कलेक्ट्रेट पर चला स्वच्छता अभियान, जिलाधिकारी ने संभाली झाड़ू और फावड़ा, अंतरराष्ट्रीय श्रम दिवस पर प्रशासन का संदेश-स्वच्छता अपनाएं, स्वस्थ रहें।
हाथरस । अंतरराष्ट्रीय श्रम दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर स्थित समस्त कार्यालयों एवं कलेक्ट्रेट परिसर में वृहद स्वच्छता अभियान के मौके पर जिलाधिकारी अतुल वत्स ने स्वयं श्रमदान कर स्वच्छता अभियान की शुरुआत की तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को श्रम के महत्व एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का दिया संदेश।
श्रम दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर, कार्यालयों में विशेष सफाई महाअभियान में जिलाधिकारी के अलावा मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी न्यायिक, प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट सहित अन्य अधिकारियों/कर्मचारियों के श्रमदान के माध्यम से साफ-सफाई की।

श्रम दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि “अंतरराष्ट्रीय श्रम दिवस हमें श्रम की गरिमा और श्रमिकों के अमूल्य योगदान का सम्मान करने की प्रेरणा देता है। आज कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित स्वच्छता अभियान के माध्यम से हमने यह संदेश देने का प्रयास किया है कि स्वच्छता हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। जब अधिकारी और कर्मचारी स्वयं श्रमदान करते हैं, तो यह समाज के लिए एक प्रेरणा बनता है। स्वच्छ, सुव्यवस्थित और सकारात्मक कार्यस्थल न केवल हमारी कार्यक्षमता को बढ़ाता है, बल्कि आमजन के प्रति हमारी जिम्मेदारी को भी दर्शाता है। यदि हम अपने कार्यस्थल और आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखें, तो न केवल स्वस्थ समाज का निर्माण होगा, बल्कि हमारी कार्यक्षमता भी बढ़ेगी।

सभी अधिकारी एवं कर्मचारी नियमित रूप से स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं और ‘स्वच्छ भारत’ के संकल्प को निरंतर आगे बढ़ाते रहें।”

