Breaking News
सासनी कोतवाली चौराहे के सौंदर्यीकरण और नामकरण को लेकर स्थानीय लोगों ने राज्यपाल के नाम उपजिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

सासनी। तहसील क्षेत्र के व्यस्ततम सासनी कोतवाली चौराहे के सौंदर्यीकरण और नामकरण को लेकर स्थानीय नागरिकों ने राज्यपाल के नाम उप जिलाधिकारी नीरज शर्मा को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में चौराहे पर भव्य गोल चक्कर निर्माण के साथ महान चक्रवर्ती सम्राट अशोक की विशाल प्रतिमा स्थापित करने की मांग की गई। ज्ञापन में कहा गया कि सासनी कोतवाली चौराहा क्षेत्र का सबसे प्रमुख और व्यस्त केंद्र है, जहां अलीगढ़-आगरा हाईवे सहित इगलास, जलेसर, विजयगढ़ और नानऊ समेत छह प्रमुख मार्ग मिलते हैं। त्योहारों और व्यस्त समय में यहां अक्सर भारी जाम की स्थिति बन जाती है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। नागरिकों का कहना है कि गोल चक्कर बनने से यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी। क्षेत्रवासियों ने ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया कि हाथरस जनपद में कई महापुरुषों के नाम पर चौक और प्रतिमाएं स्थापित हैं, लेकिन अहिंसा और करुणा के प्रतीक सम्राट अशोक के नाम पर अब तक कोई चौराहा नहीं है। उन्होंने मांग की कि चौराहे का नाम ‘सम्राट अशोक चौराहा’ रखा जाए तथा वहां सम्राट अशोक की भव्य प्रतिमा और उनके शांति संदेशों की शिलालेख पट्टिका स्थापित की जाए। इस दौरान सर्व समाज के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। ज्ञापन की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी को भी भेजी गई है। नागरिकों का कहना है कि इससे आने वाली पीढ़ियों को सम्राट अशोक के गौरवशाली इतिहास और मानवीय मूल्यों से प्रेरणा मिलेगी।

Unknown's avatar

आशीष सेंगर

 aashishsengar@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page