक किया जाए, जिससे ग्रामीणों की सहभागिता और पारदर्शिता बढ़े।

मुख्य विकास अधिकारी एवं परियोजना निदेशक ने अधिनियम की प्रमुख विशेषताओं की जानकारी देते हुए बताया कि यदि कार्य की मांग के बावजूद रोजगार उपलब्ध नहीं कराया जाता है तो पात्र व्यक्ति को बेरोजगारी भत्ता मिलेगा। योजना में जल संरक्षण, ग्रामीण आधारभूत संरचना, आजीविका संवर्धन तथा जलवायु परिवर्तन से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी गई है। इसके साथ ही सभी विकास कार्यों को डिजिटल प्रणाली से जोड़ा जाएगा, जिससे निगरानी और जवाबदेही मजबूत होगी।

सम्मेलन में प्रभागीय वनाधिकारी, जिला विकास अधिकारी, उप निदेशक कृषि, जिला पंचायत राज अधिकारी, लोक निर्माण विभाग, लघु सिंचाई विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, सहायक खंड विकास अधिकारी तथा बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और कर्मचारी मौजूद रहे।

हाथरस: शिक्षकों की ऑनलाइन उपस्थिति का आदेश फिलहाल स्थगित, बीएसए ने जारी किए नए निर्देश

हाथरस, 3 अगस्त। जनपद हाथरस के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रणवीर सिंह ने शिक्षकों, शिक्षामित्रों और अनुदेशकों की ऑनलाइन उपस्थिति के संबंध में महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है। बीएसए ने 31 जुलाई 2026 को जारी ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराने संबंधी आदेश को अग्रिम आदेशों तक स्थगित कर दिया है। यह निर्णय शिक्षक संगठनों द्वारा बताई गई व्यावहारिक कठिनाइयों पर विचार करने के बाद लिया गया है।

कार्यालय आदेश के अनुसार, शिक्षक संगठनों ने ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराने में नेटवर्क, तकनीकी और अन्य व्यवहारिक समस्याओं से अवगत कराया था। इन समस्याओं को देखते हुए बीएसए कार्यालय ने पूर्व आदेश को तत्काल प्रभाव से स्थगित करने का निर्णय लिया।

हालांकि, बीएसए ने स्पष्ट किया है कि जनपद के सभी परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक, शिक्षामित्र एवं अनुदेशक निर्धारित समय पर विद्यालय पहुंचकर नियमित रूप से शिक्षण कार्य और अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करें। यदि किसी कर्मचारी द्वारा समय पर विद्यालय में उपस्थित होकर कार्य करने में शिथिलता बरती जाती है, तो उसके विरुद्ध कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि हाल ही में शिक्षक संगठनों ने ऑनलाइन डिजिटल उपस्थिति का विरोध करते हुए बीएसए को ज्ञापन सौंपा था और आदेश को स्थगित करने की मांग की थी। इसके बाद बीएसए कार्यालय ने नया आदेश जारी कर ऑनलाइन उपस्थिति संबंधी निर्देशों को अगले आदेश तक रोक दिया है।

भाजपा नेता चरन सिंह सागर की चाची का आगरा में इलाज के दौरान निधन,जनप्रतिनिधियों ,भाजपा नेताओं व समाज के लोगों ने व्यक्त की शोक संवेदना

सादाबाद। सादाबाद से भाजपा के मंडल महामंत्री व मनोनीत सभासद चरन सिंह सागर की पूजनीय चाची श्रीमती चरन देवी (उर्फ उषा देवी) पत्नी श्री नारायण सिंह जी का आगरा में इलाज के दौरान निधन (गोलोकवास) हो गया। आज गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार किया गया।
​उनके निधन की खबर मिलते ही क्षेत्र एवं परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। वह अपने पीछे एक हरा-भरा और हंसता-खेलता परिवार छोड़ गई हैं।


​निधन की सूचना मिलते ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों, भाजपाइयों और प्रबुद्ध नागरिकों ने उनके आवास पर पहुंचकर एवं दूरभाष के माध्यम से परिजनों को सांत्वना दी तथा ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

श्रीमती चरन देवी की अंतिम यात्रा उनके आवास से निकली ।शवयात्रा में शामिल हुये। दाह संस्कार के साथ ही लोगों ने उन्हें अंतिम विदाई दी।

कैप्टन अहसान सिंह ने देश के लिए अपना सब कुछ न्योछावर किया : सैनिक संघ के अध्यक्ष सूबेदार महीपाल सिंह

ब्रहमाकुमारीज आनन्दपुरी कालोनी केन्द्र संचालक कैप्टन अहसान सिंह का चतुर्थ स्मृति दिवस कार्यक्रम ‚ अलीगढ रोड स्थित सहज राजयोग प्रशिक्षण केन्द्र पर आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष पं० आशीष शर्मा‚ भू०पू० सैनिक संघ के अध्यक्ष सूबेदार महीपाल सिंह‚ सूबेदार ओमप्रकाश , कप्तान एस सी तिवारी , कप्तान चंद्रपाल सिंह , हवलदार गंभीर सिंह, हवलदार देवेन्द्र पाल सिंह, हवलदार सुधीर सिंह, नायक लाल बहादुर, हवलदार रामनिवास, नायब सूबेदार उदयवीर सिंह, सूबेदार तेज सिंह, हवलदार अशोक कुमार, हवलदार साहब सिंह , पूर्वे वायु सेना अधिकारी रमेश चन्द्र दीक्षित ब्रहमाकुमारीज इगलास संचालिका बी०के० हेमलता बहिन‚ बी०के० शान्ता बहिन‚ आदि ने सर्वप्रथम श्र्द्धासुमन समर्पित किये।
पूर्व न०पा०अ० पंडित आशीष शर्मा ने कहा कि यह सभा श्रृद्धांजली सभा नहीं बल्कि मार्गदर्शन और संकल्प सभा है।
इस अवसर पर इगलास केंद्र प्रभारी बी०के० हेमलता दीदी आदि ने अपने अनुभवों को साझा किया। बी०के० मीना बहिन ने गाइडैड कॉमेन्ट्री से योग कराया।

अपना घर आश्रम कार्यकारिणी की बैठक में आगामी सेवा कार्यों की रूपरेखा पर हुआ मंथन

हाथरस। अपना घर आश्रम कार्यकारिणी की एक आवश्यक बैठक जैन गढ़ी स्थित अपना घर आश्रम परिसर में संस्थापक मदनलाल वार्ष्णेय की अध्यक्षता एवं सचिव चन्द्रगुप्त विक्रमादित्य के संचालन में संपन्न हुई। बैठक में पिछली बैठक की कार्यवाही की समीक्षा एवं पुष्टि के उपरांत आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर राकेश बंसल एवं शरद अग्रवाल ने कहा कि अपना घर आश्रम केवल एक संस्था नहीं, बल्कि मानव सेवा का सशक्त माध्यम है। सभी पदाधिकारियों एवं सेवा साथियों को समर्पित भाव से कार्य करते हुए जरूरतमंद, असहाय एवं प्रभुजनों की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए।
अनिल अग्रवाल एवं बीना गुप्ता एडवोकेट ने कहा कि आश्रम की सेवा गतिविधियों को और अधिक व्यापक एवं प्रभावी बनाने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को जोड़ने की आवश्यकता है। सेवा, संवेदना और सहयोग की भावना से ही आश्रम अपने उद्देश्यों को सफलतापूर्वक पूरा कर सकता है।


संचालन कर रहे आश्रम के सचिव चन्द्रगुप्त विक्रमादित्य ने अपनी बात रखते हुए कहा कि आश्रम के सेवा साथी धनीराम, पंडित मुकेश शर्मा, ठाकुर ध्रुव कुमार एवं अभय चाहर सदैव प्रभुजनों की सेवा में पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ तत्पर रहते हैं। उन्होंने कहा कि सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है और सभी कार्यकर्ताओं के सामूहिक प्रयासों से आश्रम निरंतर सेवा के नए आयाम स्थापित कर रहा है। आगामी दिनों में सेवा कार्यों को और अधिक गति प्रदान करने के लिए सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया गया।
अंत में संस्थापक मदनलाल वार्ष्णेय ने सभी पदाधिकारियों एवं सेवा साथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अपना घर आश्रम का उद्देश्य समाज के उपेक्षित, असहाय एवं निराश्रित प्रभुजनों को सम्मानपूर्वक जीवन उपलब्ध कराना है। उन्होंने सभी से सेवा, अनुशासन एवं समर्पण की भावना के साथ आश्रम की गतिविधियों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
बैठक में राम हरि चाहर, डॉ. कपिलेश मोहन वार्ष्णेय, राकेश कुमार अग्निहोत्री, मिथिलेश वार्ष्णेय, राजेश अग्रवाल सर्राफ, चंद्रेश कुमार, अजय अग्रवाल, संजय कुमार अग्निहोत्री सहित अन्य पदाधिकारी एवं सेवा साथी उपस्थित रहे।

विश्व स्कार्फ डे पर प्रधानाचार्यों, शिक्षकों एवं नवप्रवेशित स्काउट-गाइड को पहनाए स्कार्फ

हाथरस। विश्व स्कार्फ डे के अवसर पर भारत स्काउट एवं गाइड, उत्तर प्रदेश, जनपद हाथरस की विभिन्न इकाइयों द्वारा स्कार्फ डे उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर अधिकारियों, प्रधानाचार्यों, शिक्षकों एवं नवप्रवेशित स्काउट-गाइड को स्कार्फ पहनाकर भारत स्काउट एवं गाइड परिवार में शामिल किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक/जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्री रणवीर सिंह को जिला संगठन आयुक्त श्री धीरेंद्र प्रताप सिंह, जिला समन्वयक/जिला स्थानीय इकाई सचिव श्री ऋषि कुमार वार्ष्णेय, जिला बेसिक स्काउट मास्टर डॉ. पुष्पेंद्र सिंह, आईटी कोऑर्डिनेटर रूपेश गौतम, गाइडर डॉ. सतना, श्रीमती संगीता वार्ष्णेय एवं स्काउटर श्री योगेंद्र वार्ष्णेय ने स्कार्फ पहनाकर भारत स्काउट एवं गाइड परिवार में उनका स्वागत किया।


इसी क्रम में श्री मानिक चंद्र इंटर कॉलेज, लाड़पुर में भी स्कार्फ डे के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य श्री सत्यनारायण राम, शिक्षक श्री धर्मेंद्र सिंह तथा नवप्रवेशित स्काउट एवं गाइड को स्कार्फ पहनाकर स्काउट-गाइड परिवार में सम्मिलित किया गया।
इस अवसर पर स्काउट एवं गाइड के पदाधिकारियों ने कहा कि स्कार्फ केवल वर्दी का हिस्सा नहीं, बल्कि सेवा, अनुशासन, सहयोग और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण का प्रतीक है। स्काउट-गाइड आंदोलन बच्चों एवं युवाओं में सेवा भावना, नेतृत्व क्षमता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

हाथरस में सिक्कों के कथित बड़े कारोबार का खुलासा, सिक्कों से भरे हुये 100 बोरे बरामद, 5 और 10 रुपये के सिक्कों की अनुमानित कीमत 35 लाख रुपये

हाथरस। शहर के बीचों-बीच स्थित हनुमान गली में कथित रूप से बड़े पैमाने पर चल रहे सिक्कों के कारोबार का प्रशासन और पुलिस ने खुलासा किया है। गोपनीय सूचना के आधार पर एसडीएम सदर राजबहादुर सिंह के नेतृत्व में कोतवाली हाथरस गेट पुलिस ने नयागंज स्थित पुस्तक विक्रेता सोनू समाधिया पुत्र नवीन समाधिया के प्रतिष्ठान तथा हनुमान गली स्थित मकान पर छापेमारी की।
प्रशासनिक एवं पुलिस टीम ने सबसे पहले नयागंज स्थित दुकान की तलाशी ली। इसके बाद टीम हनुमान गली स्थित मकान पर पहुंची, जहां बड़ी संख्या में 5 और 10 रुपये के सिक्के देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए। तलाशी के दौरान दुकान और मकान से सिक्कों से भरे करीब 100 बोरे बरामद किए गए। बरामद सिक्कों की अनुमानित कीमत करीब 35 लाख रुपये बताई जा रही है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यहां 5 और 10 रुपये के सिक्कों का लेन-देन सामान्य तरीके से गिनती के आधार पर नहीं, बल्कि वजन के हिसाब से किया जाता था। जांच के दौरान यह जानकारी भी सामने आई कि बड़ी मात्रा में सिक्कों को एकत्र कर दिल्ली भेजा जा रहा था।
प्रशासन इस पहलू की भी जांच कर रहा है कि कहीं इन सिक्कों को किसी अन्य उद्देश्य, विशेष रूप से गलाने के लिए, तो एकत्र नहीं किया जा रहा था। फिलहाल पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी बरामद सिक्कों की गिनती कराने के साथ ही पूरे मामले की जांच में जुटे हैं। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सासनी में कलश यात्रा के साथ हुआ श्री राम कथा का शुभारंभ ,पूज्य श्री अतुल कृष्ण जी महाराज के श्रीमुख से होगा कथा का रसपान

हाथरस तहसील सासनी में आज कलश यात्रा के साथ श्री राम कथा की हुई शुरुवात,यह श्री राम कथा 1.8.2026,से 11.8.26तक सासनी के रामलीला मैदान में चलेगी।इस श्री राम कथा को परम पूज्य श्री अतुल कृष्ण भारद्वाज जी द्वारा प्रतिदिन अपने मुखारविन्द से सुनाया जायेगा।यह श्री राम कथा प्रतिदिन दोपहर 1बजे से शाम 5बजे तक होगी।उसके बाद दिव्य श्री कृष्ण लीला महोत्सव प्रतिदिन साम 7बजे से रात्रि 11बजे तक होगी।यह दिव्य श्री कृष्ण लीला स्वामी प्रदीप कृष्ण ठाकुर जी महाराज द्वारा की जायेगी।

सासनी में यह भव्य व दिव्य श्री राम कथा श्री दाऊ बाबा सेवा मंडल सासनी द्वारा कराई जा रही हे।इस श्री राम कथा के मुख्य यजमान विजय कुमार शर्मा जिला अध्यक्ष राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा (R A M) पार्टी व श्री कृष्ण लीला के मुख्य यजमान संजय उपाध्याय हे।आज श्री राम कथा का शुभारंभ सासनी के मुख्य बाजारों से होते हुए श्री राम कथा स्थान रामलीला मैदान पहुंची हजारों की संख्या में राम भक्त मौजद थे ,इस कलश यात्रा में सैकड़ों की संख्या में माता व बहिनें कलश ले कर मौजूद थी।इस कार्यक्रम में मुख्य आयोजक आचार्य खगेन्द्र शास्त्री,राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा राम पार्टी के नगर अध्यक्ष कालू पंडित,निशांत उपाध्याय,संजीव गोयल,प्रदीप शर्मा,सौरभ पराशर,दीनदयाल शर्मा दीनू पंडित,विनीत शर्मा,अभिषेक पाठक जी ,मुख्य रूप से मौजूद थे।

सेवानिवृत्ति पर जिला विद्यालय निरीक्षक संत प्रकाश को दी भावभीनी विदाई

स्काउट-गाइड की नवीन कार्यकारिणी को सौंपे गए दायित्व, विजेता स्काउट-गाइड हुए सम्मानित
हाथरस। भारत स्काउट एवं गाइड उत्तर प्रदेश, जनपद हाथरस के तत्वावधान में बी.एल.एस. इंटरनेशनल स्कूल, हाथरस में जिला मुख्य आयुक्त एवं जिला विद्यालय निरीक्षक श्री संत प्रकाश के जिला विद्यालय निरीक्षक के दायित्व से सेवानिवृत्त होने के अवसर पर भावभीना विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता बी.एल.एस. इंटरनेशनल स्कूल की प्रधानाचार्या श्रीमती विद्या वर्तके ने की।
कार्यक्रम के संयोजक जिला संगठन आयुक्त (स्काउट) श्री धीरेंद्र प्रताप सिंह तथा संचालन जिला संगठन आयुक्त (गाइड) श्रीमती सोनाली वार्ष्णेय ने किया। कार्यक्रम के प्रारंभ में विद्यालय की नन्हीं छात्राओं ने अतिथियों के स्वागत में स्वागत गान प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर जिला सचिव डॉ. दिलीप अमौरिया सहित अन्य वक्ताओं ने सेवानिवृत्त जिला विद्यालय निरीक्षक श्री संत प्रकाश के निष्पक्ष, निष्ठापूर्ण एवं शिक्षक-छात्र हितैषी कार्यकाल को याद करते हुए उनके कार्यों की सराहना की। वक्ताओं ने उनके कार्यकाल से जुड़े विभिन्न संस्मरण भी साझा किए। बताया गया कि निरीक्षण के दौरान श्री संत प्रकाश कई बार केवल औपचारिक निरीक्षण तक सीमित न रहकर विद्यालय के विद्यार्थियों से सीधे संवाद करते थे और एक अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को अर्थशास्त्र पढ़ाना भी प्रारंभ कर दिया था।


समारोह में बीएसजी ज्ञान प्रतियोगिता के विजेता स्काउट एवं गाइड को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। साथ ही भारत स्काउट एवं गाइड की नवीन कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को उनके दायित्व संबंधी अधिकार पत्र भी प्रदान किए गए। मुख्य आयुक्त श्री संत प्रकाश द्वारा प्रधानाचार्य श्री सत्यभान गुप्ता को जिला आयुक्त (स्काउट), डॉ. दिलीप अमौरिया को जिला सचिव, डॉ. नीतू यादव को जिला एडल्ट रिसोर्स आयुक्त (गाइड), श्री तरुण गौतम को जिला एडल्ट रिसोर्स आयुक्त (स्काउट) तथा श्रीमती विद्या वर्तके को सीबीएसई जिला समन्वयक के अधिकार पत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में जिला समन्वयक/जिला स्थानीय सचिव श्री ऋषि कुमार वार्ष्णेय, विद्यालय के इंचार्ज श्री कमल शर्मा तथा आईटी कोऑर्डिनेटर श्री रुपेश गौतम का विशेष सहयोग रहा।
विदाई समारोह में जिला कोषाध्यक्ष श्री वीरेंद्र शर्मा, डॉ. राजीव अग्रवाल, सह सचिव डॉ. दीपक जैन, श्री राजेश कुमार, श्री अजय कुमार शर्मा, श्री राजेश कुमार शुक्ला, श्री राम तेज, श्री संजय कुमार मौर्य, श्री सौरभ जैन, श्री शैलेंद्र कुमार जैन, श्रीमती सरिता देवी, श्री शिव कुमार शर्मा, श्री जय नाथ सरोज, श्री राजेंद्र सिंह, श्री सत्यनारायण राम, श्री मनोज कुमार राजपूत, श्री शेर सिंह, श्री दिनेश कुमार सेंगर, श्रीमती उमा कुमारी, डॉ. ओम प्रकाश सिंह, डॉ. राजीव कुमार गुप्ता, श्री दानवीर सिंह, श्री शिशुपाल, श्री अजय प्रताप सिंह, श्रीमती भावना दुबे, श्री अखिलेश चंद्र यादव, श्री हेमंत कुमार सहित अनेक प्रधानाचार्य एवं स्काउटर उपस्थित रहे।
इसके अलावा स्काउटर श्री सत्यपाल सिंह, श्री योगेंद्र वार्ष्णेय, श्री शिव शंकर गुप्ता, डॉ. पंकज जैन, श्री रमेश चंद्र गौतम तथा गाइडर शारदा विश्वकर्मा, मिनी वर्मा, माधुरी गौतम आदि ने भी सेवानिवृत्त जिला विद्यालय निरीक्षक श्री संत प्रकाश एवं उनके परिवार का सम्मान कर उनके उज्ज्वल एवं स्वस्थ भविष्य की कामना की।

ऑनलाइन डिजिटल हाजिरी के विरोध में उतरा प्राथमिक शिक्षक संघ, आदेश स्थगित करने की उठाई मांग

हाथरस। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ, जनपद हाथरस द्वारा शनिवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को शिक्षकों, शिक्षामित्रों एवं अनुदेशकों की विभिन्न समस्याओं और अधिकारों के संरक्षण को लेकर एक महत्वपूर्ण ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में 31 जुलाई 2026 के कार्यालय आदेश के तहत जनपद में लागू की जा रही ऑनलाइन डिजिटल उपस्थिति (डिजिटल अटेंडेंस) व्यवस्था का कड़ा विरोध करते हुए इसे तत्काल प्रभाव से स्थगित करने की मांग की गई। संघ के जिलाध्यक्ष सुरेश कुमार शर्मा ने कहा कि 16 जुलाई 2024 को उत्तर प्रदेश शासन द्वारा स्पष्ट रूप से निर्णय लिया गया था कि शिक्षकों की व्यावहारिक समस्याओं के समाधान के लिए गठित उच्चस्तरीय विशेषज्ञ समिति की रिपोर्ट प्राप्त होने तक ऑनलाइन डिजिटल उपस्थिति की व्यवस्था अग्रिम आदेशों तक स्थगित रहेगी। ऐसे में जनपद स्तर पर इसे लागू किया जाना शासन के निर्देशों के विपरीत है।


शिक्षक संघ ने यह भी बताया कि बेसिक शिक्षा विभाग में कार्यरत शिक्षकों, शिक्षामित्रों एवं अनुदेशकों को विद्यालयों में नेटवर्क कनेक्टिविटी, इंटरनेट सुविधा, तकनीकी संसाधनों की कमी तथा अन्य आधारभूत समस्याओं का सामना करना पड़ता है। इन व्यावहारिक कठिनाइयों का समाधान किए बिना डिजिटल उपस्थिति लागू करना उचित नहीं है और इससे विद्यालयों में शैक्षणिक कार्य भी प्रभावित हो सकता है।
संघ ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से मांग की कि 31 जुलाई 2026 के कार्यालय आदेश के क्रियान्वयन को जनहित एवं शिक्षक हित में तत्काल प्रभाव से स्थगित किया जाए, ताकि विद्यालयों में पठन-पाठन का वातावरण सुचारू रूप से बना रहे।
इस अवसर पर ज्ञापन सौंपने वालों में संतोष कुमार शर्मा, योगेंद्र कुमार शर्मा, वीरेंद्र कुमार सिंह, शशि कुलश्रेष्ठ, गोविंद रावत, अरुण शर्मा, शैलेंद्र चौहान, कृष्णकांत शर्मा, लाल बहादुर, कुलदीप सिंह, नरेश मीणा, सचिन शर्मा, अमित पचौरी, नितेश वार्ष्णेय, संतोष चौधरी, कन्हैया लाल शर्मा, गिरेंद्र सिंह, गौरव पचौरी, भगवान दास यादव, अमित शर्मा, जीतू शर्मा, प्रभाकर शर्मा, राजेश कुमार, प्रेमवीर सिंह, बी.पी. गौतम, संजीव शर्मा, मणिभूषण शर्मा, सुनील कुमार सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।
जिलाध्यक्ष सुरेश कुमार शर्मा ने कहा कि ’’ष्हम किसी भी तकनीक के विरोधी नहीं हैं, लेकिन जब तक प्रदेश सरकार शिक्षकों की समस्याओं एवं विशेषज्ञ समिति की रिपोर्ट के आधार पर पूरे प्रदेश के लिए एक समान नीति लागू नहीं करती, तब तक हाथरस जनपद में जबरन डिजिटल उपस्थिति लागू करने के किसी भी प्रयास का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध किया जाएगा। शासन के निर्देशों का सम्मान करते हुए इस आदेश को तत्काल वापस लिया जाना चाहिए।

You cannot copy content of this page