उदय फाउंडेशन की मोबाइल हेल्थ यूनिट को दिखाई हरी झंडी, गांव-गांव पहुंचेगी स्वास्थ्य सेवाएं
हाथरस। जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुदृढ़, प्रभावी और जनसुलभ बनाने के उद्देश्य से उदय फाउंडेशन के सहयोग से उपलब्ध कराई गई अत्याधुनिक मोबाइल हेल्थ यूनिट वाहन को भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह, सांसद प्रतिनिधि राजेश उर्फ गुड्डू, जिलाधिकारी अतुल वत्स एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
जिलाधिकारी अतुल वत्स ने बताया कि मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से दूरस्थ ग्रामीण एवं स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित क्षेत्रों में निःशुल्क चिकित्सा परामर्श, आवश्यक जांच और प्राथमिक उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। यूनिट के साथ समन्वयक प्रीति कटियार, चिकित्सा अधिकारी डॉ. पुलकित बिष्ट, नर्सिंग स्टाफ आकांक्षा तथा सहायक कर्मचारी महेश की टीम तैनात की गई है।
उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य लोगों को उनके घर के निकट गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है, जिससे जरूरतमंद नागरिकों को समय पर चिकित्सा सहायता मिल सके।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह ने कहा कि यह जनपद के लिए एक महत्वपूर्ण और सराहनीय पहल है। सामाजिक संस्था द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार में सहयोग देना जनहित की दिशा में बड़ा कदम है। इससे विशेष रूप से उन लोगों को लाभ मिलेगा, जो किसी कारणवश अस्पतालों तक आसानी से नहीं पहुंच पाते हैं।
उन्होंने कहा कि जनपद के प्रत्येक नागरिक तक बेहतर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना प्रशासन और समाज की साझा जिम्मेदारी है। यह मोबाइल हेल्थ यूनिट स्वस्थ समाज और स्वस्थ जनपद के लक्ष्य को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

