करें योग, रहें निरोग : 21 जून को जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में मनाया जाएगा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस
हाथरस। 21 जून 2026 तक आयोजित होने वाले योग सप्ताह एवं 21 जून को जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अतुल वत्स की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि योग सप्ताह के अंतर्गत शासन के निर्देशों के अनुरूप विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएं तथा सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें, जिससे अधिक से अधिक लोग योग के लाभों से परिचित होकर इस जनआंदोलन से जुड़ सकें। उन्होंने बताया कि इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम “Yoga for Healthy Ageing” निर्धारित की गई है।
उन्होंने कहा कि इस अवसर पर मानव स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण के परस्पर संबंधों को भी प्रमुखता से रेखांकित किया जाएगा। योग सप्ताह के दौरान शासन द्वारा निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए जाएं तथा जनसहभागिता को अधिकतम स्तर तक बढ़ाया जाए।
जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को विद्यालयों के छात्र-छात्राओं की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। वहीं जिला पंचायत राज अधिकारी को ग्राम प्रधानों के सहयोग से ग्राम सचिवालयों एवं अन्य प्रमुख स्थलों का चयन कर योगाभ्यास के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में आयुष चिकित्सक ने बताया कि 15 जून से 21 जून तक जनपद में योग सप्ताह मनाया जाएगा, जबकि 21 जून को जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित होगा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, समस्त उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी पुलिस, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, खंड विकास अधिकारी तथा अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद हाथरस सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

