Breaking News
पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने ठाकुर मलखान सिंह की प्रतिमा का किया अनावरण, जनपद हेतु 1024.70 लाख की परियोजनाओं का लोकार्पण एवं 308.80 लाख की योजनाओं का शिलान्यास

हाथरस। मा० मंत्री, पर्यटन एवं संस्कृति विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार श्री जयवीर सिंह जी के जनपद आगमन पर गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया गया। इसके उपरांत उन्होंने कैलोरा चौराहा स्थित ठाकुर मलखान सिंह जी की प्रतिमा का अनावरण किया तथा जनपद में पर्यटन एवं संस्कृति विभाग से संबंधित विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।
मा० मंत्री जी ने जनपद में कुल 1024.70 लाख रुपये लागत की 09 पर्यटन विकास परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 308.80 लाख रुपये लागत की 04 परियोजनाओं का शिलान्यास किया। साथ ही वित्तीय वर्ष 2026-27 हेतु धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं विकास के लिए 725 लाख रुपये की नई परियोजनाओं की भी घोषणा की।
कार्यक्रम में मा० मंत्री श्री जयवीर सिंह एवं मा० सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि का स्वागत जिलाधिकारी अतुल वत्स एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा द्वारा बुके भेंटकर किया गया। इस दौरान मा० विधायक सदर श्रीमती अंजुला सिंह माहौर, मा० विधायक सिकंद्राराऊ वीरेन्द्र सिंह राणा, मा० विधायक सादाबाद प्रदीप कुमार, जिला अध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह सहित अन्य जनप्रतिनिधियों का भी स्वागत किया गया। विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं मातृशक्ति ने भी मा० मंत्री जी का माल्यार्पण कर अभिनंदन किया।


लोकार्पित परियोजनाओं में विकास भवन स्थित पर्यटन केंद्र निर्माण एवं विकास कार्य, मूढ़ा वाली माता मंदिर, दाऊजी महाराज मंदिर, प्राचीन हनुमान मंदिर, उदय सिंह की कचहरी परिसर में लैंडस्केपिंग एवं जनसुविधा कार्य, गंगागढ़ी स्थित हनुमान गढ़ी मंदिर, सिद्धपीठ परसरा तीर्थभूमि, ढकपुरा मंदिर (स्वर्ग आश्रम) तथा काली माई मंदिर के पर्यटन विकास कार्य शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त जिन परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया उनमें ग्राम नगला अहीर स्थित शिव मंदिर, विसाना माता तारागढ़ मंदिर, सादाबाद के दाऊजी महाराज मंदिर तथा सिकंद्राराऊ के प्राचीन वाल्मीकि मंदिर में मल्टीपरपज हॉल, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, सुलभ प्रसाधन एवं अन्य जनसुविधाओं से संबंधित कार्य सम्मिलित हैं।
मा० मंत्री जी ने हाथरस जनपद में धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के विकास हेतु वर्ष 2026-27 के लिए 725 लाख रुपये की नई परियोजनाओं की घोषणा करते हुए कहा कि आर्य समाज मंदिर परिसर, प्राचीन श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर, श्री ललिता माता मंदिर, प्राचीन राधा कृष्ण मंदिर एवं परशुराम आश्रम के सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्य कराए जाएंगे।
अपने संबोधन में मा० पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री जयवीर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश कानून व्यवस्था, पर्यटन, निवेश एवं आधारभूत विकास के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बन चुका है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराया जा रहा है तथा पर्यटन स्थलों के विकास से रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
उन्होंने कहा कि जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट सहित विभिन्न परियोजनाएं प्रदेश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य करेंगी। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद से संबंधित प्रस्ताव समय से शासन को भेजे जाएं ताकि विकास कार्यों को शीघ्र स्वीकृति मिल सके।
मा० सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि एवं विधायकों ने संयुक्त रूप से मा० मंत्री जी का स्वागत करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से हाथरस में पर्यटन, धार्मिक एवं सांस्कृतिक विकास कार्यों को नई गति मिली है। जनप्रतिनिधियों ने पर्यटन कॉन्क्लेव, धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण एवं सांस्कृतिक विरासत संरक्षण जैसे कार्यों की सराहना की।
अंत में जिलाधिकारी अतुल वत्स ने मा० मंत्री जी एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए आश्वस्त किया कि पर्यटन एवं सांस्कृतिक विकास से संबंधित सभी परियोजनाओं को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराया जाएगा।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक, जिला विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी वित्त/राजस्व, उप जिलाधिकारी सदर, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी अलीगढ़, जिला पर्यटन अधिकारी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

Unknown's avatar

आशीष सेंगर

 aashishsengar@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page