जनगणना ड्यूटी पत्र लेने गये कर्मी से नगर पालिका के बाबू ने की अभद्रता, कार्यालय में हॉट टॉक
हाथरस। नगर पालिका परिषद हाथरस में उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई जब जनगणना ड्यूटी पत्र लेने पहुँचे एक जनगणना कर्मी के साथ पालिका में जनगणना का कार्य देख रहे एक बाबू द्वारा कथित रूप से अभद्र व्यवहार किया गया। घटना के बाद कार्यालय परिसर में तीखी नोकझोंक हो गई, जिससे कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। जनगणना कर्मी पिछले तीन दिन से ड्यूटी पत्र लेने आरहे थे लेकिन उन्हें ड्यूटी पत्र न देकर हर बार वापस कर दिया जाता था।
बताया जाता है कि जनगणना ड्यूटी से संबंधित पत्र प्राप्त करने कर्मचारी पालिका कार्यालय पहुँचा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर जनगणना का काम देख रहे बाबू राजीव कुलश्रेष्ठ और ड्यूटी पत्र लेने आये कर्मचारी के बीच कहासुनी बढ़ गई। देखते ही देखते विवाद में बदल गई और वहाँ जमकर हंगामा हुआ। मौके पर अन्य कर्मचारियों ने पहुँचकर मामला शांत कराया।
घटना के बाद जनगणना कर्मी अधिशासी अधिकारी से मिलने कार्यालय पहुँचे लेकिन अधिशासी अधिकारी वहाँ मौजूद नही थे। जनगणना कर्मी ने फोन पर अधिशासी अधिकारी को पूरे प्रकरण की जानकारी दी और अभद्रता करने वाले बाबू के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। ईओ ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कर आवश्यक कार्रवाई का बात कही है।
घटना की चर्चा नगर पालिका परिसर में पूरे दिन होती रही। कर्मचारियों का कहना है कि सरकारी कार्य में सहयोगात्मक वातावरण होना चाहिए, ताकि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य में कोई बाधा न आए।

