Breaking News
देशभक्ति के नारों से गूंजा हाथरस, एडीएचआर ने निकाली 12वीं विशाल तिरंगा संदेश बाइक रैली

हाथरस। एसोसिएशन ऑफ डेमोक्रेटिक हृयूमन राइट्स (एडीएचआर) द्वारा विगत वर्षों की भाँति इस वर्ष भी 80वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर 12वीं विशाल तिरंगा संदेश बाइक रैली का आयोजन बड़े ही हर्षोल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ किया गया। रैली का शुभारंभ शहीद भगत सिंह पार्क, डीआरबी इंटर कॉलेज, हाथरस से किया गया।
रैली में शामिल लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था। हाथों में तिरंगा और दिल में देशभक्ति की भावना लिए बाइक सवारों ने पूरे शहर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। रैली के दौरान “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्”, “इंकलाब जिंदाबाद”, “अमर शहीद अमर रहें” सहित अनेक गगनचुंबी देशभक्ति के नारों से शहर गूंज उठा। देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले अमर शहीदों को नमन करते हुए रैली में शामिल लोगों ने उनके बलिदान को याद किया।


एडीएचआर राष्ट्रीय महासचिव प्रवीन वार्ष्णेय ने बताया कि संस्था द्वारा लगातार पिछले 11 वर्षों से तिरंगा संदेश बाइक रैली का आयोजन किया जा रहा है और इस वर्ष यह 12वीं तिरंगा संदेश बाइक रैली है। उन्होंने कहा कि रैली का उद्देश्य लोगों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता, भाईचारे और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत करना है।
प्रवीन वार्ष्णेय ने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि 15 अगस्त केवल छुट्टी का दिन नहीं, बल्कि उन महान बलिदानियों को नमन करने का दिन है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए हंसते-हंसते अपने प्राण न्योछावर कर दिए। आज हम जिस स्वतंत्र भारत में स्वतंत्रता के साथ जीवन जी रहे हैं, वह उन वीर शहीदों के त्याग और बलिदान का परिणाम है। इसलिए प्रत्येक नागरिक को स्वतंत्रता दिवस को पूरे सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ मनाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, गौरव और बलिदान का प्रतीक है। हमें तिरंगे के सम्मान के साथ देश के संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता के प्रति भी अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
तिरंगा संदेश बाइक रैली का शहर में विभिन्न स्थानों पर सामाजिक संस्थाओं, संगठनों एवं शहरवासियों द्वारा पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। जगह-जगह लोगों ने रैली में शामिल बाइक सवारों का उत्साहवर्धन किया और तिरंगे के प्रति अपना सम्मान व्यक्त किया।
रैली शहीद भगत सिंह पार्क से प्रारंभ-नई धर्मशाला-चांवड गेट-सब्जी मण्डी-नयागंज-पत्थर बाजार-नजिहाई-घंटाघर-हलवाई खाना-गुडिहाई बाजार-रामलीला मैदान-बैनीगंज-पुनः घंटाघर-मोहनगंज-पुरानी कलेक्ट्रेट तालाब चौराहा होती हुई आर्य समाज सासनी गेट पर विश्राम हुई
एडीएचआर ने सभी शहरवासियों का रैली को सफल बनाने में सहयोग एवं उत्साहपूर्वक सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया और सभी से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रहित, सामाजिक सद्भाव एवं भाईचारे को मजबूत करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
रैली में मोहनलाल अग्रवाल, कमलकांत दोवराबाल, शैलेंद्र सांवलिया, अनिल वार्ष्णेय, अनिल अग्रवाल, रवि गुप्ता, तरूण पंकज, सुनीत आर्य, राजेश वार्ष्णेय, अमन बंसल, गौरव अग्निहोत्री, आशीष वार्ष्णेय, हरीश आंधीवाल,योगेश वार्ष्णेय, सुनील अग्रवाल, निष्कर्ष गर्ग,नीरज गोयल,डा.पी.पी.सिंह,राज वार्ष्णेय,सुरेंद्र वार्ष्णेय, ऋषि शर्मा, नीरज गोयल,राम अग्रवाल, उद्धव कृष्ण शर्मा,सौरभ सिंघल, राजेंद्र नाथ चतुर्वेदी, मुरारी चौधरी,डा.अभिषेक कुलश्रेष्ठ,अमित गर्ग,आदि सैकड़ों लोग मौजूद रहे

Unknown's avatar

आशीष सेंगर

 aashishsengar@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page