Breaking News
रानी पद्मावती पर टिप्पणी को लेकर हाथरस में एफआईआर की मांग, करणी सेना का अल्टीमेटम

​हाथरस। रानी पद्मावती (माता पद्मिनी) के ऐतिहासिक एवं पवित्र ‘जौहर’ तथा क्षत्रिय समाज की भावनाओं पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में अभिनेत्री स्वरा भास्कर की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। इस विवादित बयान के विरोध में शुक्रवार को करणी सेना के पदाधिकारियों ने हाथरस गेट कोतवाली पहुंचकर पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपा और स्वरा भास्कर के खिलाफ तत्काल प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर कठोर कार्रवाई करने की मांग की।
​करणी सेना के जिलाध्यक्ष राणा ऋषि प्रताप सिंह के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में कहा कि माता पद्मावती संपूर्ण भारतवर्ष की आन-बान-शान हैं और देश उन्हें अत्यंत श्रद्धा व सम्मान की दृष्टि से देखता है। स्वरा भास्कर द्वारा उनके महान बलिदान ‘जौहर’ को लेकर की गई अमर्यादित टिप्पणी से न केवल क्षत्रिय समाज, बल्कि सनातन धर्म में आस्था रखने वाले प्रत्येक नागरिक की भावनाएं आहत हुई हैं।
​जिलाध्यक्ष राणा ऋषि प्रताप सिंह ने कहा कि सोशल मीडिया पर इस टिप्पणी के पर्याप्त इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य और वीडियो रिकॉर्डिंग उपलब्ध हैं। पुलिस को इन साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच कर कठोर कानूनी कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के लिए ऐतिहासिक और धार्मिक प्रतीकों का अपमान करने वालों को कड़ा सबक मिल सके।

​इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के प्रदेश प्रवक्ता राणा मुनि प्रताप सिंह सहित करणी सेना के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष अभिषेक सिसोदिया, ब्रजप्रांत उपाध्यक्ष जुगेंद्र सिंह सिसोदिया, ब्रज प्रांत महामंत्री राज सिसोदिया, महामंत्री विशाल पचौरी, अमन प्रताप सिसोदिया तथा मोर मुकुट सिंह सिसोदिया सहित तमाम प्रमुख पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि इस मामले में जल्द से जल्द एफआईआर दर्ज कर ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो करणी सेना आंदोलन को और तेज करने के लिए बाध्य होगी।

Unknown's avatar

आशीष सेंगर

 aashishsengar@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page