Breaking News
जीएसटी कार्यालय निर्माण में देरी पर व्यापारियों में रोष,6 जून को बुलाई संयुक्त बैठक, आंदोलन की चेतावनी

हाथरस। हाथरस उद्योग व्यापार विकास मंच ने जीएसटी कार्यालय की स्थापना और निर्माण प्रक्रिया में हो रही देरी को प्रशासनिक लापरवाही बताते हुए नाराजगी जताई है। मंच का कहना है कि इसका खामियाजा जिले के उद्योगपतियों, व्यापारियों, लघु एवं कुटीर उद्योग संचालकों तथा छोटे दुकानदारों को भुगतना पड़ रहा है।
मंच के पदाधिकारियों के अनुसार नवंबर 2024 में सरकारी गजट के माध्यम से हाथरस जनपद के लिए जीएसटी कार्यालय गढ़ी निकट बूलगढ़ी क्षेत्र में स्थापित किए जाने की जानकारी सामने आई थी। व्यापारियों ने इसे शहर से दूर बताते हुए विरोध दर्ज कराया और 30 जनवरी 2025 को विभिन्न व्यापार मंडलों की संयुक्त बैठक में उद्योग एवं व्यापार हित में कार्यालय को शहर के भीतर स्थापित करने की मांग उठाई।
इसके बाद संयुक्त रूप से हाथरस उद्योग व्यापार विकास मंच का गठन किया गया तथा जनप्रतिनिधियों और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया। 8 जून 2025 को प्रदेश सरकार एवं उच्चाधिकारियों को ई-मेल, फैक्स और डाक के माध्यम से भी आपत्ति दर्ज कराई गई।
व्यापारियों के प्रयासों के बाद 30 जून 2025 को नगर पालिका परिषद की बोर्ड बैठक में वॉटर वर्क्स परिसर में लगभग 3200 वर्ग गज भूमि जीएसटी कार्यालय निर्माण के लिए उपलब्ध कराने का प्रस्ताव पारित किया गया। इसके पश्चात विभिन्न प्रशासनिक स्तरों पर संस्तुतियां भेजी गईं और प्रस्ताव को स्वीकृति के लिए अग्रसारित किया गया।


मंच का आरोप है कि राज्य कर विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा व्यापारियों की मांग को गंभीरता से लेते हुए स्थानीय प्रशासन को आवश्यक कार्यवाही शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन इसके बावजूद पत्रावलियों के निस्तारण में अनावश्यक विलंब किया जा रहा है। व्यापारियों का कहना है कि प्रशासन और जनप्रतिनिधि उनकी समस्याओं को नजरअंदाज कर रहे हैं।
हाथरस उद्योग व्यापार विकास मंच ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो व्यापारिक संगठनों को आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा। इसके तहत विरोध प्रदर्शन, धरना, ज्ञापन, बहिष्कार और आवश्यकता पड़ने पर हाथरस बंद जैसे कदम भी उठाए जा सकते हैं।
इसी संबंध में फेडरेशन ऑफ व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सुरेश अग्रवाल ने जानकारी देते हुये बताया कि हाथरस उद्योग व्यापार विकास मंच द्वारा 6 जून 2026 को रात्रि 8 बजे से 9 बजे तक आंधीवाल पैलेस, डिब्बा गली, हाथरस में संयुक्त बैठक बुलाई गई है, जिसमें आगामी रणनीति और आंदोलन की रूपरेखा पर विचार किया जाएगा। मंच ने जिले के सभी व्यापारिक संगठनों, उद्योगपतियों और व्यापारियों से बैठक में उपस्थित होकर सहयोग देने की अपील की है।

Unknown's avatar

आशीष सेंगर

 aashishsengar@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page