Breaking News
आधार कार्यों में किसी प्रकार की न हो देरी या त्रुटि , प्रत्येक नागरिक को सभी सेवाएँ आसानी से हो उपलब्ध सीडीओ

हाथरस । विगत दिनांक जनपद स्तरीय आधार अनुश्रवण समिति की बैठक विकास भवन में करते हुए मुख्य विकास अधिकारी पी0एन0 दीक्षित ने आधार कार्ड से जुड़ी समस्याओं के त्वरित निदान करने और नए आधार कार्ड बनाने हेतु आम जन की सुविधा हेतु अधिक से अधिक कैंप आयोजित करने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आधार से जुड़े कार्यों में गति और सटीकता बनाए रखने, लाभार्थियों को सुगम सेवाएँ प्रदान करने और समयबद्ध कार्य निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पंजीकरण और अद्यतन केंद्रों पर आवश्यक सुविधाओं का समय पर प्रावधान किया जाए। किसी भी प्रकार की शिकायत या समस्या के त्वरित निवारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आधार नागरिकों के लिए एक महत्वपूर्ण डिजिटल पहचान है और इसका सटीक एवं समय पर अद्यतन होना आवश्यक है। जनपद में आधार कार्यों में किसी प्रकार की देरी या त्रुटि न हो, और प्रत्येक नागरिक को उनकी डिजिटल पहचान से संबंधित सभी सेवाएँ आसानी से उपलब्ध हों।
बैठक के दौरान सहायक प्रबन्धक, यू०आई०डी०ए०आई०, क्षेत्रीय कार्यालय, लखनऊ संदेश श्रीवास्तव ने जानकारी दी कि हाथरस जनपद ने मैंडेटरी बायोमेट्रिक अपडेट के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए उत्तर प्रदेश में 14वां स्थान प्राप्त किया है, जो जनपद के लिए एक सराहनीय उपलब्धि है। यह उपलब्धि प्रशासन, संबंधित विभागों तथा आमजन की जागरूकता का सकारात्मक परिणाम है। मैंडेटरी बायोमेट्रिक अपडेट अर्थात 5 से 17 वर्ष तक के बच्चों का बायोमेट्रिक अपडेट कराना अत्यंत आवश्यक है। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण द्वारा यह सुविधा सितंबर 2026 तक निःशुल्क उपलब्ध कराई गई है। अभिभावकों से अपील की जाती है कि वे अपने बच्चों का समय रहते बायोमेट्रिक अपडेट अवश्य कराएं, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने जानाकरी देते हुए बताया कि जनपद हाथरस में एक नया आधुनिक आधार सेवा केन्द्र ( 5/5 आवास विकास कॉलोनी, केडीआर कॉम्प्लेक्स, एमजी पॉलिटेक्निक गेट नंबर 1 के सामने, आगरा रोड, हाथरस) शुरू किया गया है, जहां अपग्रेडेड सेवाओं के साथ नागरिकों को बेहतर सुविधा प्रदान की जा रही है।

आशीष सेंगर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page