Breaking News
जयकारों से गूंजा श्री वेद भगवान शिविर ,देव छठ पर निकली प्रभात फेरी, भक्ति में झूमे श्रद्धालु ,पुष्पवर्षा कर किया प्रभात फेरी का स्वागत

हाथरस। श्री वेद भगवान सनातन धर्म सभा (रजि.), हाथरस के तत्वावधान में भाद्रपद शुक्ल पक्ष की बलदेव छठ के अवसर पर श्री राम दरबार प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। प्रभात फेरी ध्वज फहराते हुए तथा संगीतमय स्वर में दाऊजी महाराज का कीर्तन करते हुए प्रातः छह बजे किला स्थित दाऊजी महाराज मंदिर के प्रांगण से श्री वेद भगवान शिविर पहुंची। प्रभात फेरी के शिविर में पदार्पण करते ही पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया और देव छठ उत्सव का शुभारंभ हुआ।

श्री वेद भगवान सनातन धर्म सभा के अध्यक्ष डॉ. जितेंद्र स्वरूप शर्मा ‘फौजी’ तथा महोत्सव सभापति पं. विश्वनाथ पुरोहित ने पुष्पवर्षा कर प्रभात फेरी का स्वागत किया। सत्येंद्र स्वरूप शर्मा ‘फौजी’ एवं इंजीनियर देव स्वरूप शर्मा ने सभी भक्तजनों को पीत पटिका पहनाकर स्वागत किया।

इस दौरान भक्तजनों ने बलदाऊ बाबा का गुणगान करते हुए संगीतमय भजनों पर नाचते-गाते हुए उत्सव में सहभागिता की। पूरे शिविर में भक्ति और उल्लास का वातावरण बना रहा।

उत्सव को गति प्रदान करने में सीताराम अग्रवाल, पवन सारस्वत, राकेश वार्ष्णेय, कमल कुमार, त्रिलोकी नाथ अग्रवाल, मनोज शर्मा, ज्ञानेश अग्रवाल, शिवकुमार माताजी, आंचल जैन सहित अनेक भक्तजनों का विशेष योगदान रहा। सभी ने संगीतमय भजनों एवं कीर्तनों के माध्यम से देव छठ उत्सव को भक्तिमय बनाए रखा।

अंत में श्री वेद भगवान सनातन धर्म सभा के अध्यक्ष डॉ. जितेंद्र स्वरूप शर्मा ‘फौजी’ एवं महोत्सव सभापति पं. विश्वनाथ पुरोहित ने सभी भक्तजनों का नतमस्तक होकर आभार व्यक्त किया। प्रसाद वितरण के साथ श्री वेद भगवान के जयकारे, दाऊजी महाराज की जय, रेवती मैया की जय, धर्म की जय हो-अधर्म का नाश हो, प्राणियों में सद्भावना हो, विश्व का कल्याण हो, ‘पार्वती पतये हर-हर महादेव’ के जयघोष से वातावरण गूंज उठा। प्रातः नौ बजे देव छठ उत्सव का समापन हुआ।

Unknown's avatar

आशीष सेंगर

 aashishsengar@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page