सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद का डीएम अतुल वत्स ने किया औचक निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं की परखी गुणवत्ता
हाथरस। जनपदवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने तथा स्वास्थ्य सेवाओं के प्रभावी संचालन एवं प्रबंधन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्री अतुल वत्स ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, सादाबाद का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने चिकित्सालय के विभिन्न विभागों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने जनरल वार्ड, दवा वितरण कक्ष, आपातकालीन कक्ष तथा आईपीडी वार्ड का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का आकलन किया।
दवा वितरण कक्ष के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने दवा वितरण पंजिका का अवलोकन करते हुए उपलब्ध दवाओं तथा मरीजों को वितरित की जा रही दवाओं का मिलान किया। जांच के दौरान यह पाया गया कि मरीजों को बाहरी दवाएं नहीं लिखी जा रही हैं तथा चिकित्सालय में आवश्यक दवाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। इस पर उन्होंने संतोष व्यक्त करते हुए व्यवस्था को निरंतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
जनरल वार्ड के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने भर्ती मरीजों से वार्ता कर उनके स्वास्थ्य एवं उपचार संबंधी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने मरीजों से मिलने वाली सुविधाओं के बारे में भी जानकारी ली तथा उपस्थित चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को मरीजों को गुणवत्तापूर्ण एवं संवेदनशील स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने चिकित्सालय परिसर में वाहनों की पार्किंग व्यवस्था का भी जायजा लिया। उन्होंने निर्देशित किया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र परिसर में सभी वाहनों की पार्किंग निर्धारित स्थल पर ही सुनिश्चित की जाए, जिससे मरीजों एवं तीमारदारों के आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
आईपीडी वार्ड में भर्ती मरीजों की स्थिति के संबंध में जिलाधिकारी ने चिकित्सा अधीक्षक/एमओआईसी से विस्तृत रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए तथा अस्पताल में साफ-सफाई, दवा उपलब्धता एवं मरीजों की देखभाल पर विशेष ध्यान देने को कहा।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सादाबाद, एमओआईसी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।

