Breaking News
सुशासन के 12 वर्ष पूर्ण होने पर हाथरस में भव्य आयोजन, प्रभारी मंत्री बेबी रानी मौर्य ने एलईडी वैन व मोबाइल मेडिकल वाहन को दिखाई हरी झंडी

हाथरस, । देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 140 करोड़ भारतीयों की निरंतर सेवा एवं सुशासन के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मंगलवार को हाथरस के कलेक्ट्रेट परिसर में विभिन्न कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश सरकार की महिला कल्याण, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार मंत्री एवं जनपद की प्रभारी मंत्री श्रीमती बेबी रानी मौर्य ने की।

कार्यक्रम के तहत प्रभारी मंत्री ने सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि, विधायक सदर श्रीमती अंजुला सिंह माहौर, विधायक सिकंद्राराऊ वीरेन्द्र सिंह राणा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह, जिलाधिकारी अतुल वत्स, पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा एवं मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित की उपस्थिति में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा उपलब्ध कराई गई एलईडी प्रचार वैन तथा महान मिल्क फूड्स लिमिटेड द्वारा उपलब्ध कराए गए मोबाइल मेडिकल वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इसके उपरांत प्रभारी मंत्री ने “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत कलेक्ट्रेट परिसर में अशोक का पौधा रोपित किया। वहीं जिला सूचना कार्यालय द्वारा आयोजित “युवा, महिला एवं गरीब कल्याण को समर्पित सरकार की उपलब्धियां” एवं “विकसित उत्तर प्रदेश-2047” विषयक प्रदर्शनी का फीता काटकर शुभारंभ किया। उन्होंने प्रदर्शनी एवं विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया तथा सेल्फी प्वाइंट पर तस्वीर भी खिंचवाई।

कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान ग्राम नगला विशि, पोस्ट सलेमपुर निवासी पैरा एथलीट दीपेश कुमार को पैरालंपिक खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व करने पर 21 हजार रुपये का चेक प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही जिलाधिकारी के निर्देशन में तैयार किए गए भूमि विवाद “श्री जी रजिस्टर” का विमोचन कर उसे लेखपालों को वितरित किया गया।

इस अवसर पर तहसील सदर के ग्राम हतीसा भगवन्तपुर में प्रस्तावित अटल कन्वेंशन सेंटर एवं गेस्ट हाउस निर्माण परियोजना के मॉडल का लघु फिल्म के माध्यम से प्रदर्शन किया गया, जिसकी प्रभारी मंत्री ने सराहना की। मुख्य विकास अधिकारी ने जनपद में बीते 12 वर्षों के दौरान सेवा, संस्कार, सुशासन, विकास एवं जनकल्याण से जुड़ी उपलब्धियों का विधानसभा एवं विभागवार प्रस्तुतिकरण भी किया।

कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित मीडिया संवाद में प्रभारी मंत्री बेबी रानी मौर्य ने केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, सेवा, सुशासन, सम्मान तथा आमजन के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारत सरकार के पिछले 12 वर्ष देश के नवनिर्माण, आर्थिक विकास, वैश्विक गौरव और अंत्योदय को समर्पित रहे हैं तथा भारत आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

कार्यक्रम के समापन पर जिलाधिकारी अतुल वत्स ने प्रभारी मंत्री एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। इस दौरान राष्ट्रीय लोकदल जिलाध्यक्ष श्याम सिंह, अपना दल जिलाध्यक्ष रवि सारस्वत, नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता दिवाकर, ब्लॉक प्रमुख मुरसान रामेश्वर उपाध्याय, सांसद प्रतिनिधि राजेश उर्फ गुड्डू, पूर्व जिलाध्यक्ष शरद माहेश्वरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकार मौजूद रहे।

Unknown's avatar

आशीष सेंगर

 aashishsengar@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page