हाथरस सिटी रेलवे स्टेशन पर परीक्षार्थियों और यात्रियों को मिल रही नि:शुल्क सुविधाएं
हाथरस। रावत शिक्षा समिति दिव्यांग नि:शुल्क आवासीय विद्यालय एवं प्रशिक्षण केंद्र के सौजन्य से हाथरस सिटी रेलवे स्टेशन पर यात्रियों और परीक्षार्थियों के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। भीषण गर्मी और विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के चलते बाहरी जनपदों से आने वाले अभ्यर्थियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए संस्था द्वारा सेवा कार्यों को और विस्तारित किया गया है।
संस्था के अध्यक्ष डॉ. एम.एल. रावत के निर्देशन में रेलवे स्टेशन पर वाटर प्लांट एवं चिलर की व्यवस्था की गई है, जिससे यात्रियों को लगातार ठंडा पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अलावा परीक्षार्थियों एवं यात्रियों को नि:शुल्क एक लीटर पानी की बोतल, स्नान-धोने तथा आराम करने जैसी सुविधाएं भी प्रदान की जा रही हैं।

यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त पानी के प्वाइंट और टोटियां लगाई गई हैं तथा आवागमन को सुगम बनाने के लिए परिसर के अंदर के गेट भी खोल दिए गए हैं। संस्था के स्वयंसेवक, दिव्यांगजन और रेलवे स्टेशन कर्मचारी मिलकर दिन-रात सेवा कार्य में जुटे हुए हैं।
इन सुविधाओं का लाभ उठाने वाले यात्रियों और परीक्षार्थियों ने संस्था की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया है। संस्था ने स्पष्ट किया है कि जब तक परीक्षार्थियों का आवागमन जारी रहेगा, तब तक यह सेवा निरंतर चलती रहेगी।
डॉ. एम.एल. रावत ने रेलवे कर्मचारियों, जीआरपी, आरपीएफ तथा दिव्यांगजन विकास संगठन एवं दिव्यांग सेना की अध्यक्ष राजमाला और उनकी टीम, नलिन कुमार, बबलू कुमार सहित सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने परीक्षार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे धैर्य और अनुशासन बनाए रखें तथा परीक्षा में सफलता प्राप्त कर देश और समाज की सेवा करें।

