Breaking News
श्री रामबाग इंटर कॉलेज की नवीन प्रबन्ध कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह सम्पन्न , पूर्व प्रबंधक के कार्यकाल की मुक्तकंठ से हुई प्रशंसा ,नवनिर्वाचित प्रबन्ध कार्यकारिणी ने विद्यालय के विकास का दिलाया भरोसा

हाथरस। श्री रामबाग इंटर कॉलेज की नवीन प्रबन्ध कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह विद्यालय परिसर में भव्यता एवं गरिमापूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। समारोह में पूर्व प्रबंधक के कार्यकाल की मुक्तकंठ से प्रशंसा हुई वहीँ नवनिर्वाचित प्रबन्ध कार्यकारिणी को विद्यालय के विकास के लिए पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया गया।
समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि यज्ञ दत्त गौतम एडवोकेट, विशिष्ट अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला प्रचार प्रमुख आशीष सेंगर , दिगंबर सिंह एडवोकेट ,प्रबन्धक ओमप्रकाश कलसा वाले व अध्यक्ष नरेश वर्मा ने माँ सरस्वती के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
प्रधानाचार्य शिव कुमार शर्मा ने नवीन प्रबन्ध कार्यकारिणी के सभी निर्वाचित पदाधिकारियों एवं सदस्यों को फूलमाला पहनाकर तथा प्रतीक चिन्ह भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया। समारोह के मुख्य अतिथि एवं चुनाव अधिकारी यज्ञदत्त गौतम ने प्रबन्ध कार्यकारिणी के सभी निर्वाचित सदस्यों को पद एवं दायित्वों के निर्वहन की शपथ दिलाई।


पूर्व प्रबंधक एवं नवनिर्वाचित अध्यक्ष नरेश वर्मा ने समारोह को संबोधित करते हुए अपने प्रबंधकीय कार्यकाल में विद्यालय के शैक्षिक एवं विकास कार्यों के लिए किए गए प्रयासों को साझा किया। उन्होंने कहा कि प्रबंधक के रूप में कार्य करते समय उन्हें कार्यकारिणी के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के साथ-साथ विद्यालय परिवार और समाज के लोगों का भरपूर सहयोग मिला। उन्होंने कहा कि अब साधारण सदस्यों ने उन्हें अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी है, जिसका निर्वहन वे पूर्ण निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ करते हुए विद्यालय के विकास के लिए कार्य करेंगे। उन्होंने नवनिर्वाचित प्रबंधक को हर संभव सहयोग देने का विश्वास भी दिलाया।
नवनिर्वाचित प्रबंधक ओमप्रकाश कलसा वाले ने कहा कि विद्यालय की उन्नति के लिए सभी को साथ लेकर कार्य किया जाएगा। उन्होंने विद्यालय की शैक्षिक गुणवत्ता एवं सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता बताते हुए समाज के सभी लोगों से विद्यालय के विकास में सहयोग की अपील की।
समारोह का संचालन विद्यालय के अध्यापक योगेश बागड़ी ने किया। इस अवसर पर नरेश कुमार वर्मा- अध्यक्ष , रमेश कूलवाल – उपाध्यक्ष
, ओमप्रकाश वर्मा कलसा बाले-प्रबंधक , ओम प्रकाश वर्मा मार्केट वाले-उप प्रबंधक , ओमप्रकाश बागड़ी कोषाध्यक्ष , मदन गोपाल भगत जी, गोपाल दास वर्मा , राजकुमार वर्मा
, रवि वर्मा , दिलीप वर्मा ,महेश वर्मा ,रामचंद्र वर्मा विद्यालय के शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी, तथा समाज के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मा0 राज्य मंत्री राजस्व विभाग, उत्तर प्रदेश श्री सुरेन्दर दिलेर ने मा0 जनप्रतिनिधिगणों के साथ शहीद स्मारक स्थल पर ध्वजारोहण कर जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं

हाथरस। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के अंतर्गत शहीद स्मारक स्थल पर भव्य एवं गरिमामयी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मा0 राज्य मंत्री, राजस्व विभाग, उत्तर प्रदेश श्री सुरेन्दर दिलेर ने ध्वजारोहण कर जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। ध्वजारोहण के उपरांत उपस्थित सभी लोगों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान का गायन किया।
इस अवसर पर मा0 मंत्री जी ने देश की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले अमर शहीदों एवं वीर स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए कहा कि 15 अगस्त का दिन प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व और खुशी का दिन है। 15 अगस्त, 1947 को हमारा देश अंग्रेजी गुलामी से आजाद हुआ। इस आजादी के लिए मंगल पांडेय, रानी लक्ष्मीबाई, चंद्रशेखर आजाद, भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव, नेताजी सुभाष चंद्र बोस जैसे अनगिनत वीरों ने अपना जीवन और सर्वस्व देश के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने सभी अमर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल ध्वजारोहण और उत्सव मनाने का अवसर नहीं है, बल्कि यह हमें देश के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का स्मरण भी कराता है। हमें सदैव ऐसे कार्य करने चाहिए, जिससे देश की प्रगति के साथ-साथ पूरी दुनिया में भारत का सम्मान निरंतर बढ़ता रहे। मा0 मंत्री जी ने कहा कि मा0 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी एवं प्रदेश के मा0 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने का निरंतर कार्य किया जा रहा है। आज का नया भारत अपनी सुरक्षा और सम्मान की रक्षा करना भली-भांति जानता है। भारत शांति और भाईचारे में विश्वास रखता है, लेकिन यदि कोई देश की एकता, सुरक्षा और सम्मान से खिलवाड़ करने का प्रयास करता है तो नया भारत उसे मुंहतोड़ जवाब देने में भी सक्षम है। उन्होंने जनपदवासियों का आह्वान करते हुए कहा कि आइए, हम सभी मिलकर ऐसे भारत और उत्तर प्रदेश के निर्माण का संकल्प लें, जो मजबूत, सुरक्षित, खुशहाल और निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर हो। मा0 मंत्री जी ने कहा कि देश के निर्माण में जितनी जिम्मेदारी सरकार, शासन और प्रशासन की है, उतनी ही जिम्मेदारी प्रत्येक नागरिक की भी है। प्रत्येक नागरिक को यह समझना होगा कि देश के लिए उसका क्या दायित्व है। अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखना, किसी गलत कार्य को रोकना तथा सही और सकारात्मक कार्यों का समर्थन करना भी राष्ट्रहित में महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करते हुए राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया। अंत में मा0 राज्य मंत्री जी ने सभी अमर शहीदों को नमन करते हुए जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।


इस अवसर पर मा0 राज्य मंत्री सुरेन्दर दिलेर, मा0 विधायक सदर श्रीमती अंजुला सिंह माहौर, मा0 जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह, जिलाधिकारी अतुल वत्स, पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा, मुख्य विकास अधिकारी पी0एन0 दीक्षित सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने शहीद स्मारक स्थल पर अमर शहीदों चंद्रशेखर आजाद, भगत सिंह, सुखदेव एवं राजगुरु की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस दौरान वीर शहीदों के बलिदान को स्मरण करते हुए देश की एकता, अखंडता एवं राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान मा0 राज्य मंत्री ने जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ शहीद श्री श्याम सिंह की पत्नी श्रीमती सुशीला देवी, शहीद श्री धर्मेन्द्र सिंह की पत्नी श्रीमती राजेश देवी, शहीद श्री उमेश कुमार की पत्नी श्रीमती अनीता देवी को शॉल ओढ़ाकर एवं पुष्प भेंट कर सम्मानित किया। शहीद परिवारों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उनके त्याग और योगदान को राष्ट्र की अमूल्य धरोहर बताया गया।
मा0 मंत्री जी द्वारा सेंट फ्रांसिस इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं को भी उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी, अनुशासन एवं कर्तव्य भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के उपरांत शहीद स्मारक स्थल से मा0 राज्य मंत्री, मा0 जनप्रतिनिधिगण, अधिकारीगण, छात्र-छात्राओं एवं जनपदवासियों की सहभागिता में भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। हाथों में तिरंगा लेकर बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक रैली में प्रतिभाग किया। तिरंगा रैली के दौरान पूरा वातावरण “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों से गूंज उठा। रैली ने जनपद में राष्ट्रभक्ति, एकता एवं देशप्रेम की भावना को और मजबूत किया। बच्चों, युवाओं, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं आमजन की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने कार्यक्रम को विशेष रूप से भव्य बना दिया।
कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी अतुल वत्स एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने जिला प्रशासन की ओर से मा0 राज्य मंत्री श्री सुरेन्दर दिलेर, मा0 विधायकगण एवं जिलाध्यक्ष श्री प्रेम सिंह कुशवाह को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में पूर्व जिलाध्यक्ष गौरव आर्य, मा0 सांसद प्रतिनिधि राजेश उर्फ गुड्डू, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, उप जिलाधिकारी सदर, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, मा0 जनप्रतिनिधिगण, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, जनपदवासी तथा प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकार बंधु उपस्थित रहे।

देशभक्ति के नारों से गूंजा हाथरस, एडीएचआर ने निकाली 12वीं विशाल तिरंगा संदेश बाइक रैली

हाथरस। एसोसिएशन ऑफ डेमोक्रेटिक हृयूमन राइट्स (एडीएचआर) द्वारा विगत वर्षों की भाँति इस वर्ष भी 80वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर 12वीं विशाल तिरंगा संदेश बाइक रैली का आयोजन बड़े ही हर्षोल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ किया गया। रैली का शुभारंभ शहीद भगत सिंह पार्क, डीआरबी इंटर कॉलेज, हाथरस से किया गया।
रैली में शामिल लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था। हाथों में तिरंगा और दिल में देशभक्ति की भावना लिए बाइक सवारों ने पूरे शहर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। रैली के दौरान “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्”, “इंकलाब जिंदाबाद”, “अमर शहीद अमर रहें” सहित अनेक गगनचुंबी देशभक्ति के नारों से शहर गूंज उठा। देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले अमर शहीदों को नमन करते हुए रैली में शामिल लोगों ने उनके बलिदान को याद किया।


एडीएचआर राष्ट्रीय महासचिव प्रवीन वार्ष्णेय ने बताया कि संस्था द्वारा लगातार पिछले 11 वर्षों से तिरंगा संदेश बाइक रैली का आयोजन किया जा रहा है और इस वर्ष यह 12वीं तिरंगा संदेश बाइक रैली है। उन्होंने कहा कि रैली का उद्देश्य लोगों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता, भाईचारे और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत करना है।
प्रवीन वार्ष्णेय ने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि 15 अगस्त केवल छुट्टी का दिन नहीं, बल्कि उन महान बलिदानियों को नमन करने का दिन है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए हंसते-हंसते अपने प्राण न्योछावर कर दिए। आज हम जिस स्वतंत्र भारत में स्वतंत्रता के साथ जीवन जी रहे हैं, वह उन वीर शहीदों के त्याग और बलिदान का परिणाम है। इसलिए प्रत्येक नागरिक को स्वतंत्रता दिवस को पूरे सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ मनाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, गौरव और बलिदान का प्रतीक है। हमें तिरंगे के सम्मान के साथ देश के संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता के प्रति भी अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
तिरंगा संदेश बाइक रैली का शहर में विभिन्न स्थानों पर सामाजिक संस्थाओं, संगठनों एवं शहरवासियों द्वारा पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। जगह-जगह लोगों ने रैली में शामिल बाइक सवारों का उत्साहवर्धन किया और तिरंगे के प्रति अपना सम्मान व्यक्त किया।
रैली शहीद भगत सिंह पार्क से प्रारंभ-नई धर्मशाला-चांवड गेट-सब्जी मण्डी-नयागंज-पत्थर बाजार-नजिहाई-घंटाघर-हलवाई खाना-गुडिहाई बाजार-रामलीला मैदान-बैनीगंज-पुनः घंटाघर-मोहनगंज-पुरानी कलेक्ट्रेट तालाब चौराहा होती हुई आर्य समाज सासनी गेट पर विश्राम हुई
एडीएचआर ने सभी शहरवासियों का रैली को सफल बनाने में सहयोग एवं उत्साहपूर्वक सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया और सभी से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रहित, सामाजिक सद्भाव एवं भाईचारे को मजबूत करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
रैली में मोहनलाल अग्रवाल, कमलकांत दोवराबाल, शैलेंद्र सांवलिया, अनिल वार्ष्णेय, अनिल अग्रवाल, रवि गुप्ता, तरूण पंकज, सुनीत आर्य, राजेश वार्ष्णेय, अमन बंसल, गौरव अग्निहोत्री, आशीष वार्ष्णेय, हरीश आंधीवाल,योगेश वार्ष्णेय, सुनील अग्रवाल, निष्कर्ष गर्ग,नीरज गोयल,डा.पी.पी.सिंह,राज वार्ष्णेय,सुरेंद्र वार्ष्णेय, ऋषि शर्मा, नीरज गोयल,राम अग्रवाल, उद्धव कृष्ण शर्मा,सौरभ सिंघल, राजेंद्र नाथ चतुर्वेदी, मुरारी चौधरी,डा.अभिषेक कुलश्रेष्ठ,अमित गर्ग,आदि सैकड़ों लोग मौजूद रहे

Zen G की संस्कारित ताकत और क्षमताओं के साथ भारत बनेगा अखंड : विभाग प्रचारक गोविंद, आरएसएस ने मनाया अखंड भारत संकल्प दिवस

हाथरस। भारत के पास कई चुनौतियों से पार पाने की क्षमता है और विश्व कठिनाइयों से दूर होने के लिये भारत की ओर देख रहा है। “वसुधैव कुटुंबकम” के विश्वास के साथ भारत फिर से विश्व गुरु बनेगा और विश्व मे सुख और शांति की आधारशिला रखेगा। भारत की जेन जी की संस्कारित ताकत और क्षमताओं के साथ उभरते हुये भारत निर्माण के लिये हम सभी को मिलकर आगे बढ़ना है तो निश्चित ही भारत अखंड भारत बनेगा। उक्त बातें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के हरिगढ़ विभाग प्रचारक गोविंद ने कही। वह विद्यार्थी कार्य विभाग द्वारा आयोजित अखंड भारत संकल्प दिवस कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।


पीएम श्री केंद्रीय विधालय में आयोजत अखंड भारत संकल्प दिवस कार्यक्रम का शुभारम्भ मंचासीन मुख्य वक्ता हरिगढ़ विभाग प्रचारक गोविंद ,नगर संघचालक डॉ पीपी सिंह व कार्यक्रम के अध्यक्ष अनिल कुमार वार्ष्णेय ने भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।
अखंड भारत संकल्प दिवस को संबोधित करते हुये विभाग प्रचारक गोविंद ने कहा कि पूर्व की परिस्थितियों के कारण भारत का कुछ भू भाग देश से अलग हो गया। 1876 में अफगानिस्तान, 1904 में नेपाल, 1906 में भूटान, 1914 में तिब्बत, 1935 में श्रीलंका, 1937 में म्यामार और फिर 1947 में पाकिस्तान हमसे अलग हुआ। अधिकृत कश्मीर और 1962 में अक्साई चीन भारत से अलग हो गये।


उन्होंने कहा कि यह सभी हमारे देश का हिस्सा है।हमारा इतिहास भारत में ही नहीं बल्कि अफगानिस्तान से लेकर कम्बोडिया लाओस और तिब्बत भूटान से लेकर श्रीलंका तक फैला है। हिन्दू धर्म के मंदिर ओर हमारी संस्कृति की झलक यहाँ आज भी दिखती है। वह दिन दूर नही जब भारत फिर से अखंड भारत बनेगा।कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रमुख व्यवसायी अनिल कुमार वार्ष्णेय ने की । भारत माता की आरती के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
पूरे परिसर पुष्प एवँ रंगोली से सजाया गया था और अखंड भारत का मानचित्र बनाया गया।

इस अवसर पर जिला प्रचारक जितेंद्र ,नगर प्रचारक सौरभ , विभाग सह कार्यवाह अजय कुलश्रेष्ठ, विभाग सह संपर्क प्रमुख दुर्गेश गुप्ता , विभाग योग प्रमुख हजारीलाल ,जिला बौद्धिक प्रमुख पवन शर्मा ,जिला सेवा प्रमुख योगेश बागड़ी ,जिला प्रचार प्रमुख आशीष सेंगर ,जिला अभिलेखागार प्रमुख सागर शर्मा , जिला विधार्थी प्रमुख हर्षित गुप्ता ,जिला सह योग प्रमुख राजेश वार्ष्णेय , नगर कार्यवाह भानु ,सह नगर कार्यवाह टिंकू राना ,सह नगर कार्यवाह अमित गौतम , नगर विद्यार्थी प्रमुख विश्वदीप ,सदर विधायक अंजुला माहौर , पालिकाध्यक्ष श्वेता चौधरी ,रामवीर परमार , शरद तिवारी ,मनोज अग्निहोत्री, एडीजीसी त्रिलोकी शर्मा ,संध्या आर्य ,डॉली माहौर ,अनू विमल ,आदि संख्या में मौजूद रहे

यूपीका के कार्यशाला में समाजसेवी सुरेश अग्रवाल सम्मानित , लाभार्थियों को दी योजना की जानकारी

हाथरस। काका हाथरसी स्मारक मुरसान गेट पर 13 अगस्त को यूपी इंडस्ट्रियल कोऑपरेटिव एसोसिएट लिमिटेड एवं उत्तर प्रदेश औद्योगिक सहकारी संघ लिमिटेड (यूपीका) के संयुक्त तत्वावधान में कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में मुख्य अतिथि नेशनल मर्चेंट चैंबर हाथरस के अध्यक्ष एवं उद्योगपति समाजसेवी प्रदीप गोयल, विशिष्ट अतिथि समाजसेवी सुरेश अग्रवाल तथा अतिथि विनोद जोशी ने सहभागिता की।


कार्यक्रम में प्रशिक्षणार्थियों एवं योजना के लाभार्थियों को योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। इस अवसर पर कानपुर से आए यूपीका के प्रबंधक डॉ. अशोक सचान तथा कार्यक्रम आयोजक संचालक डॉ. जितेंद्र शर्मा उपस्थित रहे।

सादाबाद में भाजपा ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा, देशभक्ति के नारों से गूंजा नगर

सादाबाद। भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में गुरुवार को सादाबाद नगर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं के साथ श्री महाराजा अग्रसेन गर्ल्स इंटर कॉलेज की छात्राओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर छात्राओं और कार्यकर्ताओं ने देश के अमर शहीदों के सम्मान में देशभक्ति के नारे लगाए।

तिरंगा यात्रा का शुभारंभ श्री महाराजा अग्रसेन सेवा सदन से नगर पंचायत अध्यक्ष हेमलता अग्रवाल ने तिरंगा झंडा दिखाकर किया। यात्रा कृष्णा टॉकीज, जवाहर बाजार, चौक बाजार, सब्जी मंडी तिराहा और रोडवेज बस स्टैंड होते हुए हाथरस रोड स्थित एसआर कॉम्प्लेक्स पहुंची, जहां यात्रा सभा में परिवर्तित हो गई।

सभा में छात्राओं को देश के अमर शहीदों के जीवन और उनके बलिदान से संबंधित पुस्तकें वितरित की गईं। वक्ताओं ने स्वतंत्रता संग्राम के वीरों के त्याग, संघर्ष और देश की आजादी में उनके योगदान पर प्रकाश डाला। यात्रा के दौरान पूरे नगर में देशभक्ति का माहौल बना रहा।

आयोजकों ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी भाजपा कार्यकर्ताओं, विद्यार्थियों एवं क्षेत्रवासियों का हृदय से आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष सुनील गौतम, चेयरमैन हेमलता अग्रवाल, चेयरमैन प्रतिनिधि राधा रमन अग्रवाल, निवर्तमान मंडल अध्यक्ष अनिल पाराशर उर्फ डब्बू भैया, मंडल अध्यक्ष अंकुश गौड़, मंडल महामंत्री चरन सिंह सागर, राजकुमार प्रधान, विश्व बंधु पाराशर एडवोकेट, ओमवीर प्रधान, हर स्वरूप वर्मा, राकेश वर्मा, अमित वर्मा, जितेंद्र गौतम, जयदेव चौधरी, रंजीत सिकरवार, डॉ. यतेंद्र शर्मा, विजय बघेल, हेमंत गौतम, विशाल वाल्मीकि, अनिल पचौरी, बबलू गौतम, पवन अग्रवाल, दिनेश वर्मा सभासद, सत्य प्रकाश वाल्मीकि, अनुपम जिंदल, पवन चौधरी, डॉ. तरुण शर्मा, अंकित सागर, शोभित शर्मा, मनोज सोनी, राजकुमार शर्मा, रिंकू चौधरी, केशव देव शेरू, मुकेश शर्मा, विदित यादव सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यक्रम का समापन “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के जयघोष के साथ हुआ।

ग्राम पंचायत राजपुर में पहली बार लगा रक्तदान शिविर, 35 यूनिट रक्त संग्रहहर्षिता वार्ष्णेय के जन्मदिवस पर आयोजित हुआ 8वाँ स्वैच्छिक रक्तदान शिविर

हाथरस !ग्राम प्रधान प्रियंका तिवारी के सानिध्य में ग्राम पंचायत राजपुर में पहली बार स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन हर्षिता वार्ष्णेय के जन्मदिवस के अवसर पर किया गया। शिविर में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए 35 यूनिट सभी ग्रुपों का रक्त दान किया।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान श्रीमती प्रियंका तिवारी ने ग्रामीण स्तर पर रक्तदान शिविर आयोजित कर ग्रामवासियों को रक्तदान के प्रति जागरूक करने की पहल की। उन्होंने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति के लिए जीवनदान है। प्रत्येक स्वस्थ एवं योग्य व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान अवश्य करना चाहिए, ताकि रक्त की कमी के कारण किसी जरूरतमंद का जीवन खतरे में न पड़े।
राष्ट्रीय महासचिव प्रवीन वार्ष्णेय ने कहा कि जन्मदिन, शादी की सालगिरह जैसे पारिवारिक उत्सवों को भी एडीएच आर ने सामाजिक सरोकारों से जोड दिया है आज समाज में इस पहल से बहुत जागरूकता आईं हैं


यह शिविर एडीएचआर की सामाजिक जागरूकता की अनोखी पहल के अंतर्गत आयोजित किया गया। उपस्थित लोगों ने कहा कि ग्रामीण स्तर पर इस तरह के रक्तदान शिविर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
हर्षिता वार्ष्णेय के जन्मदिवस पर रक्तदान शिविर आयोजित कर एक प्रेरणादायक सामाजिक संदेश भी दिया गया—“बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ और बेटी के जन्मदिन पर रक्तदान कर किसी को जीवनदान दो।”
ग्राम पंचायत राजपुर में पहली बार आयोजित इस रक्तदान शिविर में रक्तदाताओं का उत्साह देखते ही बना। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने आगे आकर रक्तदान किया और समाजसेवा की मिसाल प्रस्तुत की।
ग्राम प्रधान प्रियंका तिवारी ने सभी रक्तदाताओं, आयोजकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रक्तदान केवल एक सामाजिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का महान कार्य है। उन्होंने ग्रामीणों से भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी अभियानों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
सभी ने हर्षिता वार्ष्णेय के जन्मदिवस पर केक काटकर अपना आर्शीवाद दिया
शिविर में एडीओ पंचायत के.के.गौतम, सचिव प्रकाश चंद्र, अलंकार अग्निहोत्री, कमलकांत दोवराबाल, शैलेंद्र सांवलिया, राजेश वार्ष्णेय, अनिल अग्रवाल, रवि गुप्ता, मुरारी चौधरी, अरविंद कुमार, दीपक अग्रवाल, सागर अग्निहोत्री, भारत कुमार, सोनू कुमार, पल्लव अग्निहोत्री, अमित अग्निहोत्री, कृष्णा अग्निहोत्री, माधव अग्निहोत्री आदि लोग उपस्थित रहे

मंडलीय नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता में हाथरस के स्काउट-गाइड्स का शानदार प्रदर्शन

हाथरस। यूपी स्काउट गाइड्स केयर अभियान के अंतर्गत 13 अगस्त 2026 को श्री टीका राम इंटर कॉलेज, अलीगढ़ में मंडल स्तरीय नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में नशामुक्ति, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, सड़क सुरक्षा एवं भ्रष्टाचार उन्मूलन जैसे सामाजिक सरोकारों पर आधारित प्रस्तुतियां दी गईं। छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से समाज को जागरूकता का संदेश दिया।


हाथरस जनपद के स्काउट-गाइड्स ने जिला संगठन आयुक्त धीरेन्द्र प्रताप सिंह के नेतृत्व तथा स्काउट मास्टर पंकज जैन, गाइड कैप्टन शारदा विश्वकर्मा एवं दिव्या उपाध्याय के कुशल मार्गदर्शन में प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता में के.एल. जैन इंटर कॉलेज, हाथरस के स्काउट विंग ने प्रथम स्थान तथा श्रीरामचंद्र अग्रवाल इंटर कॉलेज, हाथरस के गाइड विंग ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। दोनों विजेता टीमें अब लखनऊ में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगी।
मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक के प्रतिनिधि श्री शैलेंद्र सिंह एवं जिला विद्यालय निरीक्षक अलीगढ़ श्री पूरन सिंह ने विजेता स्काउट-गाइड्स को प्रमाण पत्र एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी गईं।

आईटीआई के 30 छात्रों को नौकरी में चयन

अलीगढ़। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान अलीगढ़ में रोजगार मेले का आयोजन किया गया । इसमें डेंसो इंडिया प्राइवेट लिमिटेड ग्रेटर नोएडा ने प्रतिभाग किया । जिसमें आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थियों ने भाग लिया, कम्पनी द्वारा चयनित प्रतिभागियो को 18,000 रु प्रतिमाह भुगतान किया जाएगा। बुधवार आयोजित मेले में 86 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया, कम्पनी द्वारा 30 प्रतिभागियों का चयन किया गया, चयनित होने के उपरांत सभी प्रतिभागियों को कम्पनी प्रतिनिधि द्वारा नियुक्ति पत्र वितरित किए साथ ही गुरुवार को कम्पनी में मेडीकल प्रमाण पत्र सहित नियुक्ति के लिए कम्पनी में उपस्थित होकर ज्वाइन करें। नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। संस्थान के प्रधानाचार्य विजय बहादुर सिंह ने चयनित प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देने के साथ साथ कम्पनी में पूर्ण लग्न एवं निष्ठा के साथ अपना शत प्रतिशत देने के लिए प्रेरित करने के साथ कम्पनी के आये हुए सभी प्रतिनिधियों को धन्यवाद प्रेषित किया ।

हजारों की संख्या में उपस्थित युवाओं को दिलाई गई नशा मुक्ति शपथ ,10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान के अंतर्गत जनपद भर में आयोजन जारी


हाथरस। जो किन्ही कारणों से बिगड़ गए उन पर तो ध्यान देना ही है, लेकिन उनसे पहले उन पर जो देश का भविष्य हैं , वे न नशे की लत में बिगड़ें इस पर विशेष ध्यान देने की आज जरुरत हैं| इसी को ध्यान में रखते हुए 10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान के अंतर्गत जनपद हाथरस की सासनी तहसील में सबसे पहले के एल जैन इंटर कॉलेज उसके बाद 10 अन्य स्कूलों तथा चौपाल सागर में ब्रह्माकुमारी अलीगढ रोड स्थित आनंदपुरी कॉलोनी केंद्र की राजयोग केंद्र संचालिका बी के शांता बहिन के सानिध्य में नशा मुक्ति प्रतिज्ञा की धूम मची|
बी के कोमल बहिन, बी के पंचम सिंह के प्रयासों से , के एल जैन इंटर कॉलेज के अलावा प्रकाश अकेडमी , राजकीय कन्या इंटर कॉलेज आदि अधिकांश स्कूल , कोलेजो, चौपाल सागर में भी आयोजन किये गए| सभी स्कूल , कोलेजो के प्रशासन ने मुक्त कंठ से 10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा अभियान द्वारा मानव समाज के कल्याण के सेवा की प्रशंसा की |


ज्ञात हो कि 10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान पूरे भारत के छः हजार केन्द्रों और गीता पाठशाला इसमें सेवारत हैं| बी के लक्ष्मी बहिन ने सभी स्थानों पर उपस्थित लोगों को नशे से दूरी बनाये रखने का संकल्प दिलाया | हजारों की संख्या में उपस्थित युवाओं ने आज शपथ ली

You cannot copy content of this page