Breaking News
03 लाख का खोया सोने का हार लौटाने वाले प्रशिक्षु आरक्षी और पीआरडी जवान सम्मानित

हाथरस। थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के कमला बाजार में लगभग 03 लाख रुपये मूल्य का खोया हुआ सोने का हार खोजकर सुरक्षित लौटाने वाले प्रशिक्षु आरक्षी विवेक कुमार एवं पीआरडी जवान ब्रजेश कुमार को उनके सराहनीय कार्य के लिए सम्मानित किया गया। पुलिस अधीक्षक ने दोनों को प्रशस्ति पत्र देकर उनकी ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की।
जानकारी के अनुसार 24 मई 2026 को कमला बाजार में कुल्फी खाने आई माधुरी गर्ग पत्नी नवल किशोर गर्ग निवासी पुराना बर्फखाना, थाना कोतवाली नगर, हाथरस का लगभग तीन लाख रुपये मूल्य का सोने का हार भीड़भाड़ के बीच कहीं गिर गया। हार गुम होने की जानकारी मिलते ही महिला और उनके परिजन परेशान हो गए तथा काफी देर तक बाजार में तलाश करते रहे, लेकिन सफलता नहीं मिली।

सूचना मिलने पर थाना कोतवाली नगर में तैनात प्रशिक्षु आरक्षी विवेक कुमार और पीआरडी जवान ब्रजेश कुमार तत्काल मौके पर पहुंचे और गंभीरता के साथ खोजबीन शुरू की। दोनों ने आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों से जानकारी जुटाई तथा पूरे क्षेत्र में लगातार प्रयास किए। उनकी सजगता और मेहनत के चलते महिला का कीमती सोने का हार सुरक्षित अवस्था में बरामद कर लिया गया।

आवश्यक सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने महिला को उसका हार सकुशल वापस सौंप दिया। अपना खोया हार वापस पाकर महिला और उनके परिजनों ने राहत जताते हुए हाथरस पुलिस की ईमानदारी, संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा की प्रशंसा की।

इस सराहनीय कार्य को देखते हुए पुलिस अधीक्षक हाथरस चिरंजीव नाथ सिन्हा ने प्रशिक्षु आरक्षी विवेक कुमार और पीआरडी जवान ब्रजेश कुमार को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

Unknown's avatar

आशीष सेंगर

 aashishsengar@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page