राष्ट्रीय लोक अदालत में उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के ₹2 करोड़ 44 लाख के पुराने ऋणों का हुआ निस्तारण
हाथरस। उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक, क्षेत्रीय कार्यालय हाथरस द्वारा आयोजित ऋण निपटान अभियान को राष्ट्रीय लोक अदालत में भारी सफलता मिली है। दिनांक 09 मई 2026 को आयोजित इस अदालत में बैंक के पुराने एनपीए (NPA) ग्राहकों ने उत्साह दिखाते हुए अपने बकाया ऋणों का समाधान कराया। इस विशेष पहल के माध्यम से बैंक ने कुल ₹2 करोड़ 44 लाख के पुराने ऋण खातों को आपसी सहमति से बंद करने में सफलता प्राप्त की है।
बैंक के सहायक महाप्रबंधक श्री आर. एस. वर्मा ने बताया कि इस लोक अदालत का मुख्य उद्देश्य उन ग्राहकों को राहत देना था जो आर्थिक कारणों से समय पर किश्तें जमा नहीं कर पाए थे। बैंक द्वारा दी गई नियमानुसार आकर्षक छूट (Settlement) का लाभ उठाकर सैकड़ों ग्राहकों ने अपने वित्तीय रिकॉर्ड को साफ किया और कानूनी उलझनों से मुक्ति पाई।
कुल समाधान: ₹2 करोड़ 44 लाख की बकाया राशि का समझौता। तहसील सिकंदराराऊ क्षेत्र के ग्राहकों के लिए स्थानीय शाखा पर लगाए गए अतिरिक्त काउंटर का ग्राहकों ने भरपूर लाभ उठाया।
दीवानी कचहरी, हाथरस और बैंक की विभिन्न शाखाओं में समन्वय के माध्यम से त्वरित समाधान सुनिश्चित किया गया । वरिष्ठ प्रबंधक श्री हिमांशु शर्मा ने आयोजन की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि बैंक भविष्य में भी अपने ग्राहकों के हित में इस तरह के कदम उठाता रहेगा। उन्होंने उन सभी ग्राहकों का आभार व्यक्त किया जिन्होंने बैंक के साथ सहयोग कर अपने ऋणों का निपटान किया और खुद को ‘डिफॉल्टर’ श्रेणी से बाहर निकाला ।

