Breaking News
मुरसान के गॉव दयालपुर में हार्डवेयर व्यापारी की गोली मारकर हत्या, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

हाथरस। जिले के मुरसान थाना क्षेत्र के गांव दयालपुर में शनिवार देर शाम एक सनसनीखेज घटना में हार्डवेयर व्यापारी सुनील की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक एवं तनाव का माहौल है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक सुनील, अलीगढ़ जनपद के इगलास क्षेत्र स्थित असरोई गांव के निवासी थे। वह वर्तमान में अपनी पत्नी एवं बच्चों के साथ दयालपुर क्षेत्र में रहकर हार्डवेयर का व्यवसाय कर रहे थे। शनिवार शाम पड़ोस का एक युवक अपने तीन साथियों के साथ कार से सुनील के घर पहुंचा और उन्हें अपने साथ ले गया। रास्ते में किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जिसके बाद सुनील को गोली मार दी गई।
परिजनों का आरोप है कि गोली लगने के बाद आरोपी घायल सुनील को तत्काल अस्पताल ले जाने के बजाय करीब दो घंटे तक कार में इधर-उधर घुमाते रहे। रात लगभग 10 बजे परिजनों को फोन कर घटना की सूचना दी गई। परिजन मौके पर पहुंचे तो आरोपी सुनील को अस्पताल में छोड़कर फरार हो चुके थे। गंभीर हालत में उन्हें अलीगढ़ ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतक के पिता जयवीर सिंह ने आरोप लगाया कि आरोपियों और सुनील के बीच पैसों का लेन-देन था तथा इसी विवाद के चलते उनकी हत्या की गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। क्षेत्राधिकारी मुरसान जे.एन. अस्थाना ने बताया कि मृतक के भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त कार भी बरामद कर ली है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चार विशेष टीमों का गठन किया गया है।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल कॉल डिटेल एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Unknown's avatar

आशीष सेंगर

 aashishsengar@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page