अपना घर आश्रम में निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित, मनोरोगी प्रभ्रुओं की हुई जांच एवं दवा वितरण
हाथरस। “अपना घर आश्रम” — वह घर जिसका कोई घर नहीं — जलेसर रोड स्थित जैन गड़ी परिसर में आज एक निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अलीगढ़ स्थित वेद प्रकाश हॉस्पिटल से वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. वेद प्रकाश गुप्ता एवं डॉ. आकांक्षा गुप्ता ने अपने परिवारजनों राज कपूर गुप्ता, चैतन्य सक्सेना, विशाल कुमार, रिया कुमारी एवं विष्णु कुमार आदि के साथ आश्रम पहुंचकर वहां निवास कर रहे मनोरोगी प्रभ्रुओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया तथा आवश्यक दवाइयों का वितरण किया।
चिकित्सा शिविर के दौरान चिकित्सकों ने सभी प्रभ्रुओं की गहन जांच कर उन्हें स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श भी प्रदान किए। साथ ही प्रभ्रुओं को भोजन प्रसादी एवं अंग वस्त्र वितरित कर मानव सेवा का प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया गया।
आश्रम सचिव चंद्रगुप्त विक्रमादित्य ने पूरे कार्यक्रम की जानकारी देते हुए कहा कि समाज के उपेक्षित एवं असहाय लोगों की सेवा ही सच्ची मानवता है। उन्होंने डॉ. वेद प्रकाश गुप्ता एवं डॉ. आकांक्षा गुप्ता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे सेवा कार्य समाज के लिए प्रेरणा स्रोत हैं और जरूरतमंदों के जीवन में नई आशा का संचार करते हैं।
उन्होंने कहा कि अपना घर आश्रम निरंतर निराश्रित एवं मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रभ्रुओं की सेवा के लिए समर्पित है तथा समाज के सक्षम लोगों को भी ऐसे पुण्य कार्यों में आगे आकर सहयोग करना चाहिए।
कार्यक्रम में व्यवस्था एवं सेवा कार्यों में आश्रम संरक्षक ओम प्रकाश गुप्ता, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनिल अग्रवाल, सेवा साथी धनीराम गुर्जर, पंडित मुकेश शर्मा एवं ठाकुर ध्रुव कुमार सहित अन्य सेवा साथी सक्रिय रूप से सेवाओं में रत रहे।

