Breaking News
उ0प्र0 राज्य महिला आयोग की सदस्या ने की जनसुनवाई

हाथरस। महिलाओं के अधिकारों की सुरक्षा, महिला उत्पीड़न की घटनाओं की प्रभावी रोकथाम तथा पीड़ित महिलाओं को त्वरित एवं सुलभ न्याय उपलब्ध कराए जाने के उद्देश्य से तहसील सदर सभागार कक्ष, अलीगढ़ रोड, हाथरस में महिला जनसुनवाई एवं समीक्षा बैठक का आयोजन उ0प्र0 राज्य महिला आयोग, लखनऊ की मा० सदस्या श्रीमती रेनू गौड़ की अध्यक्षता में किया गया।
जनसुनवाई के दौरान घरेलू हिंसा से संबंधित 03 प्रकरणों सहित उत्पीड़न एवं अन्य समस्याओं से जुड़े कुल 08 प्रकरण प्राप्त हुए। मा० सदस्या द्वारा प्रत्येक मामले की गंभीरतापूर्वक सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी प्रकरणों में नियमानुसार त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए, ताकि पीड़ित महिलाओं को समयबद्ध न्याय मिल सके।
बैठक के दौरान मा० सदस्या श्रीमती रेनू गौड़ ने महिला थाना स्तर पर प्राप्त प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने महिला थानाध्यक्ष को निर्देश दिए कि लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा पीड़ित महिलाओं को न्याय दिलाने में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा एवं सम्मान शासन की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में शामिल है तथा सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ संवेदनशीलता एवं तत्परता से कार्य करें।
मा० सदस्या ने उपस्थित अधिकारियों से महिला कल्याण एवं सुरक्षा से संबंधित संचालित योजनाओं की प्रगति की जानकारी प्राप्त करते हुए कहा कि शासन द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ पात्र महिलाओं तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए। साथ ही महिला उत्पीड़न से जुड़े मामलों में पीड़ितों को समुचित परामर्श, संरक्षण एवं विधिक सहायता उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक प्रतिनिधि, पूर्ति निरीक्षक हाथरस, महिला थाना अध्यक्ष रितु तोमर, महिला कल्याण विभाग से डीएमसी मोनिका दीक्षित, संरक्षण अधिकारी विमल शर्मा, फारिया नोशी, सीमा, कैलाश चंद, बंटी कुशवाह, मोहित, पी.एल.वी. साहब सिंह सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Unknown's avatar

आशीष सेंगर

 aashishsengar@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page