Breaking News
योग को जीवन का हिस्सा बनाएं: श्रीदेवी ,हरिद्वार शिविर में जायेंगे अलीगढ़ से योग साधक

अलीगढ़। रविवार को पतंजलि जिला कार्यालय सीताराम मंदिर दुवे का पड़ाव जीटी रोड पर पतंजलि योगपीठ के पांचो संगठनों ने बैठक आयोजित की जिसमें योग का विस्तार तथा हरिद्वार योग शिविर जाने वाले साधकों के नियमों पर भी विचार विमर्श किया गया, कार्य योजना बैठक में मुख्य रूप से राज्य महिला प्रभारी श्रीमती श्रीदेवी ने कहा योग से रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है, वजन नियंत्रित रहता है, ब्लड प्रेशर और शुगर लेवल सामान्य रहता है। प्रतिदिन 20 मिनट प्राणायाम और ध्यान करने से तनाव, चिंता और अनिद्रा की समस्या कम होती है। एकाग्रता और याददाश्त में वृद्धि होती है।, विद्यार्थियों और युवाओं का योग से पढ़ाई में मन लगता है, आत्मविश्वास बढ़ता है और नकारात्मक सोच दूर होती है।

श्रीमती श्रीदेवी ने सभी से अपील की कि योग को केवल योग दिवस, अन्य कार्यक्रम तक सीमित न रखें, बल्कि इसे जीवन का हिस्सा बनाएं। इस दौरान राज्य कार्यकारिणी सदस्य डॉक्टर इन्दिरा गुप्ता, राज्य कार्यकारिणी सदस्य रवि कर आर्य, जिला प्रभारी भारत स्वाभिमान राकेश कुमार शर्मा, पतंजलि योग समिति जिला प्रभारी हरिओम सूर्यवंशी, युवा भारत जिला प्रभारी मनोज झा, महिला पतंजलि जिला प्रभारी शिखा अग्रवाल, सोशल मीडिया राज्य प्रभारी प्रज्ञा मित्तल, महामंत्री महिला मधु गुप्ता, श्रीमती यशलता गुप्ता, सुमन नंदा, सुमन शर्मा, संध्या आर्य, रणविजय सिंह, चिरंजीलाल शर्मा, नितिन सिंह सोशल मीडिया प्रभारी, डीपी गौड़, शंकरलाल, जिला सोशल मीडिया प्रभारी वीरेश यादव, महानगर यज्ञ प्रभारी बॉबी आर्य विजय वर्मा, सुनील कुमार, प्रीति गोयल, अमरेंद्र पाल सिंह आदि उपस्थित रहे

शिक्षक भविष्य का सृजनकर्ता : हरिगढ़ विभाग प्रचारक गोविंद ,विद्यार्थी कार्य विभाग ने शिक्षक दिवस पर आयोजित की शिक्षक गोष्ठी

शिक्षक राष्ट्र और समाज को दिशा देने का कार्य करता है: अतुल वत्स

हाथरस। विद्यार्थी कार्य विभाग द्वारा शिक्षक दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन ऑडिटोरियम में शिक्षक गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ वंदे मातरम् गीत के साथ हुआ। इसके उपरांत मंचासीन जिलाधिकारी अतुल वत्स, पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा, विभाग प्रचारक गोविंद एवं जिला संघचालक डॉ. यूएस गौड़ ने भारत माता एवं डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।

गोष्ठी को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी अतुल वत्स ने कहा कि शिक्षा, संस्कार और राष्ट्र निर्माण की दिशा में शिक्षक का योगदान अतुलनीय है। भारतीय परंपरा में शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञान देना नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण करना भी रहा है। उन्होंने कहा कि गूगल केवल सूचना दे सकता है, जबकि शिक्षक विद्यार्थी को सही दिशा देने का कार्य करता है। बच्चों को रामायण, श्रीमद्भगवद्गीता जैसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक ग्रंथों से भी परिचित कराया जाना चाहिए। उन्होंने शिक्षकों से आह्वान किया कि समाज के प्रत्येक बच्चे का अपने बच्चे की तरह पोषण और मार्गदर्शन करें। शिक्षा केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि एक महत्वपूर्ण सेवा है।

उन्होंने कहा कि अच्छा शिक्षक वह है जो विद्यार्थी का कोर्स पूरा कराने के साथ-साथ उसके जीवन को भी सही दिशा देने का कार्य करे।

एएसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा ने गोष्ठी को संबोधित करते हुये गुरु-शिष्य संबंध पर प्रकाश डाला। उन्होंने गुरु और शिष्य का संबंध भारतीय परंपरा में आध्यात्मिक एवं संस्कारपूर्ण संबंध माना गया है। शिक्षक राष्ट्र और समाज को दिशा देने का महत्वपूर्ण कार्य करता है।

मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के हरिगढ़ विभाग प्रचारक गोविंद ने शिक्षकों को संबोधित करते हुये कहा कि शिक्षक बनने के बाद व्यक्ति के ऊपर सृजन की जिम्मेदारी आ जाती है। शिक्षक केवल विद्यार्थियों को पढ़ाता नहीं, बल्कि उनके व्यक्तित्व और भविष्य का निर्माण भी करता है। उन्होंने कहा कि जैसे दीपक सूर्य से प्रकाश लेकर आगे बढ़ाता है और जल अपनी मूल दिशा की ओर प्रवाहित होता है, उसी प्रकार शिक्षक को भी अपने ज्ञान और संस्कारों को अगली पीढ़ी तक पहुंचाना चाहिए।

गोविन्द ने डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के जीवन का उल्लेख करते हुए कहा कि शिक्षक का किरदार किसी व्यक्ति के अस्तित्व को नई दिशा देने वाला होता है। उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के चतुर्थ सरसंघचालक रज्जू भैया का स्मरण करते हुए कहा कि वे देश के बड़े वैज्ञानिक थे, लेकिन उन्होंने अपना जीवन व्यक्ति निर्माण और राष्ट्र निर्माण के कार्य में लगाया।

गोविंद ने कहा कि शिक्षा हमारे जीवन को गढ़ने का कार्य करती है। शिक्षकों को संस्कारयुक्त शिक्षा के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने शिक्षकों से आह्वान किया कि “एक ही धुन—जय जय भारत” के भाव के साथ समाज और राष्ट्र के निर्माण में योगदान दें।

गोष्ठी में बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने शिक्षा, संस्कार, विद्यार्थी विकास और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार साझा किए।

जन्माष्टमी को लेकर भैरवनाथ सिद्ध पीठ मंदिर में उत्साह, भजन-कीर्तन से गूंजा परिसर

हाथरस। रमनपुर रोड स्थित श्री श्री भैरवनाथ सिद्ध पीठ मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर श्रद्धा और उत्साह का माहौल है। जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिर परिसर में विशेष तैयारियां की गई हैं। भक्तजनों द्वारा भजन-कीर्तन के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण की महिमा का गुणगान किया जा रहा है।

मंदिर के महंत बाबा रामदास जी के निर्देशन में जन्माष्टमी कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम की व्यवस्थाएं सतेंद्र स्वरूप शर्मा “फौजी” एवं देव स्वरूप शर्मा द्वारा संभाली जा रही हैं। मंदिर के संस्थापक श्री वेद भगवान के अध्यक्ष डॉ. जितेंद्र स्वरूप शर्मा ने सभी श्रद्धालु भक्तजनों का स्वागत किया।

जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिर को भव्य रूप से सजाया गया है। कन्हैया जी का डोला तथा लड्डू गोपाल के झूले को विशेष रूप से आकर्षक ढंग से तैयार किया गया है, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

कार्यक्रम में राम खिलाड़ी काकू , गीता देवी , कैलाश , श्रीमती भगवान देवी, मनोज पंडित , आदित्य स्वरूप शर्मा , शशांक पचौरी एवं शैलेंद्र वशिष्ठ सहित अनेक भक्तजन अपना सहयोग प्रदान कर रहे हैं।

आरती-वंदन के बाद श्रद्धालुओं को फलाहार का प्रसाद वितरित किया जाएगा। भगवान श्रीकृष्ण को मक्खन-मिश्री एवं चरणामृत का भोग लगाया जाएगा। इस दौरान मंदिर परिसर में “यशोदा ने लाल जायो है”, “नंद के घर लाला आयो है”, “नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” जैसे भक्तिमय गीतों से वातावरण कृष्णमय हो गया है।

जन्माष्टमी के इस पावन अवसर पर मंदिर में श्रद्धालुओं की आस्था और उमंग देखते ही बन रही है। पूरा मंदिर परिसर भक्ति, उल्लास और कृष्ण प्रेम से सराबोर नजर आ रहा है।

भारतीय किसान संघ हाथरस की मासिक बैठक में किसानों की समस्याओं पर मंथन

23 सितंबर को होने वाले धरना-प्रदर्शन की तैयारियों पर हुई विस्तृत चर्चा

हाथरस। भारतीय किसान संघ हाथरस के विकासखंड हाथरस की मासिक बैठक गिजरौली, आगरा रोड पर आयोजित की गई। बैठक का शुभारंभ प्रातः 11:30 बजे ध्वजारोहण एवं भारत माता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया।

कार्यक्रम में भारतीय किसान संघ के बृज प्रांत उपाध्यक्ष श्री अनिल कुमार गुप्ता, जिला अध्यक्ष चौधरी राजपाल सिंह, जिला मंत्री वीरपाल सिंह तथा नगर अध्यक्ष श्री हरेन्द्र शर्मा ने सहभागिता की।

बैठक में बृज प्रांत उपाध्यक्ष श्री अनिल कुमार गुप्ता ने आगामी 23 सितंबर 2026 को होने वाले धरना-प्रदर्शन के संबंध में विस्तार से चर्चा की। उन्होंने क्षेत्रवार किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए उनके समाधान के लिए संगठन की आगामी रणनीति पर विचार-विमर्श किया।

बैठक में किसानों की बिजली संबंधी समस्याओं, स्मार्ट मीटर हटवाने के संबंध में ज्ञापन देने, तथा नलकूपों के लिए प्रतिदिन प्रातः 6 बजे से शाम 6 बजे तक 12 घंटे विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित किए जाने की मांग को प्रमुखता से उठाया गया।

इसके अलावा ब्लॉक हाथरस कार्यालय से रोडवेज वर्कशॉप तक नाले की सफाई न होने के कारण सड़क पर पानी भरने और लगातार दुर्घटनाएं होने की समस्या पर भी चर्चा हुई। किसानों एवं ग्रामीणों ने नाले की शीघ्र सफाई कराने की मांग की।

बैठक में चन्दपा-बघना मार्ग से बूलगढ़ी तक लगभग 800 मीटर लंबाई एवं 9 मीटर चौड़ाई वाले मार्ग, जो करीब 20 वर्षों से कच्चा है, को पक्का बनवाने की मांग भी उठाई गई। साथ ही किसान सम्मान निधि को ₹6,000 से बढ़ाकर ₹12,000 प्रतिवर्ष किए जाने की मांग शासन से की गई।

बैठक में श्री प्रवीण देव रावत जी, श्री हेमेंद्र सिंह चौहान जी, श्री सुखवीरसिंह जी, श्री भगवान सिंह जी, श्री हरी ओम शर्मा जी, श्री महावीर शर्मा जी, श्री यतेन्द्र गौतमजी आदि ने भाग लिया। बैठक का संचालन श्री दुष्यंत प्रताप सिंह ब्लाक मंत्री जी ने किया।

शरद माहेश्वरी के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष बनने पर हुआ भव्य स्वागत, समर्थकों ने दी बधाई

सादबाद/हाथरस। भारतीय जनता पार्टी (ब्रज क्षेत्र) के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष पद पर मनोनीत होने के उपरांत शरद माहेश्वरी के आवास पर समर्थकों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं का तांता लगा रहा। 04 सितंबर को कार्यकर्ताओं ने उनके आवास पर पहुंचकर शिष्टाचार भेंट की और बधाई दी।

इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने शरद माहेश्वरी का पटुका पहनाकर एवं मिठाई खिलाकर आत्मीय अभिनंदन किया तथा उन्हें इस नई एवं महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए अनंत बधाई व शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

भेंट के दौरान कार्यकर्ताओं ने विश्वास जताया कि शरद माहेश्वरी के नेतृत्व में संगठन ब्रज क्षेत्र में और अधिक मजबूत होगा। इस अवसर पर प्रदेश परिषद सदस्य तपन जौहर, मंडल महामंत्री व नामित सभासद चरन सिंह सागर, भीकम सिंह चौहान, भोला सिंह रावत, राजकुमार जैन एवं डम्बेश चक,हरीश सेंगर सहित कई अन्य प्रमुख लोग उपस्थित रहे।

तपस्या धाम में धूमधाम से मनाया गया श्री कृष्ण जन्माष्टमी उत्सव, राधा-कृष्ण के मनमोहक रूपों ने कराया सतयुग का अनुभव

हाथरस। ब्रह्माकुमारीज तपस्या धाम, हाथरस में श्री कृष्ण जन्माष्टमी का उत्सव बड़े ही हर्षोल्लास, आध्यात्मिक उमंग एवं भक्तिमय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर तपस्या धाम को सुंदर एवं आकर्षक झांकियों से सजाया गया। राधा-कृष्ण के सुंदर रूप में सजे बालक-बालिकाएं तथा मनमोहक नृत्य ने सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में अनेक बालक-बालिकाएं राधा-कृष्ण के स्वरूप में ऐसे सुशोभित हो रहे थे, मानो साक्षात् सतयुग और स्वर्ग का सुंदर दृश्य साकार हो उठा हो। राधा-कृष्ण के अनेक मनमोहक रूपों को देखकर पूरा तपस्या धाम आध्यात्मिक आनंद और खुशी से झूम उठा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं ब्रह्मावत्सों ने भाग लिया।


इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी भावना दीदी, वरिष्ठ राजयोग शिक्षिका, ने सभी को श्री कृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि श्री कृष्ण का जीवन पवित्रता, प्रेम, शांति, दिव्यता और श्रेष्ठ संस्कारों का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि हम सभी अपने जीवन में इन गुणों को धारण कर सच्ची खुशी और पवित्रता का अनुभव कर सकते हैं।
जिले की प्रभारी राजयोगिनी बीके सीता दीदी ने श्री कृष्ण जन्मोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि श्री कृष्ण को सतयुग की दिव्य दुनिया का प्रतीक माना जाता है। सतयुग जैसा स्वर्ग केवल झांकियों में देखने की चीज नहीं, बल्कि श्रेष्ठ संस्कारों, पवित्र विचारों और परमात्म स्मृति के द्वारा अपने जीवन में भी अनुभव किया जा सकता है। उन्होंने सभी से अपने जीवन को सकारात्मकता, पवित्रता और श्रेष्ठ कर्मों से सजाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान राधा-कृष्ण के मनमोहक नृत्य, सुंदर झांकियों और बच्चों के आकर्षक स्वरूपों ने ऐसा वातावरण बना दिया कि पूरा तपस्या धाम श्री कृष्ण की दिव्यता और सतयुगी स्वर्ग की अनुभूति से भर गया। उत्सव के अंत में सभी ने प्रेम, पवित्रता और श्रेष्ठ जीवन जीने का संकल्प लिया।

सर्राफा व्यवसायियों ने किया व्यापारी समागम एवं सम्मान समारोह के संयोजक सुरेश अग्रवाल का भव्य स्वागत

27 सितंबर को आयोजित व्यापारी सम्मेलन में पूर्ण सहयोग का दिया आश्वासन

​हाथरस। सर्राफा एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं एफएएम के संरक्षक बौहरे श्री रमन मूर्ति शर्मा सर्राफ की अध्यक्षता में श्री राजकुमार कोठीवाला जी के प्रतिष्ठान पर सर्राफा व्यवसायियों द्वारा व्यापारी समागम एवं सम्मान समारोह के संयोजक तथा एफएएम जिलाध्यक्ष श्री सुरेश अग्रवाल का भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया। इस अवसर पर उन्हें पगड़ी एवं पटका पहनाकर तथा प्रतीक चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।

सर्राफा व्यवसायियों ने आगामी श्री दाऊजी महाराज मेले में आयोजित व्यापारी सम्मेलन में तन-मन-धन से पूर्ण सहयोग एवं योगदान देने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर कहा गया कि यह व्यापारी सम्मेलन किसी एक वर्ग का नहीं, बल्कि संपूर्ण व्यापारी समाज का सम्मेलन है। सभी उद्योगपति एवं व्यापारियों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर इसे सफल बनाने का आह्वान किया गया।

वक्ताओं ने कहा कि व्यापारी सम्मेलन में राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तर से व्यापारी प्रतिनिधि भाग लेंगे, जिससे स्थानीय उद्योगपतियों एवं व्यापारियों को महत्वपूर्ण मार्गदर्शन और लाभ प्राप्त होगा।

स्वागत एवं सम्मान से अभिभूत एफएएम जिलाध्यक्ष श्री सुरेश अग्रवाल ने कहा कि व्यापारी और उद्योगपति भारतीय अर्थव्यवस्था की रीढ़ की हड्डी हैं। व्यापारियों के मान-सम्मान और हितों की रक्षा के लिए वे हर पल, हर क्षण और हर प्रकार से निस्वार्थ भाव से समर्पित हैं और आगे भी रहेंगे। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यापारी के सामने कोई परेशानी न आए, इसके लिए पूरे संगठन और व्यापार मंडल की ओर से तन-मन-धन से सहयोग किया जाएगा।

श्री अग्रवाल ने सभी व्यापारियों एवं उद्योगपतियों से 27 सितंबर 2026, रविवार को दोपहर 2 बजे आयोजित व्यापारी सम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का हाथ जोड़कर अनुरोध किया। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सभी से सहयोग की अपील करते हुए कहा, “यह कार्यक्रम आपका अपना कार्यक्रम है। आप सभी इसके संयोजक हैं और मैं आपका आदेश पालक सेवक हूं।”

उन्होंने व्यापारियों को आश्वासन देते हुए कहा कि किसी भी उद्योगपति या व्यापारी का उत्पीड़न, शोषण अथवा चंदा-चौथ की वसूली किसी भी कीमत पर नहीं होने दी जाएगी। व्यापारी हितों की रक्षा के लिए संगठन सदैव उनके साथ खड़ा रहेगा।

कार्यक्रम में बौहरे श्री रमन मूर्ति शर्मा सर्राफ, अमरेश बंसल (लोकसभा प्रभारी), पंडित सत्य प्रकाश रंगीला, अरविंद वर्मा, सुमित पोद्दार, जितेंद्र कौशिक, धीरेंद्र पाठक, पवन पौरुष, दिनेश शर्मा, जीतू मारवाड़ी, बूटी बौहरे जी, बौहरे सत्य जी, बंशी वर्मा, विशाल सोनी, अभिषेक रंगीला सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।

रानी पद्मावती पर टिप्पणी को लेकर हाथरस में एफआईआर की मांग, करणी सेना का अल्टीमेटम

​हाथरस। रानी पद्मावती (माता पद्मिनी) के ऐतिहासिक एवं पवित्र ‘जौहर’ तथा क्षत्रिय समाज की भावनाओं पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में अभिनेत्री स्वरा भास्कर की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। इस विवादित बयान के विरोध में शुक्रवार को करणी सेना के पदाधिकारियों ने हाथरस गेट कोतवाली पहुंचकर पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपा और स्वरा भास्कर के खिलाफ तत्काल प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर कठोर कार्रवाई करने की मांग की।
​करणी सेना के जिलाध्यक्ष राणा ऋषि प्रताप सिंह के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में कहा कि माता पद्मावती संपूर्ण भारतवर्ष की आन-बान-शान हैं और देश उन्हें अत्यंत श्रद्धा व सम्मान की दृष्टि से देखता है। स्वरा भास्कर द्वारा उनके महान बलिदान ‘जौहर’ को लेकर की गई अमर्यादित टिप्पणी से न केवल क्षत्रिय समाज, बल्कि सनातन धर्म में आस्था रखने वाले प्रत्येक नागरिक की भावनाएं आहत हुई हैं।
​जिलाध्यक्ष राणा ऋषि प्रताप सिंह ने कहा कि सोशल मीडिया पर इस टिप्पणी के पर्याप्त इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य और वीडियो रिकॉर्डिंग उपलब्ध हैं। पुलिस को इन साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच कर कठोर कानूनी कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के लिए ऐतिहासिक और धार्मिक प्रतीकों का अपमान करने वालों को कड़ा सबक मिल सके।

​इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के प्रदेश प्रवक्ता राणा मुनि प्रताप सिंह सहित करणी सेना के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष अभिषेक सिसोदिया, ब्रजप्रांत उपाध्यक्ष जुगेंद्र सिंह सिसोदिया, ब्रज प्रांत महामंत्री राज सिसोदिया, महामंत्री विशाल पचौरी, अमन प्रताप सिसोदिया तथा मोर मुकुट सिंह सिसोदिया सहित तमाम प्रमुख पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि इस मामले में जल्द से जल्द एफआईआर दर्ज कर ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो करणी सेना आंदोलन को और तेज करने के लिए बाध्य होगी।

बच्चों को स्कूल जाने का रास्ता नहीं, प्लॉटों से होकर पहुंचने को मजबूर छात्र और शिक्षक, राष्ट्रीय महासचिव प्रवीन वार्ष्णेय के नेतृत्व में एडीएचआर टीम ने किया स्थलीय निरीक्षण

हाथरस। जनपद के विकास खण्ड मुरसान स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय, मथु की बदहाल स्थिति को लेकर आज एसोसिएशन ऑफ डेमोक्रेटिक हृयूमन राइट्स (एडीएचआर) की टीम ने राष्ट्रीय महासचिव प्रवीन वार्ष्णेय के नेतृत्व में विद्यालय का स्थलीय भ्रमण कर वास्तविक हालातों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान विद्यालय का मुख्य मार्ग अत्यंत दयनीय एवं नारकीय स्थिति में पाया गया। स्कूल तक पहुंचने वाला रास्ता कीचड़, दलदल और जलभराव से पूरी तरह अटा पड़ा है। स्थिति इतनी गंभीर है कि बच्चों के लिए विद्यालय तक सुरक्षित पहुंचना भी मुश्किल हो गया है। विद्यालय में पढ़ने वाले नौनिहाल छात्र-छात्राओं के साथ-साथ शिक्षक एवं अन्य स्टाफ भी मुख्य मार्ग के बजाय बराबर स्थित प्लॉटों से होकर विद्यालय पहुंचने को मजबूर हैं।

स्कूल अंदर से एकदम सही और व्यवस्थित रूप से अच्छा है

स्थानीय ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पानी की निकासी के लिए पूर्व में उपलब्ध रास्ते को आगे की ओर अवरुद्ध कर दिया गया है, जिसके कारण जलभराव की समस्या लगातार बनी हुई है। ग्रामीणों के अनुसार पानी की निकासी का उचित प्रबंध न होने से विद्यालय के मुख्य मार्ग की स्थिति दिन-प्रतिदिन खराब होती जा रही है।

80 वर्ष की आजादी के बाद भी बच्चों को सुरक्षित स्कूल मार्ग उपलब्ध नहीं होना दुर्भाग्यपूर्ण : प्रवीन वार्ष्णेय

एडीएचआर के राष्ट्रीय महासचिव प्रवीन वार्ष्णेय ने विद्यालय की स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि देश को आजाद हुए लगभग 80 वर्ष और भारतीय संविधान लागू हुए 76 वर्ष हो चुके हैं, लेकिन आज भी अनेक स्थानों पर बच्चों को गुणवत्तापूर्ण एवं सम्मानजनक शिक्षा के साथ-साथ विद्यालय तक पहुंचने की मूलभूत सुविधा भी उपलब्ध नहीं हो पा रही है।

जिलाध्यक्ष कमलकांत दोवराबाल ने कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकों और भवनों तक सीमित नहीं है। जब बच्चे सुरक्षित रूप से विद्यालय तक पहुंच ही नहीं सकते, तब शिक्षा के अधिकार की वास्तविक भावना अधूरी रह जाती है।

राष्ट्रीय महासचिव प्रवीन वार्ष्णेय ने कहा कि गांव की राजनीति और व्यक्तिगत हितों से ऊपर उठकर सबसे पहले बच्चों के सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए। किसी भी गांव का भविष्य उसके बच्चों से जुड़ा होता है और बच्चों की शिक्षा एवं सुरक्षा के साथ किसी प्रकार की उपेक्षा स्वीकार नहीं की जा सकती।

एसडीएम सदर राज बहादुर से मिलकर कराया गया समस्या से अवगत

विद्यालय के स्थलीय निरीक्षण के बाद एडीएचआर की टीम ने सबसे पहले उपजिलाधिकारी सदर राज बहादुर से मुलाकात कर विद्यालय की वास्तविक स्थिति से अवगत कराया। टीम ने बताया कि समस्या का स्थायी समाधान केवल अस्थायी सफाई या मिट्टी डालने से संभव नहीं है।

एडीएचआर ने मांग की कि उपजिलाधिकारी के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम द्वारा संबंधित चकरोड की विधिवत पैमाइश कराई जाए। इसके पश्चात विकास खण्ड स्तर से आवश्यक कार्रवाई करते हुए मार्ग को सुचारु कराया जाए तथा जलभराव की स्थायी समस्या के समाधान के लिए पानी निकासी हेतु उचित नाली अथवा निकासी व्यवस्था विकसित की जाए।

राष्ट्रीय महासचिव ने कहा कि जब तक राजस्व विभाग द्वारा वास्तविक स्थिति स्पष्ट करते हुए चकरोड की नापतौल नहीं कराई जाती और प्रशासनिक स्तर पर पानी निकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित नहीं की जाती, तब तक इस गंभीर समस्या का समाधान संभव नहीं है।

खण्ड विकास कार्यालय मुरसान पहुंची एडीएचआर टीम

इसके उपरांत एडीएचआर की टीम विकास खण्ड मुरसान पहुंची और संबंधित अधिकारियों से भी इस गंभीर समस्या के संबंध में वार्ता की। टीम ने अधिकारियों के समक्ष विद्यालय तक पहुंचने वाले बच्चों और शिक्षकों की कठिनाइयों को विस्तार से रखा।

बताया गया कि खण्ड विकास अधिकारी, मुरसान द्वारा भी उपजिलाधिकारी सदर को चकरोड की पैमाइश कराए जाने के संबंध में पत्र लिखा गया है, जिससे स्पष्ट है कि समस्या के समाधान के लिए प्रशासनिक एवं विभागीय स्तर पर कार्रवाई की आवश्यकता महसूस की जा रही है।

स्कूलों की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए अभियान के रूप में कार्य कर रहा है एडीएचआर

राष्ट्रीय महासचिव प्रवीन वार्ष्णेय ने कहा कि एडीएचआर जनपद में सरकारी विद्यालयों की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए एक अभियान के रूप में कार्य कर रहा है। संगठन का उद्देश्य केवल समस्याओं को उजागर करना नहीं, बल्कि संबंधित विभागों और प्रशासन के सहयोग से उनका स्थायी समाधान सुनिश्चित कराना है।

उन्होंने कहा कि विद्यालयों में बच्चों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण, बेहतर भवन, शुद्ध पेयजल, शौचालय, पर्याप्त शिक्षक, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा सुरक्षित आवागमन जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन और समाज दोनों की जिम्मेदारी है।

प्रवीन वार्ष्णेय ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि एडीएचआर तब तक शांत नहीं बैठेगा, जब तक उच्च प्राथमिक विद्यालय मथु व जनपद के सभी सरकारी स्कूलों के बच्चों की इस गंभीर समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो जाता। यदि संबंधित विभागों द्वारा समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन बच्चों के अधिकारों और सुरक्षित शिक्षा व्यवस्था के लिए आंदोलन करने से भी पीछे नहीं हटेगा।

उन्होंने कहा कि यह किसी व्यक्ति विशेष या राजनीति का विषय नहीं, बल्कि गांव के बच्चों के भविष्य और उनके संवैधानिक अधिकारों से जुड़ा गंभीर मामला है। एडीएचआर की मांग है कि प्रशासन इस प्रकरण को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए तत्काल स्थलीय जांच, चकरोड की पैमाइश और पानी निकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करे, ताकि नौनिहाल बच्चों को कीचड़ और दलदल से होकर स्कूल जाने की मजबूरी से मुक्ति मिल सके।

एडीएचआर का स्पष्ट संदेश है

“बच्चों की शिक्षा और सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा। स्कूल तक सुरक्षित रास्ता प्रत्येक बच्चे का अधिकार है।”

आज के स्थलीय भ्रमण मे रवि गुप्ता, बाल प्रकाश वार्ष्णेय आदि लोग उपस्थित रहे

युवा ही भारत की ताकत, राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका अहम : विभाग प्रचारक गोविंद ,आरएसएस ने किया युवा पहलवानों के साथ संवाद

हाथरस। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष में हो रहे विभिन्न कार्यक्रमों की श्रंखला में इगलास रोड स्थित एक कोल्ड स्टोर के प्रांगण में ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में युवा पहलवानों एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। मुख्य वक्ता हरिगढ़ विभाग प्रचारक गोविंद ने युवाओं से संवाद करते हुए राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
उन्होंने कहा कि युवा ही भारत की सबसे बड़ी ताकत हैं। बलशाली शरीर, जागरूक सोच और मजबूत चरित्र वाला युवा ही देश एवं राष्ट्र की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने युवाओं से जागरूक रहने तथा समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को समझने का आह्वान किया।
गोविंद ने कहा कि भारत में विविध रंग, जाति, मत और विचार हो सकते हैं, लेकिन जब देश के सामने कोई चुनौती आती है तो हम सभी को एकजुट होकर उसका मुकाबला करना चाहिए। गोविंद ने कहा कि आरएसएस का उद्देश्य समाज को जोड़ना, भारत के विकास को गति देना और स्वाभिमान से युक्त युवाओं की मजबूत पीढ़ी तैयार करना है।


उन्होंने कहा कि भारत कमजोर देश नहीं है। देश को कमजोर करने के लिए विदेशी षड्यंत्रकारियों द्वारा प्रयास किए जाते रहे हैं, लेकिन भारत की एकता, संस्कृति और युवा शक्ति इन चुनौतियों का सामना करने में सक्षम है। उन्होंने युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना जागृत करते हुए कहा कि हमें संकल्प लेना चाहिए कि देश के लिए जिएंगे और देश के लिए अपना सर्वस्व समर्पित करेंगे।
उन्होंने स्वामी विवेकानंद के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत की संस्कृति और आध्यात्मिक परंपरा पूरी दुनिया को जीवन जीने का मार्ग दिखाने की क्षमता रखती है। युवा राष्ट्र निर्माण, सामाजिक एकता और अपने व्यक्तित्व विकास का संकल्प लें। कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवी रामवीर सिंह ने की। इस अवसर पर विभिन्न अखाड़ों के युवा पहलवान मौजूद रहे।

You cannot copy content of this page