Breaking News
वरिष्ठ पत्रकार दीपेश भारद्वाज की पत्नी सीमा भारद्वाज के निधन पर शोक सभा आयोजित

हाथरस। वरिष्ठ पत्रकार दीपेश भारद्वाज की पत्नी सीमा भारद्वाज का मंगलवार को आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन के समाचार से पत्रकार जगत में शोक की लहर दौड़ गई।

रामलीला मैदान स्थित प्रेस क्लब ऑफ हाथरस के कार्यालय पर अध्यक्ष उमाशंकर जैन की अध्यक्षता में शोक सभा आयोजित की गई। सभा में उपस्थित पत्रकारों ने दिवंगत आत्मा के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए गहरा दुख व्यक्त किया।
अध्यक्ष उमाशंकर जैन ने कहा कि अचानक स्वास्थ्य खराब होने और रक्तचाप बढ़ने के कारण उनकी तबीयत बिगड़ने के कारण उनकाआकस्मिक निधन हो गया। उन्होंने कहा कि ईश्वर के आगे किसी का वश नहीं चलता। जिसकी जितनी आयु निर्धारित होती है, वह उतनी ही सांस ले पाता है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति दें।
सभा के अंत में सभी ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और “ॐ शांति” का उच्चारण किया।
शोक सभा में प्रमुख रूप से क्लब के वरिष्ठ उपाध्यक्ष पुष्कर कुमार, राजदीप तोमर, बृजेश मिश्र, शुभम गुप्ता, जिनेंद्र जैन, पुनीत उपाध्याय, आशीष सेंगर,आयोग दीपक,विनीत चौरसिया, उमाकांत पुंढीर, पुलकित जैन, उमाकांत बॉबी, मोनू कुरैशी, शैलेंद्र कुमार सिंह आदि उपस्थित रहे।

सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज लेबर कॉलोनी हाथरस में छात्र संसद एवं कन्या भारती शपथ ग्रहण समारोह संपन्न

हाथरस। सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज लेबर कॉलोनी में आज छात्र संसद एवं कन्या भारती का शपथ ग्रहण समारोह बड़े ही उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन, गायत्री मंत्र एवं सरस्वती वंदना के साथ किया गया। समारोह में विद्यालय परिवार के साथ अनेक गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक मनोज अग्निहोत्री, प्रधानाचार्य लोकेंद्र नाथ शर्मा, प्रबंध समिति सदस्य एवं रिटायर अभियंता महेश चन्द्र तिवारी, दिनेश कुमार भारद्वाज सहित अन्य सम्मानित अतिथि उपस्थित रहे।


कार्यक्रम का प्रभावी संचालन राजेश जी आचार्य ने किया। कन्या भारती प्रमुख बीता सिंह एवं छात्र संसद प्रमुख महेश कुमार भारद्वाज के निर्देशन में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।
कन्या भारती में मानवी वार्ष्णेय को प्रधानमंत्री, अर्चना परमार को सेनापति तथा माधवी श्रोती को न्यायाधीश पद की शपथ दिलाई गई। वहीं छात्र संसद में नितिन उपाध्याय को प्रधानमंत्री, भूपेंद्र को सेनापति एवं ध्रुव कौशिक को न्यायाधीश पद की जिम्मेदारी सौंपी गई।
समारोह को संबोधित करते हुए अतिथियों ने विद्यार्थियों को अनुशासन, नेतृत्व, सेवा भावना एवं राष्ट्रभक्ति के आदर्शों पर चलने की प्रेरणा दी। प्रधानाचार्य लोकेंद्र नाथ शर्मा ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, उत्तरदायित्व एवं संगठनात्मक कौशल का विकास करती हैं।
कार्यक्रम का समापन शांति मंत्र के साथ हुआ एवं सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएँ दी गईं तथा उपस्थित अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया।

अज्ञात शव का किया धार्मिक रीति-रिवाज से दाह संस्कार

हाथरस। व्यक्ति के मानव अधिकारों के संरक्षण और संवर्धन का कार्य कर रही एसोसिएशन ऑफ डेमोक्रेटिक हृयूमन राइट्स संस्था अज्ञात शवों के धार्मिक रीति-रिवाज से दाह संस्कार का कार्य कर रही है
अज्ञात शव को एडीएचआर की देखरेख और समाजसेवी सुनीत आर्य के नेतृत्व में दाहसंस्कार किया गया जिसके दाहसंस्कार की व्यवस्था मे एडीएचआर उपाध्यक्ष हर्ष मित्तल का पूर्णरूपेण सहयोग रहा ।
कोतवाली हाथरस जंक्शन के अंतर्गत 10 म ई को रेलवे ट्रैक सलेमपुर पर एक क्षत-विक्षत शव मिला जिसकी उम्र लगभग 26 वर्ष थी जिसने काली पेंट,काली टी शर्ट पहन रखी थी सीधे हाथ पर लव यू मां और सीने पर सुमन लिखा हुआ था
पुलिस द्वारा शव को शिनाख्त के लिए 72 घंटे रखा शव की शिनाख्त न होने के कारण शव को थाना पुलिस द्वारा लावारिस घोषित कर पोस्टमार्टम कराया गया उसके उपरांत पुलिस द्वारा समाजसेवी सुनीत आर्य व प्रवीन वार्ष्णेय से शव के अंतिम संस्कार के लिए अनुरोध किया गया समाजसेवियों द्वारा उपरोक्त शव का हिंदू रीति रिवाज दाहसंस्कार किया
अंतिम संस्कार में प्रवीन वार्ष्णेय राष्ट्रीय महासचिव एसोसिएशन ऑफ डेमोक्रेटिक ह्यूमन राइट्स समाजसेवी सुनीत आर्या,एनएसएस अध्यक्ष सुनील अग्रवाल,आयोग दीपक ,बंटी भाई कपड़े वाले साथ में तरुण राघव,नीरज गोयल, कांस्टेबल 441 रमन यादव, रिक्रूट शोर्य चौधरी आदि मौजूद रहे

सी0बी0एस0ई0 इण्टरमीडिएट में एम0एल0डी0वी0 के छात्र-छात्राओं ने किया शानदार प्रदर्शन

हाथरस। एम0एल0डी0वी0 के छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुये फिर से लहराया सफलता का परचम
सी0बी0एस0ई0 इण्टरमीडिएट बोर्ड परीक्षा में एम0एल0डी0वी0 पब्लिक इण्टर काॅलेज के छात्र-छात्राओं ने उत्कृष्ट कोटि का परीक्षाफल देकर जनपद में विद्यालय का नाम रोशन किया है। हर्षवर्धन शर्मा ने 95.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में टाॅप किया है। जाॅनी सिंह ने 93.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर द्वितीय, पारूल ने 92.0 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तृतीय, श्रेयश शर्मा ने 90.0 प्रतिशत अंक प्राप्त चतुर्थ एवं निराली गुप्ता ने 89.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर पंचम स्थान प्राप्त किया है। इसके अतिरिक्त 24 छात्र-छात्रायें सम्मान सहित तथा 60 छात्र-छात्रायें प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुये। हर वर्ष एम0एल0डी0वी0 देता है शानदार प्रदर्शन, इसी परम्परा को आगे बढ़ाते हुये, इस वर्ष भी विद्यालय ने जनपद में अपनी मजबूत शैक्षिक पहचान स्थापित की है। इस सब का श्रेय विद्यालय के उत्कृष्ट वातावरण, श्रेष्ठ अनुशासन, अभिभावकों के निरन्तर सहयोग एवं शिक्षक तथा छात्र-छात्राओं के कठिन परिश्रम को जाता है।
काॅलेज के चेयरमैन स्वतंत्र कुमार गुप्त, कार्डिनेटर शैलकान्ता शर्मा, प्रशासनिक प्रमुख हर्षित गुप्ता (एड.), प्रधानाचार्या पूनम वाष्र्णेय, शाजिया रफीक खान, हिमांशु वाष्र्णेय, हर्ष सिंघल, पुनीत कुमार गुप्ता, पुनीत वाष्र्णेय, जीतू अरोरा, मुस्कान शर्मा, सत्यवती एवं समस्त स्टाफ ने प्रतिभाशाली छात्रों एवं उनके अभिभावकों को हार्दिक बधाई देते हुये कामना की है कि यह छात्र-छात्रायें निरन्तर ऊँचाईयों की ओर अग्रसर होते हुये अपने परिवार एवं विद्यालय का नाम रोशन करेंगे।

पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान–2026 का हुआ आयोजन, सदर विधायक रही मौजूद

हाथरस। श्री कृष्णा फार्म हाउस दयानत पुर अलीगढ़ रोड पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान–2026 का आयोजन किया गया।
जिसमें विधानसभा हाथरस के सभी पदाधिकारियों एवं समर्पित कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर ने भारत माता के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलित कर किया। पं दीन दयाल उपाध्यय के चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया। इस अवसर पर कार्य क्रम की प्रथम सत्र के मुख्य वक्ता भारतीय जनता पार्टी उपाध्यक्ष सुनील गौतम रहे। उन्होंने भाजपा का इतिहास एवं विकास पर विस्तार से चर्चा की। वक्ताओं ने कहा कि हमारा उद्देश्य केबल सम्पर्क ही नहीं बल्कि समाज की आवश्यकताओं को समझकर उन्हें राष्ट्र और समग्र विकास की विचार धारा से जोड़ना है एवं संगठन को और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाने, के लिए कार्यकर्ताओं की भूमिका को मजबूत करने तथा जनहित से जुड़े विषयों को प्राथमिकता देने पर विशेष रूप से विचार-विमर्श किया एवं पन्ना प्रमुख से लेकर पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों से संवाद करना आवश्यक है । इस अवसर इस अवसर पर दर्जनों भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। संचालन सभासद संजय सक्सेना ने किया।

3 दिन लगेंगे विशेष आधार शिविर ,नए आधार , मोबाइल नंबर अपडेट, पता परिवर्तन सहित अन्य सुधार भी करायें

हाथरस । मुख्य विकास अधिकारी, हाथरस द्वारा अवगत कराया गया है कि जनसामान्य की सुविधा हेतु आधार संबंधी सेवाओं के लिए 03 दिवसीय विशेष आधार शिविर का आयोजन दिनांक 13 मई, 2026 से 15 मई, 2026 तक किया जाएगा। शिविर प्रतिदिन प्रातः 10:00 बजे से संचालित होंगे।
जनपद की तहसील सिकंदराराऊ, तहसील सासनी परिसर में तथा तहसील हाथरस क्षेत्र के नागरिकों हेतु कैम्प मुख्य डाकघर एवं विकास भवन परिसर में आयोजित किए जाएंगे। शिविर का आयोजन प्रवर डाक अधीक्षक, अलीगढ़ मंडल, अलीगढ़ के सहयोग से किया जा रहा है।
शिविर के दौरान आधार नामांकन, आधार में संशोधन, मोबाइल नंबर अपडेट, पता परिवर्तन सहित आधार से संबंधित विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। ऐसे नागरिक जिन्हें आधार संबंधी किसी भी प्रकार का कार्य कराना हो, वे निर्धारित तिथि एवं समय पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर शिविर का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
डाक विभाग एवं प्रशासन द्वारा नागरिकों से अपील की गई है कि वे समय से पहुंचकर आधार संबंधी कार्यों को सुगमता एवं सुविधा के साथ संपन्न कराएं।
विकास भवन परिसर में आयोजित विशेष कैम्प में नए आधार कार्ड बनाए जाने का कार्य नहीं किया जाएगा, जबकि अन्य समस्त स्थलों पर नए आधार कार्ड बनाए जाने के साथ-साथ आधार से संबंधित सभी कार्य संपादित किए जाएंगे।

पेपर लीक के आरोपों के बाद NEET UG 2026 परीक्षा रद्द, हाथरस में 1107 अभ्यर्थियों ने दी थी परीक्षा

हाथरस। मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET UG 2026 को लेकर बड़ा फैसला सामने आया है। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने 3 मई को आयोजित हुई NEET UG 2026 परीक्षा को पेपर लीक और अनियमितताओं के आरोपों के बाद रद्द कर दिया है। अब परीक्षा दोबारा आयोजित की जाएगी, जिसकी नई तिथि जल्द घोषित की जाएगी। बताया जा रहा है कि राजस्थान में कथित “गेस पेपर” लीक मामले की जांच के दौरान कई प्रश्न वास्तविक प्रश्नपत्र से मेल खाते पाए गए, जिसके बाद केंद्र सरकार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सीबीआई जांच के आदेश दिए हैं। NTA ने कहा है कि परीक्षा की पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए परीक्षा को निरस्त करना आवश्यक था। देशभर में इस परीक्षा में करीब 22 लाख अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया था। परीक्षा रद्द होने के बाद छात्रों और अभिभावकों में भारी नाराजगी और चिंता का माहौल है। कई छात्र संगठनों ने विरोध प्रदर्शन भी शुरू कर दिए हैं। वहीं हाथरस जिले में भी NEET UG 2026 परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों में मायूसी देखी जा रही है। जिले के 3 परीक्षा केंद्रों पर कुल 1107 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी थी। परीक्षा रद्द होने की सूचना मिलने के बाद छात्र अब दोबारा परीक्षा की तैयारी को लेकर चिंता में हैं। अभ्यर्थियों का कहना है कि उन्होंने लंबे समय तक मेहनत कर परीक्षा दी थी, लेकिन पेपर लीक की घटनाओं के कारण उनका भविष्य प्रभावित हो रहा है। NTA ने स्पष्ट किया है कि दोबारा परीक्षा के लिए छात्रों को नया पंजीकरण नहीं करना होगा। पूर्व में किए गए आवेदन मान्य रहेंगे और नए एडमिट कार्ड जारी किए जाएंगे। परीक्षा शुल्क भी दोबारा नहीं लिया जाएगा।

दो माह बाद भी आरोपियों पर नहीं हुई कार्यवाही , अभिलाष के परिजनों ने सीओ सिटी कार्यालय के बाहर किया धरना प्रदर्शन

हाथरस। थाना हाथरस गेट क्षेत्र के गांव तमना गढ़ी निवासी युवक अभिलाष की मारपीट में घायल होने के बाद मौत के मामले में कार्रवाई न होने से नाराज परिजनों ने मंगलवार को तहसील सदर परिसर स्थित सीओ सिटी कार्यालय के बाहर शांतिपूर्ण धरना किया। परिजनों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। बताया गया कि 16 मार्च 2026 की रात करीब 10:30 बजे सलेमपुर महादेव स्थित एचपी पेट्रोल पंप के पास एक बस चालक और बुलेट बाइक सवार युवकों के बीच विवाद हो गया था। विवाद के बाद बाइक सवार तीन युवक बस का पीछा करते हुए तमना गढ़ी पहुंच गए, जहां उन्होंने मारपीट और पथराव किया। इस दौरान अभिलाष गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे उपचार के लिए अलीगढ़ के निजी अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक अभिलाष अविवाहित था और परिवार का इकलौता बेटा बताया गया है। परिजनों का आरोप है कि घटना को करीब दो महीने बीत जाने के बाद भी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। इस के दौरान परिजनों ने थाना प्रभारी पर भी लापरवाही के आरोप लगाए।

राज्य महिला आयोग की सदस्य रेनू गौड़ ने किया वी आर अथर्ववेदा फार्मास्यूटिकल्स का निरीक्षण, महिलाओं के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं को सराहा

हाथरस। राज्य महिला आयोग की सदस्य रेनू गौड़ ने शुक्रवार को वी आर अथर्ववेदा फार्मास्यूटिकल्स प्राइवेट लिमिटेड का दौरा कर फैक्ट्री की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान कंपनी परिसर में उनका भव्य स्वागत किया गया। फैक्ट्री संचालक अजय शर्मा एवं विशेष शर्मा ने फूल-माला और पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया।

निरीक्षण के दौरान रेनू गौड़ ने फैक्ट्री में कार्यरत महिला कर्मचारियों से सीधे संवाद कर उनके कार्यस्थल, सुरक्षा व्यवस्था, सुविधाओं और कार्य वातावरण के बारे में जानकारी प्राप्त की। महिला कर्मचारियों ने बताया कि कंपनी प्रबंधन द्वारा उन्हें सुरक्षित एवं सकारात्मक कार्य वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है तथा कार्यस्थल पर सभी आवश्यक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाता है।

राज्य महिला आयोग की सदस्य ने फैक्ट्री में महिलाओं के लिए बनाए गए वातावरण की सराहना करते हुए कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए जिस प्रकार की व्यवस्थाएं यहां की गई हैं, वे अन्य संस्थानों और फैक्ट्रियों के लिए भी प्रेरणादायक हैं। उन्होंने कहा कि महिला कर्मचारियों को बेहतर माहौल मिलने से उनका आत्मविश्वास बढ़ता है और कार्य क्षमता में भी सकारात्मक सुधार होता है।

इस अवसर पर रीता शर्मा, डॉ. शिवांगी शर्मा, रिया शर्मा सहित कंपनी के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान कंपनी प्रबंधन ने महिला सशक्तिकरण, कार्यस्थल सुरक्षा और बेहतर औद्योगिक वातावरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी दोहराई।

उ0प्र0 राज्य महिला आयोग की सदस्या ने की जनसुनवाई

हाथरस। महिलाओं के अधिकारों की सुरक्षा, महिला उत्पीड़न की घटनाओं की प्रभावी रोकथाम तथा पीड़ित महिलाओं को त्वरित एवं सुलभ न्याय उपलब्ध कराए जाने के उद्देश्य से तहसील सदर सभागार कक्ष, अलीगढ़ रोड, हाथरस में महिला जनसुनवाई एवं समीक्षा बैठक का आयोजन उ0प्र0 राज्य महिला आयोग, लखनऊ की मा० सदस्या श्रीमती रेनू गौड़ की अध्यक्षता में किया गया।
जनसुनवाई के दौरान घरेलू हिंसा से संबंधित 03 प्रकरणों सहित उत्पीड़न एवं अन्य समस्याओं से जुड़े कुल 08 प्रकरण प्राप्त हुए। मा० सदस्या द्वारा प्रत्येक मामले की गंभीरतापूर्वक सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी प्रकरणों में नियमानुसार त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए, ताकि पीड़ित महिलाओं को समयबद्ध न्याय मिल सके।
बैठक के दौरान मा० सदस्या श्रीमती रेनू गौड़ ने महिला थाना स्तर पर प्राप्त प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने महिला थानाध्यक्ष को निर्देश दिए कि लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा पीड़ित महिलाओं को न्याय दिलाने में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा एवं सम्मान शासन की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में शामिल है तथा सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ संवेदनशीलता एवं तत्परता से कार्य करें।
मा० सदस्या ने उपस्थित अधिकारियों से महिला कल्याण एवं सुरक्षा से संबंधित संचालित योजनाओं की प्रगति की जानकारी प्राप्त करते हुए कहा कि शासन द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ पात्र महिलाओं तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए। साथ ही महिला उत्पीड़न से जुड़े मामलों में पीड़ितों को समुचित परामर्श, संरक्षण एवं विधिक सहायता उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक प्रतिनिधि, पूर्ति निरीक्षक हाथरस, महिला थाना अध्यक्ष रितु तोमर, महिला कल्याण विभाग से डीएमसी मोनिका दीक्षित, संरक्षण अधिकारी विमल शर्मा, फारिया नोशी, सीमा, कैलाश चंद, बंटी कुशवाह, मोहित, पी.एल.वी. साहब सिंह सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

You cannot copy content of this page