जिलाधिकारी ने की एनएचएआई 509 आगरा अलीगढ़ राजमार्ग के निर्माण व विस्तारीकरण से संबंधित कार्यों की प्रगति की समीक्षा
हाथरस।एनएचएआई संख्या-509, आगरा-अलीगढ़ राजमार्ग के निर्माण एवं विस्तारीकरण से संबंधित कार्यों की प्रगति की समीक्षा के लिए जिलाधिकारी अतुल वत्स की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान समीक्षा में यह पाया गया कि परियोजना से जुड़े कार्यों की प्रगति संतोषजनक नहीं है। इस पर जिलाधिकारी ने नाराज़गी व्यक्त करते हुए सभी लंबित कार्यों को तत्काल पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि राजमार्ग का निर्माण समयबद्ध तरीके से पूरा हो सके और आमजन को इसका लाभ मिल सके। जिलाधिकारी ने मार्ग के विभिन्न तहसीलों में आने वाले क्षेत्रों की विस्तार से समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने उप जिलाधिकारियों और एनएचएआई टीम को संयुक्त रूप से स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अधिग्रहित भूमि के पात्र किसानों और भू-स्वामियों को प्रतिकर का भुगतान पूरी पारदर्शिता के साथ निर्धारित समयसीमा में किया जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक विलंब को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।जिलाधिकारी ने लंबित मामलों की सूची तैयार कर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए। साथ ही जिन मामलों में आपत्तियां या विवाद लंबित हैं, उनका शीघ्र समाधान कर नियमानुसार कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा, ताकि परियोजना प्रभावित न हो।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जिन स्थानों पर प्रतिकर भुगतान की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, वहां तत्काल भूमि पर कब्जा दिलाने की कार्रवाई की जाए और निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए। इसके लिए सभी आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि यह परियोजना जनपद के विकास और आवागमन की सुविधा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें और नियमित रूप से प्रगति की समीक्षा करें। साथ ही, परियोजना से प्रभावित किसानों से संवाद स्थापित कर उन्हें पूरी जानकारी दी जाए, जिससे किसी प्रकार की भ्रम की स्थिति उत्पन्न न हो। बैठक में अपर जिलाधिकारी न्यायिक, प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट, उप जिलाधिकारी सदर, सादाबाद, सासनी तथा एनएचएआई के अधिकारी उपस्थित रहे।

