ढकपुरा हत्याकांड में मुख्य आरोपी ऋषभ मीणा मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
हाथरस । थाना हाथरस गेट क्षेत्रांतर्गत ग्राम ढकपुरा में युवक की गोली मारकर की गई सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी ऋषभ मीणा को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा .315 बोर, तीन जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा एक स्कूटी बरामद की गई है।
जानकारी के अनुसार, 19 मई को आकाश पुत्र ओमी उर्फ ओमप्रकाश निवासी ग्राम ढकपुरा ने थाना हाथरस गेट पर तहरीर देकर बताया कि 18 मई को उसके पिता ओमी उर्फ ओमप्रकाश और पड़ोसी महेंद्र पुत्र राजपाल के बीच घरेलू बातों को लेकर शराब के नशे में कहासुनी और गाली-गलौज हो गई थी। आरोप है कि महेंद्र के पुत्र कृष्णा ने अपने पिता को गाली देने का द्वेष मानते हुए अपने साथियों को बुला लिया और वादी के घर के सामने गाली-गलौज करने लगा। इसी दौरान चबूतरे पर बैठे वादी के चचेरे भाई सोनू पुत्र रामवीर ने विरोध किया, जिस पर आरोपियों ने उसे गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना के संबंध में थाना हाथरस गेट पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में घटना के अनावरण और अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए थाना हाथरस गेट पुलिस, सर्विलांस टीम सहित तीन टीमों का गठन किया।
पुलिस के अनुसार, सूचना संकलन के आधार पर घटना में शामिल अभियुक्त ऋषभ मीणा पुत्र कुंवरसैन मीणा निवासी बोझिया थाना हाथरस जंक्शन को नगला सिंघी के पास घेर लिया गया। इस दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई।
गिरफ्तार अभियुक्त ऋषभ मीणा को पुलिस ने तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस के मुताबिक आरोपी शातिर किस्म का अपराधी है और उसके खिलाफ जनपद के विभिन्न थानों में गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी, बलवा, तोड़फोड़, गंभीर चोट पहुंचाने, अवैध शस्त्र अधिनियम, अनुसूचित जाति/जनजाति उत्पीड़न तथा हत्या के प्रयास जैसे आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
फिलहाल थाना हाथरस गेट पुलिस आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर रही है

