विश्व योगासन चैंपियन रितु पौरुष का न्यू राधा कृष्ण सेवा समिति ने किया भव्य सम्मान
हाथरस। अहमदाबाद में आयोजित पहली वर्ल्ड योगासन चैंपियनशिप-2026 में स्वर्ण पदक जीतकर भारत का नाम विश्व पटल पर रोशन करने वाली उत्तर प्रदेश पुलिस में मुख्य आरक्षी ठाकुर रितु पौरुष का न्यू राधा कृष्ण सेवा समिति द्वारा उनके पैतृक निवास ग्राम नहरोई, हाथरस में भव्य सम्मान किया गया।
समिति के पदाधिकारियों ने रितु पौरुष को पगड़ी एवं पटका पहनाकर, माल्यार्पण कर तथा राधा-कृष्ण की सुंदर छवि भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस में अपनी सेवाएं देने के साथ-साथ योगासन के क्षेत्र में विश्व स्तर पर स्वर्ण पदक जीतना अत्यंत गौरव और प्रेरणा का विषय है। उनकी यह उपलब्धि युवाओं को अनुशासन, परिश्रम और समर्पण के साथ अपने लक्ष्य प्राप्त करने की प्रेरणा देती है।

समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष दीपक पौरुष ने रितु पौरुष की ऐतिहासिक सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से न केवल हाथरस और उत्तर प्रदेश, बल्कि पूरे देश का गौरव बढ़ाया है। समिति के सभी पदाधिकारियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष दीपक पौरुष, जिला उपाध्यक्ष मनीष उपाध्याय, जिला कोषाध्यक्ष प्रमोद कुमार , सुरेन्द्र पौरुष सहित समिति के पदाधिकारी एवं स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

