श्रमिकों के पंजीकरण व कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर, जिलाधिकारी अतुल वत्स की अध्यक्षता में श्रम बन्धु एवं जनपद स्तरीय कार्यान्वयन समिति की बैठक सम्पन्न
हाथरस । श्रमिकों के कल्याणार्थ संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति, पंजीकरण, नवीनीकरण तथा लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से श्रम बन्धु एवं उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार (रोजगार विनियमन एवं सेवा शर्त) अधिनियम, 1996 के अंतर्गत गठित जनपद स्तरीय कार्यान्वयन समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अतुल वत्स की अध्यक्षता में आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र श्रमिकों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने श्रम विभाग के अधिकारियों को अधिक से अधिक श्रमिकों का पंजीकरण कराने तथा समाप्त हो चुके पंजीकरणों का प्राथमिकता के आधार पर नवीनीकरण कराने के निर्देश दिए, ताकि श्रमिक विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।

जिलाधिकारी ने कारखानों एवं फैक्ट्रियों के संचालकों से समन्वय स्थापित कर श्रमिक पंजीकरण हेतु विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पंजीकरण का उद्देश्य श्रमिकों एवं उनके परिवारों को भविष्य में किसी अप्रिय घटना की स्थिति में आर्थिक सहायता एवं सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराना है।
उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्माण स्थलों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश देते हुए कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी श्रमिकों का पंजीकरण हो तथा उन्हें निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप कार्य करने की सुविधाएं उपलब्ध हों। जिलाधिकारी ने कहा कि श्रमिकों की सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं सामाजिक सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं और उनके हितों की रक्षा के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ प्रभावी कार्यवाही करें।
बैठक में श्रम प्रवर्तन अधिकारियों द्वारा विभागीय कार्यों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न बिंदुओं पर आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए गंभीरता एवं उत्तरदायित्व के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, सहायक श्रमायुक्त, श्रम प्रवर्तन अधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

