80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मा0 राज्य मंत्री राजस्व विभाग, उत्तर प्रदेश श्री सुरेन्दर दिलेर ने मा0 जनप्रतिनिधिगणों के साथ शहीद स्मारक स्थल पर ध्वजारोहण कर जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं
हाथरस। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के अंतर्गत शहीद स्मारक स्थल पर भव्य एवं गरिमामयी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मा0 राज्य मंत्री, राजस्व विभाग, उत्तर प्रदेश श्री सुरेन्दर दिलेर ने ध्वजारोहण कर जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। ध्वजारोहण के उपरांत उपस्थित सभी लोगों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान का गायन किया।
इस अवसर पर मा0 मंत्री जी ने देश की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले अमर शहीदों एवं वीर स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए कहा कि 15 अगस्त का दिन प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व और खुशी का दिन है। 15 अगस्त, 1947 को हमारा देश अंग्रेजी गुलामी से आजाद हुआ। इस आजादी के लिए मंगल पांडेय, रानी लक्ष्मीबाई, चंद्रशेखर आजाद, भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव, नेताजी सुभाष चंद्र बोस जैसे अनगिनत वीरों ने अपना जीवन और सर्वस्व देश के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने सभी अमर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल ध्वजारोहण और उत्सव मनाने का अवसर नहीं है, बल्कि यह हमें देश के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का स्मरण भी कराता है। हमें सदैव ऐसे कार्य करने चाहिए, जिससे देश की प्रगति के साथ-साथ पूरी दुनिया में भारत का सम्मान निरंतर बढ़ता रहे। मा0 मंत्री जी ने कहा कि मा0 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी एवं प्रदेश के मा0 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने का निरंतर कार्य किया जा रहा है। आज का नया भारत अपनी सुरक्षा और सम्मान की रक्षा करना भली-भांति जानता है। भारत शांति और भाईचारे में विश्वास रखता है, लेकिन यदि कोई देश की एकता, सुरक्षा और सम्मान से खिलवाड़ करने का प्रयास करता है तो नया भारत उसे मुंहतोड़ जवाब देने में भी सक्षम है। उन्होंने जनपदवासियों का आह्वान करते हुए कहा कि आइए, हम सभी मिलकर ऐसे भारत और उत्तर प्रदेश के निर्माण का संकल्प लें, जो मजबूत, सुरक्षित, खुशहाल और निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर हो। मा0 मंत्री जी ने कहा कि देश के निर्माण में जितनी जिम्मेदारी सरकार, शासन और प्रशासन की है, उतनी ही जिम्मेदारी प्रत्येक नागरिक की भी है। प्रत्येक नागरिक को यह समझना होगा कि देश के लिए उसका क्या दायित्व है। अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखना, किसी गलत कार्य को रोकना तथा सही और सकारात्मक कार्यों का समर्थन करना भी राष्ट्रहित में महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करते हुए राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया। अंत में मा0 राज्य मंत्री जी ने सभी अमर शहीदों को नमन करते हुए जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर मा0 राज्य मंत्री सुरेन्दर दिलेर, मा0 विधायक सदर श्रीमती अंजुला सिंह माहौर, मा0 जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह, जिलाधिकारी अतुल वत्स, पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा, मुख्य विकास अधिकारी पी0एन0 दीक्षित सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने शहीद स्मारक स्थल पर अमर शहीदों चंद्रशेखर आजाद, भगत सिंह, सुखदेव एवं राजगुरु की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस दौरान वीर शहीदों के बलिदान को स्मरण करते हुए देश की एकता, अखंडता एवं राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान मा0 राज्य मंत्री ने जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ शहीद श्री श्याम सिंह की पत्नी श्रीमती सुशीला देवी, शहीद श्री धर्मेन्द्र सिंह की पत्नी श्रीमती राजेश देवी, शहीद श्री उमेश कुमार की पत्नी श्रीमती अनीता देवी को शॉल ओढ़ाकर एवं पुष्प भेंट कर सम्मानित किया। शहीद परिवारों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उनके त्याग और योगदान को राष्ट्र की अमूल्य धरोहर बताया गया।
मा0 मंत्री जी द्वारा सेंट फ्रांसिस इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं को भी उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी, अनुशासन एवं कर्तव्य भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के उपरांत शहीद स्मारक स्थल से मा0 राज्य मंत्री, मा0 जनप्रतिनिधिगण, अधिकारीगण, छात्र-छात्राओं एवं जनपदवासियों की सहभागिता में भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। हाथों में तिरंगा लेकर बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक रैली में प्रतिभाग किया। तिरंगा रैली के दौरान पूरा वातावरण “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों से गूंज उठा। रैली ने जनपद में राष्ट्रभक्ति, एकता एवं देशप्रेम की भावना को और मजबूत किया। बच्चों, युवाओं, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं आमजन की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने कार्यक्रम को विशेष रूप से भव्य बना दिया।
कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी अतुल वत्स एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने जिला प्रशासन की ओर से मा0 राज्य मंत्री श्री सुरेन्दर दिलेर, मा0 विधायकगण एवं जिलाध्यक्ष श्री प्रेम सिंह कुशवाह को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

