ईओ के नेतृत्व में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, व्यापारियों ने कार्रवाई का किया विरोध
हाथरस। कस्बा मुरसान में नगर पंचायत द्वारा चलाया गया अतिक्रमण हटाओ अभियान शनिवार शाम उस समय विवादों में घिर गया, जब स्थानीय व्यापारियों ने कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया। विरोध इतना बढ़ गया कि प्रशासन को अभियान बीच में ही रोकना पड़ा।
नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी सुरेश कुमार के नेतृत्व में कर्मचारियों, जेसीबी मशीन और पुलिस बल की सहायता से सब्जी मंडी क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। प्रशासन ने दो दिन पहले ही नोटिस जारी कर व्यापारियों को चेतावनी दे दी थी, जिसके बाद कई दुकानदारों ने स्वयं ही अपना सामान हटा लिया था।
इसके बावजूद कुछ दुकानदारों द्वारा अतिक्रमण न हटाने पर नगर पंचायत ने उनका सामान जब्त कर लिया। जब कार्रवाई रामलीला मैदान की ओर बढ़ी, तब समाजवादी पार्टी के नेता रमाकांत बंसल, रामप्रकाश पोनियां और कई व्यापारी नेता मौके पर पहुंच गए तथा कार्रवाई का विरोध करने लगे।
विरोध के दौरान अधिशासी अधिकारी और नेताओं के बीच तीखी बहस हुई। स्थिति तनावपूर्ण होते देख मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे अभियान को अस्थायी रूप से रोकना पड़ा।
बाद में हुई बातचीत में प्रशासन ने आगामी बुधवार को बैठक आयोजित करने का प्रस्ताव रखा। व्यापारियों का कहना है कि नगर पंचायत पहले यह स्पष्ट करे कि दुकान के सामने कितनी सीमा तक सामान रखा जा सकता है। बिना स्पष्ट दिशा-निर्देशों के अतिक्रमण हटाना उचित नहीं है।
प्रशासन ने व्यापारियों को बुधवार तक स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने का समय दिया है। इसके बाद आगे की कार्रवाई पुनः शुरू की जाएगी।

