शिनाख्त न होने पर अज्ञात शव का हिंदू रीति-रिवाज से किया गया अंतिम संस्कार
हाथरस। मानव अधिकारों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए कार्यरत एसोसिएशन ऑफ डेमोक्रेटिक ह्यूमन राइट्स (ADHR) द्वारा एक अज्ञात शव का हिंदू रीति-रिवाज से अंतिम संस्कार कराया गया। यह कार्य संस्था की देखरेख में समाजसेवी सुनीत आर्य के नेतृत्व में संपन्न हुआ, जिसमें एनएसएस अध्यक्ष सुनील अग्रवाल का विशेष सहयोग रहा।
जानकारी के अनुसार, 19 जून को कोतवाली चंदपा क्षेत्र के नगला कलू के बंबा में लगभग 35 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव ग्रामीणों को पानी में तैरता हुआ दिखाई दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त के प्रयास किए। मृतक ने ग्रे रंग का लोअर, लाल रंग की शर्ट और बनियान पहन रखी थी। पानी में अधिक समय तक रहने के कारण शव फूल गया था।
पुलिस ने शव को 72 घंटे तक शिनाख्त के लिए सुरक्षित रखा, लेकिन पहचान न होने पर उसे लावारिस घोषित कर पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद पुलिस ने समाजसेवी सुनीत आर्य और प्रवीन वार्ष्णेय से अंतिम संस्कार कराने का अनुरोध किया, जिस पर दोनों समाजसेवियों ने हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार शव का दाह संस्कार कराया।
इस अवसर पर एसोसिएशन ऑफ डेमोक्रेटिक ह्यूमन राइट्स के राष्ट्रीय महासचिव प्रवीन वार्ष्णेय, समाजसेवी सुनीत आर्य, एनएसएस अध्यक्ष सुनील अग्रवाल, आयोग दीपक, बंटी भाई कपड़े वाले, नीरज गोयल, तरुण राघव, विशाल सोनी, सतेन्द्र मोहन, टेकपाल कुशवाह, कांस्टेबल राकेश कुमार एवं कांस्टेबल अंकुर यादव सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

