हतीसा भगवंतपुर में अटल कन्वेंशन सेंटर एवं गेस्ट हाउस का भूमि पूजन, प्रभारी मंत्री बेबी रानी मौर्य ने किया शिलान्यास
हाथरस। महिला कल्याण, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार मंत्री तथा जनपद की प्रभारी मंत्री श्रीमती बेबी रानी मौर्य के हाथरस आगमन पर जिलाधिकारी अतुल वत्स ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इसके बाद गार्ड ऑफ ऑनर द्वारा उन्हें सलामी दी गई।
तहसील सदर क्षेत्र के ग्राम हतीसा भगवंतपुर में अवस्थापना विकास निधि के अंतर्गत वर्ष 2026-27 में बनने वाले अटल कन्वेंशन सेंटर एवं गेस्ट हाउस का भूमि पूजन और शिलान्यास प्रभारी मंत्री श्रीमती बेबी रानी मौर्य की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि, विधायक सदर अंजुला सिंह माहौर, विधायक सिकंद्राराऊ वीरेन्द्र सिंह राणा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह, जिलाधिकारी अतुल वत्स तथा मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

इस अवसर पर प्रभारी मंत्री ने कहा कि जनपद को आधुनिक सुविधाओं से युक्त अटल कन्वेंशन सेंटर की महत्वपूर्ण सौगात मिलने जा रही है। लगभग 200 लोगों की क्षमता वाले इस केंद्र में सामाजिक, सांस्कृतिक, शैक्षिक और प्रशासनिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि अब तक लोगों को बड़े आयोजनों के लिए उपयुक्त स्थान की कमी का सामना करना पड़ता था, लेकिन इस परियोजना के पूर्ण होने के बाद यह समस्या दूर हो जाएगी।
मंत्री ने बताया कि परिसर में गेस्ट हाउस का भी निर्माण कराया जाएगा, जिससे बाहर से आने वाले अधिकारियों, अतिथियों और आगंतुकों को ठहरने की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी। इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर लगभग 7 से 7.5 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है और करीब एक वर्ष में इसके पूर्ण होने की संभावना है।
उन्होंने कहा कि अटल कन्वेंशन सेंटर जनपद की सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को नई पहचान देगा तथा विकास की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इस अवसर पर उन्होंने जनपदवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं भी दीं।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय लोकदल जिलाध्यक्ष श्याम सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता दिवाकर, ब्लॉक प्रमुख मुरसान रामेश्वर उपाध्याय, सांसद प्रतिनिधि राजेश उर्फ गुड्डू, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.), अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), उप जिलाधिकारी सदर, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

